सलमान खान के रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ के दिवाली स्पेशल एपिसोड में इस बार खूब हंगामा देखने को मिला. शो में कॉमेडियन गौरव गुप्ता बतौर गेस्ट पहुंचे थे. उन्होंने स्टेज पर अपने रोस्टिंग सेगमेंट के दौरान कंटेस्टेंट स्काउटओपी और लव गिल के रिश्ते को लेकर कई मजाक किए.
हालांकि, उनकी ये बातें स्काउट और लव को बिल्कुल पसंद नहीं आईं. दोनों गौरव पर भड़क गए और उनके जोक्स को हद से बाहर बताया. वहीं, स्काउट ने घर के अंदर भी गौरव को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की.
स्काउट और लव गिल के रिश्ते पर गौरव गुप्ता ने किए मजाक
दिवाली स्पेशल एपिसोड में गौरव गुप्ता ने सबसे पहले स्काउटओपी के लुक और पैसे आने के बाद उनके बदले अंदाज को लेकर मजाक किया. उन्होंने कहा, ‘स्काउट भाई की शक्ल देखो, थोड़ी उदास सी है, जैसे जिंदगी में कुछ रह गया हो. लेकिन जैसे ही ये लव गिल के पास आता है, ये स्काउट से स्प्राउट हो जाता है. मां कसम, ऐसा खिलता है ना ये.’
इसके बाद गौरव ने स्काउट के मसाज सेशन को लेकर भी तंज कसा. उन्होंने कहा, ‘पूरे बिग बॉस के घर में सबसे ज्यादा फेमिनिस्ट आदमी स्काउट है, क्योंकि इन्होंने बता दिया है कि जन्नत औरत के पैरों में ही होती है.’
Yes… #GauravGupta crossed the line. He repeatedly made personal remarks and passed comments at #ScoutOP until things reached a breaking point. Scout finally gave it back, and now people are blaming him? Enough is enough. Scout had every right to stand up for himself. He is 100% justified. 🔥 #BiggBoss20 #BB20 #BiggBoss20
— Hemant Mathur (@ScoutVerseIndia) November 7, 2026
गर्लफ्रेंड काशवी हिरानंदानी का नाम लेकर भी ली चुटकी
गौरव गुप्ता ने स्काउट की गर्लफ्रेंड काश्वी हिरानंदानी और लव गिल के साथ उनकी बॉन्डिंग को लेकर भी मजाक किया. उन्होंने कहा, ‘ये स्काउट भाई रिलेशनशिप में भी हैं काश्वी जी के साथ. स्काउट भाई, आप तो गेमर आदमी हैं. आपको पता है कि गेम खेलते समय एक ही रिमोट रखना चाहिए, लेकिन इन्होंने तो दो रिमोट रखे हुए हैं. इन्होंने लव गिल से ये भी कहा है कि मुझे तुममें काश्वी दिखती है.’
हालांकि, स्काउट ने इस बात से इनकार किया. वहीं, जब गौरव ने लव गिल को लेकर मजाक किया, तो वो नाराज हो गईं. उन्होंने कॉमेडियन से कहा, ‘आपको थेरेपी की जरूरत है.’
इसके बाद दोनों के बीच थोड़ी बहस भी हुई. गौरव ने इस दौरान सलमान खान और रोहित शेट्टी का जिक्र करते हुए कहा, ‘लव गिल मैम को तो मैं कुछ बोल भी नहीं सकता. जब ये रोहित शेट्टी सर या सलमान भाई की नहीं सुनतीं, तो मेरी क्या सुनेंगी.’
इस पर लव ने जवाब दिया, ‘उनकी मैं इज्जत करती हूं, लेकिन आप इस बात को कहीं और लेकर जा रहे हैं. मैं ये सब बर्दाश्त नहीं करने वाली.’
गौरव के जाने के बाद भी शांत नहीं हुआ स्काउट का गुस्सा
गौरव गुप्ता के स्टेज से जाने के बाद भी स्काउटओपी का गुस्सा शांत नहीं हुआ. वो यंग डीएसए और आम्रपाली गुप्ता के सामने अपनी नाराजगी जाहिर करते नजर आए. उन्होंने कहा, ‘मैंने तो उनका नाम तक नहीं सुना है. मैंने बहुत सारे कॉमेडियन देखे हैं और मैं देश के नंबर वन कॉमेडियन के साथ रहता हूं. ये कैसी बकवास है? मेरी जिंदगी में कई परेशानियां हो सकती हैं, लेकिन उन्हें मेरी पर्सनल लाइफ को इसमें नहीं घसीटना चाहिए था.’
स्काउट ने आगे कहा, ‘अगर मैं घर से बाहर गया, तो उन्हें जवाब दूंगा. ऐसा नहीं है कि मैं कल ही आया हूं. मजाक करना ठीक है भाई, लेकिन मेरी पर्सनल लाइफ को इसमें लाने के लिए किसने कहा था? काश्वी को बीच में लाने की क्या जरूरत थी? मैंने बहुत सारे कॉमेडियन देखे हैं. एक हद तक मजाक ठीक है, लेकिन इस तरह की निजी बातें करना बिल्कुल सही नहीं है. उन्होंने ये बात भी बना दी कि मुझे लव में काश्वी दिखती है. मैंने कब कहा ऐसा?’
‘क्या किसी को बेवकूफ समझ रखा है?’
स्काउट ने अपनी बात आगे बढ़ाते हुए कहा, ‘क्या किसी को बेवकूफ समझ रखा है कि कोई भी आएगा और कुछ भी बोलकर चला जाएगा? गेस्ट बनकर आने में कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन निजी जिंदगी को लेकर इस तरह के मजाक करने के लिए किसने कहा? ये बिल्कुल बकवास है. दो हफ्ते पहले ही घर में इतना हंगामा हुआ था. मुझे इससे कोई परेशानी नहीं होने वाली, लेकिन इसका नुकसान उन्हें ही होगा.’
उन्होंने आगे कहा, ‘मेरे चेहरे पर कौन बात कर रहा है? गेमर्स को क्या समझकर रखा है? मेरी भी कॉमेडियंस के साथ उठना-बैठना है. इसका बैकलैश उन्हें खुद झेलना पड़ेगा.’
काश्वी को पसंद नहीं स्काउट और लव की नजदीकियां
‘बिग बॉस 20’ में स्काउटओपी अपने गेम से ज्यादा पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में हैं. कंटेस्टेंट लव गिल के साथ उनकी बढ़ती नजदीकियां गर्लफ्रेंड काश्वी हीरानंदानी को बिल्कुल पसंद नहीं आ रही हैं. काश्वी ‘वीकेंड का वार’ एपिसोड में भी स्काउट को समझाने पहुंची थीं. हालांकि, इसके बाद भी स्काउट और लव की दोस्ती बरकरार है. दोनों शो में हमेशा अपने रिश्ते को भाई-बहन जैसा बताते आए हैं, लेकिन उनकी बढ़ती नजदीकियों को लेकर दर्शकों के बीच लगातार चर्चा होती रही है.
बता दें कि ‘बिग बॉस 20’ अब अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच गया है. दर्शक इस शो को ओटीटी और टेलीविजन दोनों प्लेटफॉर्म पर देख सकते हैं. ये शो डिजिटल प्लेटफॉर्म जियोहॉटस्टार पर रोजाना रात 9 बजे स्ट्रीम होता है. वहीं, टीवी पर कलर्स चैनल पर इसका टेलीकास्ट रात 10:30 बजे किया जाता है.
