अगर आप ITI के बाद किसी सरकारी या सरकारी क्षेत्र की कंपनी में काम करने का मौका तलाश रहे हैं, तो Electronics Corporation of India Limited यानी ECIL में अप्रेंटिसशिप करना आपके लिए बेहतरीन मौका हो सकता है. कंपनी ने अलग-अलग ITI ट्रेड के लिए अप्रेंटिस के पदों पर भर्ती निकाली है.
इस भर्ती के जरिए ITI पास युवाओं को ECIL में एक साल की अप्रेंटिसशिप करने का मौका मिलेगा. खास बात यह है कि इसके लिए अलग से लिखित परीक्षा नहीं होगी, बल्कि ITI में मिले अंकों के आधार पर मेरिट तैयार कर चयन किया जाएगा. इच्छुक उम्मीदवार 11 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं. ऐसे में जानिए इससे जुड़ी जरूरी जानकारी.
310 पदों पर होगी भर्ती
ECIL की आधिकारिक सूचना के मुताबिक इस भर्ती अभियान के तहत कुल 310 ITI Trade Apprentice पदों को भरा जाएगा. इनमें इलेक्ट्रॉनिक मैकेनिक, फिटर, इलेक्ट्रीशियन, COPA, वेल्डर, टर्नर, मशीनिस्ट समेत कई ट्रेड शामिल हैं. सबसे ज्यादा 87 पद फिटर और 86 पद इलेक्ट्रॉनिक मैकेनिक ट्रेड के लिए हैं. इलेक्ट्रीशियन के 50 और COPA के 41 पद हैं. वहीं वेल्डर, टर्नर, मशीनिस्ट, रेफ्रिजरेशन एंड एयर कंडीशनिंग मैकेनिक सहित अन्य ट्रेड में भी सीटें निर्धारित की गई हैं.
कौन कर सकता है आवेदन?
अगर आपने संबंधित ट्रेड में ITI पास किया है और आपके पास NCVT Certificate है, तो आप इस भर्ती के लिए आवेदन कर सकते हैं. उम्मीदवार की उम्र 31 अक्टूबर 2026 को कम से कम 18 वर्ष होनी चाहिए. सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु 25 वर्ष रखी गई है. OBC उम्मीदवारों को 3 वर्ष और SC/ST उम्मीदवारों को 5 वर्ष की छूट दी जाएगी. PwD उम्मीदवारों के लिए नियमानुसार अतिरिक्त आयु छूट का प्रावधान है.
यह भी पढ़ें: सेना से लौटने के बाद अग्निवीरों को कहां मिलेगी नौकरी? जानें राज्यवार कोटा
एक साल की होगी अप्रेंटिसशिप
चयनित उम्मीदवारों को ECIL में एक साल का अप्रेंटिस ट्रेनिंग दी जाएगी. ट्रेनिंग के दौरान उन्हें अपने संबंधित ट्रेड से जुड़ा व्यावहारिक अनुभव हासिल करने का अवसर मिलेगा. अप्रेंटिसशिप पूरी होने के बाद उम्मीदवारों को प्रैक्टिकल टेस्ट देना होगा. निर्धारित शर्तों को पूरा करने पर उन्हें National Apprenticeship Certificate यानी NAC मिल सकता है.
बिना लिखित परीक्षा के होगा चयन
इस भर्ती की एक खास बात यह है कि उम्मीदवारों को किसी अलग लिखित परीक्षा में शामिल नहीं होना होगा. ITI में प्राप्त अंकों के आधार पर मेरिट तैयार की जाएगी. कुल सीटों में 70 प्रतिशत सीटें Government ITI से पास उम्मीदवारों और 30 प्रतिशत सीटें Private ITI से पास उम्मीदवारों के लिए निर्धारित हैं. इसके अलावा सरकारी नियमों के अनुसार आरक्षण भी लागू होगा.
कब तक कर सकते हैं आवेदन?
आवेदन प्रक्रिया 30 सितंबर 2026 से शुरू हो चुकी है. उम्मीदवार 11 अक्टूबर 2026 रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आवेदन के लिए पहले Apprenticeship India Portal पर रजिस्ट्रेशन करना होगा. इसके बाद ECIL की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी.
यह भी पढ़ें: 100 साल का हुआ UPSC, जानें लंदन से भारत तक कितना बदला परीक्षा का ढांचा?
Education Loan Information:
Calculate Education Loan EMI
