Headlines

Explained: एशिया पावर इंडेक्स 2026 में भारत कहां मजबूत, किधर कमजोर? मोदी की लीडरशिप से इकोनॉमी तक


ऑस्ट्रेलिया के थिंक टैंक लोवी इंस्टीट्यूट की ओर से हर साल जारी होने वाली एशिया पावर इंडेक्स 2026 की रिपोर्ट आ गई है. इसमें भारत के लिए एक बड़ी अच्छी खबर है. भारत ने एशिया के सबसे ताकतवर देशों की लिस्ट में अपना तीसरा स्थान बरकरार रखा है और उसका कुल पावर स्कोर भी बढ़ा है. यह इंडेक्स 27 देशों और क्षेत्रों की ताकत को 131 संकेतकों के जरिए आठ अलग-अलग पैमानों पर परखता है. इनमें आर्थिक क्षमता, सैन्य ताकत, कूटनीतिक प्रभाव और भविष्य के संसाधन जैसे बड़े मुद्दे शामिल हैं.

तो इस बार भारत किन पैमानों पर मजबूत रहा, कहां उसे नुकसान हुआ और प्रधानमंत्री मोदी की लीडरशिप को इस रिपोर्ट में कैसे आंका गया है…

कुल मिलाकर भारत की स्थिति कैसी है?

रिपोर्ट के मुताबिक, 2026 में भारत का कुल पावर स्कोर 40.5 अंक हो गया है, जो 2025 के मुकाबले 0.5 अंक का सुधार है. इस स्कोर के आधार पर भारत को ‘मेजर पावर’ की कैटेगरी में रखा गया है, यानी वह उन देशों की लिस्ट में है जिनका स्कोर 40 या उससे ज्यादा है.

भारत और चीन के बीच का पावर गैप 2018 में इस इंडेक्स के शुरू होने के बाद से अब तक के सबसे कम स्तर पर आ गया है. हालांकि चीन की ताकत अभी भी भारत से करीब 80% ज्यादा है. वहीं, भारत ने जापान के साथ अपना अंतर लगातार बढ़ाया है, जो उसकी बढ़ती क्षेत्रीय पकड़ को दिखाता है.

भारत कहां मजबूत और कहां कमजोर?

रिपोर्ट में आठ अलग-अलग पैमानों पर भारत के प्रदर्शन को देखें तो तस्वीर मिली-जुली है. कुछ जगह जबरदस्त बढ़त हुई है, तो कुछ जगह भारत को नुकसान भी उठाना पड़ा है.

जहां भारत ने मारी बाजी

1. कूटनीतिक प्रभाव

भारत का सबसे मजबूत पैमाना कूटनीतिक प्रभाव ही रहा, जिसमें उसे 70.3 अंक मिले. खास बात यह है कि जिस साल एशिया के ज्यादातर देशों के कूटनीतिक स्कोर गिरे, भारत का स्कोर सिर्फ मामूली रूप से घटा है. यानी वैश्विक मंचों पर भारत की आवाज अब भी मजबूत है.

2. प्रधानमंत्री मोदी की क्षेत्रीय लीडरशिप

रिपोर्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एशिया का दूसरा सबसे प्रभावी क्षेत्रीय नेता माना गया है, जो पिछले साल के मुकाबले तीन स्थान का सुधार है. वे सिर्फ चीन के शी जिनपिंग से पीछे हैं. हालांकि, रिपोर्ट यह भी कहती है कि उनकी वैश्विक लीडरशिप और रणनीतिक महत्वाकांक्षा को लेकर धारणा में थोड़ी गिरावट आई है. इसका उदाहरण खाड़ी संघर्ष के दौरान अमेरिकी पनडुब्बी द्वारा ईरानी जहाज को डुबोए जाने पर भारत की ‘शांत’ प्रतिक्रिया को बताया गया है.

3. भविष्य के संसाधन

इस पैमाने पर भारत 56.2 अंक के साथ तीसरे स्थान पर है, जो पिछले साल से 1.2 अंक ज्यादा है. यह पैमाना किसी देश की आने वाले दशकों की आर्थिक क्षमता, रक्षा संसाधनों और कामकाजी उम्र की आबादी को आंकता है. भारत की युवा आबादी और लंबी अवधि की आर्थिक संभावनाएं उसकी सबसे बड़ी ताकत हैं.

4. सांस्कृतिक प्रभाव

भारत का स्कोर 43.8 अंक हो गया है, जो 2.3 अंक का सुधार है और वह चौथे स्थान पर बना हुआ है. अगर अमेरिका को हटा दें, तो एशियाई देशों में भारत चीन और जापान के बाद तीसरे नंबर पर आता है. यह भारत की सॉफ्ट पावर और वैश्विक स्तर पर बढ़ती सांस्कृतिक पहुंच को दिखाता है.

