Why Spiders Make Webs Repeatedly In House: अगर घर की सफाई करने के कुछ ही दिनों बाद फिर से कोनों, छत या फर्नीचर के पीछे मकड़ियों के जाले दिखाई देने लगते हैं, तो इसका मतलब सिर्फ इतना नहीं है कि सफाई ठीक से नहीं हुई. बार-बार जाले बनने के पीछे कई कारण हो सकते हैं. दरअसल, मकड़ियां वहीं अपना जाला बनाती हैं, जहां उन्हें सुरक्षित जगह और खाने के लिए छोटे-छोटे कीड़े आसानी से मिल जाते हैं.
घर के ऐसे हिस्से जहां लंबे समय तक सफाई नहीं होती, जैसे स्टोर रूम, अटारी, बेसमेंट, सीढ़ियों के कोने, खिड़कियों के किनारे या भारी फर्नीचर के पीछे, मकड़ियों के लिए सबसे पसंदीदा जगह बन जाते हैं. यहां शांति रहती है और इंसानों की आवाजाही भी कम होती है, इसलिए वे आसानी से जाला बुन लेती हैं.
क्यों घर में बार-बार आती हैं मकड़ियां?
मकड़ियों के बार-बार जाले बनाने की एक बड़ी वजह घर में मौजूद छोटे कीड़े-मकोड़े भी हैं. मकड़ियां इन्हीं कीड़ों को खाकर जीवित रहती हैं. अगर घर में मच्छर, मक्खियां या दूसरे छोटे कीड़े ज्यादा हैं, तो मकड़ियां भी वहां बार-बार आएंगी और जाले बनाती रहेंगी. बारिश और सर्दियों के मौसम में भी मकड़ियां बाहर की बजाय घर के अंदर सुरक्षित जगह तलाशती हैं, जिससे जालों की संख्या बढ़ सकती है.
इसे भी पढ़ेंः Easy Garlic Peeling Trick : इस ट्रिक से 30 सेकेंड में छिल जाएगा पूरा लहसुन, नहीं पड़ेगी चाकू की जरूरत
मकड़ियों के जाले कैसे हटाएं?
अगर घर में जाले बन गए हैं, तो उन्हें जितनी जल्दी हो सके हटा देना चाहिए. इसके लिए वैक्यूम क्लीनर की मदद से छत और कोनों में लगे जाले आसानी से साफ किए जा सकते हैं. जिन जगहों तक वैक्यूम नहीं पहुंचता, वहां लंबे डंडे वाले झाड़ू या डस्टर का इस्तेमाल करें. सफाई के बाद गीले कपड़े से उन जगहों को पोंछना भी अच्छा रहता है, ताकि धूल और जाले के बचे हुए हिस्से पूरी तरह हट जाएं.
दोबारा जाले बनने से कैसे रोकें?
अगर चाहते हैं कि मकड़ियां दोबारा घर में जाले न बनाएं, तो सबसे पहले घर की नियमित सफाई करें. खासकर कोनों, छत, फर्नीचर के पीछे और स्टोर रूम जैसी जगहों को नजरअंदाज न करें. खिड़कियों, दरवाजों और दीवारों में मौजूद दरारों या छोटे छेदों को बंद कर दें, क्योंकि इन्हीं रास्तों से मकड़ियां अंदर आती हैं. घर में छोटे कीड़े-मकोड़ों की संख्या कम रखना भी जरूरी है. जब मकड़ियों को खाना नहीं मिलेगा, तो वे वहां ज्यादा समय तक नहीं टिकेंगी. इसके अलावा, पुदीने के तेल को पानी में मिलाकर दरवाजों और खिड़कियों के आसपास स्प्रे करने से भी मकड़ियां दूर रहने लगती हैं.
इसे भी पढ़ेंः Mopping Tips: पोछा लगाने के बाद भी नहीं महकता घर? पानी की बाल्टी में डालें ये चीज, आ जाएगी खुशबू
