Headlines

CJI पर आपत्तिजनक ट्वीट को लेकर केरल कांग्रेस अध्यक्ष को नोटिस, ‘7 दिन में जवाब दें वरना…’


चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया सूर्य कांत के बारे में पार्टी के हैंडल से हुए आपत्तिजनक ट्वीट से पल्ला झाड़ रहे केरल कांग्रेस अध्यक्ष को कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है. सुप्रीम कोर्ट के वकील और सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन के संयुक्त सचिव मीनेश दुबे ने केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सनी जोसेफ को कानूनी नोटिस भेजा है.

नोटिस में सनी जोसेफ से कहा गया है कि वह इसके मिलने के 7 दिनों के भीतर लिखित जवाब दें. ऐसा नहीं होने पर तथ्यों और कानून के आधार पर आपराधिक अवमानना की कार्यवाही शुरू करने का रास्ता अपनाया जा सकता है.

दुबे की तरफ से भेजे गए नोटिस में कहा गया है कि सिर्फ ट्वीट को डिलीट कर देना काफी नहीं है. क्या पार्टी चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया के खिलाफ आपत्तिजनक ट्वीट के लिए सार्वजनिक माफी मांगेगी? साथ ही, जिम्मेदार व्यक्ति का ब्यौरा देने और उसके खिलाफ की गई कार्रवाई की जानकारी देने को भी कहा गया है.

नोटिस के मुताबिक, 12 अक्टूबर 2026 को कांग्रेस केरल के आधिकारिक X अकाउंट से ट्वीट किया गया था, “प्रिय सूर्यकांत, अगर कानून-व्यवस्था आपके अधिकार क्षेत्र में नहीं है, तो इस्तीफा दे दीजिए. हम आपका विकल्प ढूंढ लेंगे, जो इसे संभाल सके.” नोटिस में कहा गया है कि इस बयान के ज़रिए देश के सर्वोच्च न्यायिक पद की गरिमा और स्वतंत्रता पर हमला किया गया है.

नोटिस में क्या कहा गया?

नोटिस में कहा गया है कि कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व ने इस बयान से असहमति जताई थी. वहीं, सनी जोसेफ ने कथित तौर पर कहा था कि प्रदेश नेतृत्व की जानकारी या सहमति के बिना यह पोस्ट किया गया और जिम्मेदार व्यक्ति को उसके पद से हटा दिया गया. मीनेश दुबे ने कहा है कि सिर्फ बयान से दूरी बनाना और संबंधित व्यक्ति को पद से हटाना काफी नहीं है.

अभिजीत दीपके को हिरासत में लेने पर भड़कीं ममता बनर्जी, बोलीं- ‘आप पूरी पीढ़ी को…’

नोटिस में 6 बातों पर उत्तर मांगा गया है :- 

1. ट्वीट लिखने और पोस्ट करने वाले व्यक्ति का नाम-पद बताएं. साथ ही, इसे मंजूरी देने वालों की जानकारी दें.

2. राष्ट्रीय नेतृत्व की नाराजगी के बावजूद CJI से सार्वजनिक माफी क्यों नहीं मांगी गई?

3. जिम्मेदार व्यक्ति को अकाउंट संभालने से हटाने के अलावा क्या कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है?

4. मामले की आंतरिक जांच शुरू हुई है या नहीं? पार्टी के आधिकारिक अकाउंट से ऐसा ट्वीट कैसे हुआ, यह पता लगाने के लिए क्या कदम उठाए गए हैं?

5. जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पर विचार हुआ है या नहीं? क्या पार्टी CJI से औपचारिक माफी या खेद जताएगी?

6. ट्वीट से जुड़े सभी इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड, अकाउंट एक्सेस लॉग, बातचीत और मंजूरी से जुड़े दस्तावेज सुरक्षित रखें.

पंजाब में नशे से जुड़े मामलों पर गृह मंत्रालय सख्त, पंजाब सरकार से मांगा जवाब



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *