दिल्ली के जनकपुरी में 3 साल की मासूम बच्ची के कथित यौन उत्पीड़न मामले में पीड़िता से जुड़े स्कूल की पहचान उजागर करने के आरोप में आम आदमी पार्टी (AAP) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष और मंत्री सौरभ भारद्वाज पर एफआईआर दर्ज की गई है. इसके बाद मंगलवार (2 जून) को उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर गंभीर आरोप लगाए हैं.
सौरभ भारद्वाज का दावा है कि स्कूल का प्रबंधन करने वाले ट्रस्ट में बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं से जुड़े लोग शामिल हैं. उन्होंने दावा किया, “यही कारण है कि अधिकारी और पुलिस स्कूल का नाम उजागर नहीं करना चाहते थे. जब मैंने बच्ची के परिजनों की चिंताएं उठाईं और बताया कि राजनीतिक रसूख के चलते मामले को दबाने की कोशिश हो रही है, तो मुझे निशाना बनाया गया.”
दिल्ली के उस्मानपुर इलाके में फायरिंग से हड़कंप, 12 साल के बच्चे के लगी गोली
‘पहचान उजागर करने’ के आरोप में FIR दर्ज
गौरतलब है कि दिल्ली पुलिस ने 24 मई को सौरभ भारद्वाज के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा-72 (पीड़ित की पहचान उजागर करना), किशोर न्याय अधिनियम और पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था. पुलिस का आरोप है कि भारद्वाज ने पीड़िता की पहचान उजागर की है.
मुझे बच्ची का नाम तक नहीं पता- सौरभ भारद्वाज
अपने ऊपर दर्ज हुई एफआईआर पर पलटवार करते हुए ‘आप’ नेता ने कहा, “मुझे पीड़िता या उसके माता-पिता का नाम नहीं पता है. मैंने सिर्फ स्कूल का नाम सार्वजनिक किया था. यह जानना समाज और अभिभावकों के लिए बेहद जरूरी है कि स्कूल प्रबंधन ने पीड़िता और उसके परिवार के साथ कैसा व्यवहार किया. उन्होंने पीड़िता का समर्थन करने के बजाय आरोपी का पक्ष लिया.” भारद्वाज ने स्कूल के सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के काम न करने पर भी सवाल उठाए और कहा कि जानबूझकर सबूतों को मिटाने या प्रभावित करने की कोशिश की गई है.
‘कानूनी कार्रवाई से डरने वाला नहीं’
सौरभ भारद्वाज ने स्पष्ट किया कि यह एफआईआर उन्हें चुप कराने और स्कूल का नाम लेने से रोकने के मकसद से दर्ज की गई है. उन्होंने दो टूक कहा कि वह इस मामले को उठाते समय स्कूल का जिक्र करते रहेंगे और किसी भी कानूनी कार्रवाई से डरने या परेशान होने वाले नहीं हैं. फिलहाल, सौरभ भारद्वाज के इन गंभीर आरोपों पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
Delhi News: महरौली हादसे में पुलिस का बड़ा एक्शन, बिल्डिंग मालिक करमवीर गिरफ्तार
