उत्तर भारत समेत देश के अधिकतर हिस्सों में भीषण गर्मी और लू (Heatwave) का कहर जारी है, जिससे कई शहरों में तापमान 40°C से 45°C के पार पहुंच गया है. इस बीच दिल्ली के लोगों के राहत भरी खबर है. मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में आंधी के साथ जल्द ही बारिश हो सकती है.
वहीं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने लू और आग दोनों से बचाव के लिए राज्यों को तैयार रहने के निर्देश जारी किए हैं. केंद्र सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को हीटवेव यानी लू के खतरे को लेकर और दूसरा अस्पतालों में आग की रोकथाम को लेकर एडवाइजरी जारी की है.
लू से बचाव: अप्रैल से जून तक खतरा
मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को हीटवेव यानी लू को लेकर अलर्ट जारी किया. स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि भारतीय मौसम विभाग यानी IMD के ताजा अनुमान के मुताबिक अप्रैल से जून 2026 के बीच देश के कई हिस्सों में सामान्य से ज्यादा हीटवेव के दिन आएंगे.
सबसे ज्यादा खतरा पूर्वी, मध्य और उत्तर-पश्चिम भारत के साथ-साथ दक्षिण-पूर्वी प्रायद्वीप को है. तटीय इलाकों में ओडिशा, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, पुदुचेरी और आंध्र प्रदेश भी इसकी चपेट में आ सकते हैं. इसके अलावा गुजरात, महाराष्ट्र और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भी लू का असर पड़ सकता है.
- मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को चार काम तत्काल करने के निर्देश दिए हैं.
- हर स्वास्थ्य सुविधा पर हीट स्ट्रोक मैनेजमेंट यूनिट चालू करनी होगी.
- एम्बुलेंस सेवाओं को पूरी तरह तैयार रखना होगा.
- समय पर अर्ली वार्निंग जारी करनी होगी.
- हीट स्ट्रोक के मामलों की रियल-टाइम रिपोर्टिंग IHIP पोर्टल पर करनी होगी.
- मंत्रालय ने यह भी कहा है कि राज्यों के स्वास्थ्य मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी खुद इस तैयारी की समीक्षा करें ताकि गर्मी से होने वाली मौतों को रोका जा सके.
स्वास्थ्य मंत्रालय ने जारी किया निर्देश
स्वास्थ्य मंत्रालय ने देशभर के अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में आग की रोकथाम को लेकर भी निर्देश जारी किए हैं. गृह मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले डायरेक्टरेट जनरल फायर सर्विसेज, सिविल डिफेंस एंड होम गार्ड्स के साथ मिलकर राष्ट्रीय अग्नि सुरक्षा सप्ताह 2026 मनाने का फैसला किया है. यह सप्ताह 4 मई से 10 मई 2026 तक चलेगा. इस साल का थीम है – सुरक्षित विद्यालय, सुरक्षित अस्पताल एवं अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक समाज यानी आग की रोकथाम के लिए एक साथ.
जिला स्तर के अस्पतालों और मेडिकल कॉलेज से जुड़े अस्पतालों पर खास ध्यान दिया जाएगा. सभी स्वास्थ्य संस्थानों को अपडेटेड चेकलिस्ट के जरिए फायर सेफ्टी ऑडिट करना अनिवार्य होगा. ऑडिट में सामने आई कमियों को जल्द से जल्द दूर करना होगा. मंत्रालय ने यह भी कहा कि सप्ताह के दौरान की गई गतिविधियों की तस्वीरें और वीडियो अस्पताल अपने सोशल मीडिया पर शेयर करें और कार्यक्रम खत्म होने के बाद एक्शन टेकन रिपोर्ट मंत्रालय को सौंपी जाए.
दिल्ली-एनसीआर में बारिश के आसार
दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी और तपिश के बीच मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं. IMD के अनुसार दिल्ली के कुछ इलाकों में 29 अप्रैल तक हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है, जिससे तापमान में थोड़ी राहत मिल सकती है. वहीं पूर्वी भारत में अगले एक हफ्ते के दौरान उत्तर पश्चिम भारत में 28 अप्रैल से 2 मई के दौरान और मध्य भारत में 27 अप्रैल से 1 मई के दौरान आंधी-तूफान की संभावना है.
दिल्ली में मौसम में बदलाव के संकेत मिलने के बाद इंडिगो ने एडवाइजरी जारी की है. कंपनी ने कहा, दिल्ली में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है, जिससे फ्लाइट के आने-जाने पर असर पड़ सकता है. यात्री को सलाह दी जाती है कि वे घर से निकलने से पहले हमारी वेबसाइट या ऐप पर अपनी फ्लाइट का स्टेटस https://bit.ly/4bCoWYk पर जरूर देख लें.’
ये भी पढ़ें : पुणे स्टेशन पर डिरेल हुई वंदे भारत ट्रेन, बाल-बाल बचे यात्री, जानिए कैसे हुआ हादसा
