उन्नाव सांसद साक्षी महाराज ने चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष के प्रदर्शन पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि अगर चुनाव व्यवस्था पारदर्शी नहीं होती तो उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी 37 लोकसभा सीटें नहीं जीत पाती. उन्नाव के गदन खेड़ा स्थित अपने आवास पर मीडिया से बातचीत करते हुए साक्षी महाराज ने कहा कि विपक्ष को चुनाव आयोग पर सवाल उठाने के बजाय चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता को समझना चाहिए.
उन्होंने कहा, “अगर चुनाव व्यवस्था बेईमान होती तो 80 के 80 हमारे होते.” उनके मुताबिक, उत्तर प्रदेश में बीजेपी को 33 और समाजवादी पार्टी को 37 सीटें मिलीं, जो इस बात का उदाहरण है कि चुनाव निष्पक्ष तरीके से हुए.
राज्यसभा चुनाव के बीच अनुप्रिया बढ़ाएंगी BJP की मुश्किल, CM योगी को लिखी चिट्ठी
‘ज्ञानेश कुमार की प्रशंसा करो, धन्यवाद करो’
साक्षी महाराज ने विपक्ष को सलाह देते हुए कहा कि उसे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन करने के बजाय उनकी प्रशंसा करनी चाहिए. उन्होंने कहा, “आपने 37 जीते, हमने 33 जीते. इसलिए ज्ञानेश कुमार की प्रशंसा करो, धन्यवाद करो और उनकी आरती उतारो.”
उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के पास अब पहले जैसा मजबूत संगठन और चुनाव लड़ने की तैयारी नहीं है. इसी वजह से वह चुनाव आयोग पर आरोप लगा रहा है. साक्षी महाराज ने कहा कि “विपक्ष के पास कार्यकर्ता हैं नहीं, चुनाव लड़ना आता नहीं और आरोप ज्ञानेश कुमार पर लगा रहे हैं.”
‘मैंने लुटते देखी हैं मत पेटियां’
साक्षी महाराज ने अपने पुराने चुनावी अनुभव का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने वह दौर भी देखा है, जब मतदान में धांधली के आरोप लगते थे. उन्होंने दावा किया कि पहले मतपेटियां तक चोरी हो जाती थीं और वोटों का डाका पड़ता था.
उन्होंने कहा, “मैंने मत पेटियां लुटते देखी हैं. पीठासीन अधिकारी खुद मुझे देता था कि वोट डाल लो.” साक्षी महाराज के मुताबिक, पहले चुनावों में चोरी और गड़बड़ी की शिकायतें आम थीं, लेकिन अब चुनाव व्यवस्था काफी बदल चुकी है.
साक्षी महाराज का यह बयान ऐसे समय आया है, जब विपक्ष चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और चुनाव प्रक्रिया को लेकर लगातार सवाल उठा रहा है.
प्रेमानंद महाराज के शिष्य रसिक दुलारी का नया वीडियो आया सामने, हुआ ये खुलासा
