एलन मस्क ने अपनी AI कंपनी को लेकर एक और बड़ा बदलाव करने का ऐलान किया है. मस्क ने कहा है कि SpaceXAI का नाम बदलकर SpaceXSI किया जाएगा. यानी कंपनी के नाम से AI हटाकर SI किया जाएगा. ये बदलाव अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नई पहल के बाद सामने आया है, जिसमें AI की जगह सुपर इंटेलिजेंस यानी SI शब्द इस्तेमाल करने पर जोर दिया गया है.
वैसे अभी नाम बदलने का प्रोसेस पूरा नहीं हुआ है. मस्क ने अभी ये नहीं बताया है कि कंपनी का नया नाम आधिकारिक तौर पर कब से इस्तेमाल किया जाएगा. फिलहाल को SpaceXAI का X अकाउंट भी पुराने नाम से ही है.
मस्क ने क्या कहा?
ये पूरा मामला तब शुरू हुआ जब सोशल मीडिया X पर एक यूजर ने एलन मस्क से पूछा कि क्या SpaceXAI का नाम बदलकर SpaceXSI किया जा सकता है. इसके जवाब में मस्क ने कहा कि हां, हम नाम में बदलाव करेंगे. इसके बाद मस्क ने एक और पोस्ट में AI की जगह SI को बेहतर बताया. उन्होंने ये भी कहा कि SpaceX एक सुपर इंटेलिजेंस कंपनी है.
SpaceX is a super intelligence company
— Elon Musk (@elonmusk) October 4, 2026
ट्रंप ने क्यों बदला AI का नाम?
दरअसल, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 29 सितंबर को एक कार्यकारी आदेश जारी किया था. इसमें अमेरिकी सरकारी एजेंसियों और आधिकारिक संचार में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI की जगह सुपर इंटेलिजेंस यानी SI शब्द इस्तेमाल करने का निर्देश दिया गया है.
ट्रंप प्रशासन का कहना है कि सुपर इंटेलिजेंस शब्द आज की तकनीक की क्षमता को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से बेहतर तरीके से दिखाता है. यानी AI को सिर्फ इंसानी बुद्धिमत्ता की नकल करने वाली तकनीक के तौर पर देखने के बजाय उसकी ज्यादा उन्नत क्षमताओं को दिखाना मकसद है.
पहले भी बदल चुका है नाम?
ये पहली बार नहीं है जब SpaceX के एआई कारोबार का नाम बदला है. xAI को इसी साल जुलाई में SpaceXAI के नाम से रीब्रांड किया गया था. अब कुछ ही महीनों बाद इसका नाम एक बार फिर बदलने की तैयारी है. इस बार वजह कंपनी का स्ट्रक्चर नहीं, बल्कि AI को लेकर इस्तेमाल होने वाली टर्मिनोलॉजी है.
क्या Grok का नाम बदलेगा?
SpaceXAI से SpaceXSI नाम बदलने का मतलब ये नहीं है कि Grok की टेक्नोलॉजी या उसकी सेवाओं में भी बदलाव होने वाला है. जानकारी के मुताबिक ये मुख्य तौर पर कंपनी के नाम से जुड़ा बदलाव है, यानी आम यूजर के लिए फिलहाल Grok के इस्तेमाल में कोई बदलाव घोषित नहीं किया गया है. असली बदलाव कंपनी की ब्रांडिंग में देखने को मिलेगा.
आज 5 अक्टूबर को कहीं बढ़ तो नहीं गए पेट्रोल-डीजल के दाम? चेक करें रेट