5. सैन्य क्षमता

सैन्य क्षमता में भारत 48.5 अंक के साथ चौथे स्थान पर है और इसका स्कोर 0.5 अंक बढ़ा है. रिपोर्ट में ब्रह्मोस मिसाइल के दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों को बेचे जाने और बढ़ते रक्षा सहयोग को इस सुधार की वजह बताया गया है.

6. रक्षा नेटवर्क

रक्षा नेटवर्क के पैमाने पर भारत का स्कोर 18.6 अंक हो गया है, जो 2.1 अंक का सुधार है और इसने भारत को दो स्थान ऊपर उठाकर नौवें स्थान पर पहुंचा दिया है. हालांकि, रिपोर्ट यह भी कहती है कि यह अभी भी भारत की सैन्य ताकत के हिसाब से कमजोर है, क्योंकि वह ऑस्ट्रेलिया, जापान, दक्षिण कोरिया और सिंगापुर जैसे देशों से पीछे है.

जहां भारत को लगा झटका

1. आर्थिक क्षमता

यह भारत के लिए सबसे चौंकाने वाला पैमाना रहा. आर्थिक क्षमता का स्कोर 0.7 अंक गिरकर 26.4 अंक हो गया, हालांकि भारत अभी भी इस श्रेणी में तीसरे स्थान पर बना हुआ है. इस गिरावट की तीन बड़ी वजहें बताई गई हैं. इनमें कमजोर रुपया, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) की अर्थव्यवस्था मापने की बदली हुई पद्धति और विदेशों में भारत के निवेश में करीब 20 अरब डॉलर की कमी शामिल है.

रिपोर्ट यह भी बताती है कि आर्थिक क्षमता को चार उप-पैमानों पर परखा जाता है- आकार (GDP), अंतरराष्ट्रीय लाभ, तकनीक और कनेक्टिविटी. भारत आकार के मामले में तीसरे स्थान पर है, लेकिन तकनीक के मामले में वह 11वें स्थान पर है, जो एक बड़ी कमजोरी है.

2. लचीलापन

लचीलेपन के पैमाने पर भारत 55.4 अंक के साथ चौथे स्थान पर है, लेकिन इसका स्कोर 0.1 अंक गिरा है. रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि 2026 में भारत को कई आंतरिक चुनौतियों का सामना करना पड़ा, जिसकी वजह से आर्थिक क्षमता और लचीलेपन दोनों के स्कोर में गिरावट आई.

इस रिपोर्ट का बड़ा संदेश क्या है?

इस पूरी रिपोर्ट का सबसे बड़ा संदेश यह है कि भारत ने एशिया में अपनी जगह और मजबूत की है, लेकिन उसके सामने सबसे बड़ी चुनौती अपनी क्षमताओं को असली प्रभाव में बदलने की है. रिपोर्ट के लेखकों का मानना है कि भारत के पास आर्थिक, सैन्य और जनसांख्यिकीय ताकत भरपूर है, लेकिन वह आर्थिक संबंधों और रक्षा नेटवर्क जैसे क्षेत्रों में अभी भी पीछे है. इसका मतलब है कि क्षेत्रीय प्रभाव बढ़ाने के लिए अभी बहुत काम करने की जरूरत है.

एक्सपर्ट्स के मुताबिक, भारत और चीन के बीच का अंतर कम जरूर हुआ है, लेकिन यह कमी ज्यादातर अमेरिका की गलतियों की वजह से है, न कि चीन की ताकत बढ़ने की वजह से. रिपोर्ट कहती है कि अमेरिका का ईरान के साथ युद्ध और उसकी एकतरफा विदेश नीति ने एशिया में उसकी पकड़ कमजोर की है, जिसका फायदा चीन को मिला है और इस वजह से अमेरिका-चीन का अंतर 2018 के बाद से सबसे कम हो गया है.

कुल मिलाकर, एशिया पावर इंडेक्स 2026 भारत के लिए उम्मीद और चेतावनी दोनों लेकर आया है. एक तरफ जहां कूटनीति, सांस्कृतिक प्रभाव, भविष्य के संसाधन और प्रधानमंत्री मोदी की क्षेत्रीय लीडरशिप जैसे मामलों में भारत मजबूती से आगे बढ़ रहा है, वहीं दूसरी तरफ आर्थिक क्षमता में गिरावट और तकनीक जैसे क्षेत्रों में पिछड़ापन उसकी बड़ी चुनौतियां हैं.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *