सुबह की चाय हो या बच्चों के लिए दूध, भारतीय घरों में दूध रोजमर्रा की जरूरत है लेकिन पिछले कुछ महीनों में दूध खरीदने का खर्च बढ़ गया है. अमूल, मदर डेयरी और कर्नाटक की नंदिनी जैसी बड़ी डेयरी कंपनियों ने 2026 में अलग-अलग चरणों में कीमतें बढ़ाई हैं. कहीं दूध ₹2 महंगा हुआ है तो कहीं ₹8 प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी हुई है.
18 नवंबर 2026 को जारी केयर एज रेटिंग की रिपोर्ट के मुताबिक, वित्त वर्ष 2026-27 में भारत में प्रमुख डेयरी कंपनियों ने दूध की खुदरा कीमतों में कुल मिलाकर ₹4 से ₹8 प्रति लीटर तक बढ़ोतरी की है. खास बात यह है कि यह बढ़ोतरी ऐसे समय में हुई है, जब आमतौर पर अक्टूबर से फरवरी के बीच दूध का उत्पादन बढ़ता है और बाजार में इसकी उपलब्धता बेहतर होती है. फिर इस बार दूध महंगा क्यों हो रहा है? क्या इसकी वजह सिर्फ पशु चारे की कीमत है या इसके पीछे सप्लाई और मांग का भी बड़ा खेल है?
2026 में कितनी बार बढ़े दूध के दाम?
2026 में प्रमुख डेयरी कंपनियों ने दो चरणों में दूध की कीमतें बढ़ाई हैं. पहला बदलाव मई में हुआ, जब अमूल और मदर डेयरी ने दूध के दाम करीब ₹2 प्रति लीटर बढ़ाए. इसके बाद नवंबर में एक बार फिर कीमतों में इजाफा किया गया.
12 नवंबर 2026 से अमूल और मदर डेयरी ने अपने चुनिंदा पैक वाले दूध की कीमतों में ₹2 से ₹4 प्रति लीटर तक बढ़ोतरी की. वहीं, कर्नाटक मिल्क फेडरेशन (KMF) ने 1 नवंबर से नंदिनी दूध के दाम ₹8 प्रति लीटर बढ़ाए.
यह बढ़ोतरी इसलिए भी असामान्य है क्योंकि आमतौर पर डेयरी कंपनियां साल में एक बार दूध के दाम बढ़ाती हैं. बिजनेस स्टेंडर्ड की रिपोर्ट के मुताबिक, वित्त वर्ष 2026-27 में यह दूसरी बड़ी बढ़ोतरी है. इससे पहले 2022-23 में भी एक वित्त वर्ष के दौरान दो बार कीमतें बढ़ाई गई थीं.
अलग-अलग राज्यों में दूध के नए रेट क्या हैं?
दूध की कीमतें पूरे देश में एक जैसी नहीं हैं. एक ही कंपनी के अलग-अलग वेरिएंट, फैट की मात्रा, पैकिंग और वितरण लागत के आधार पर भी दाम बदलते हैं. नवंबर 2026 में सामने आए प्रमुख बदलाव इस प्रकार हैं
| जार | ब्रांड/वेरिएंट | पुरानी कीमत | नई कीमत | बढ़ोतरी |
|---|---|---|---|---|
| दिल्ली-NCR | मदर डेयरी फुल क्रीम (पाउच) | ₹72 | ₹76 | ₹4 |
| दिल्ली-NCR | मदर डेयरी टोंड (पाउच) | ₹60 | ₹62 | ₹2 |
| दिल्ली-NCR | मदर डेयरी डबल टोंड | ₹54 | ₹56 | ₹2 |
| दिल्ली-NCR | मदर डेयरी गाय का दूध | ₹62 | ₹65 | ₹3 |
| दिल्ली-NCR | मदर डेयरी टोंड (बल्क वेंडिंग) | ₹58 | ₹60 | ₹2 |
| कर्नाटक | नंदिनी टोंड दूध (नीला पैकेट) | ₹46 | ₹54 | ₹8 |
| गुजरात सहित अमूल के प्रमुख बाजार | अमूल ताजा टोंड | कीमत बाजार/पैक के अनुसार | ₹2 प्रति लीटर महंगा | ₹2 |
| गुजरात सहित अमूल के प्रमुख बाजार | अमूल गोल्ड | कीमत बाजार/पैक के अनुसार | ₹4 प्रति लीटर महंगा | ₹4 |
| महाराष्ट्र | गाय और भैंस का दूध | स्थानीय बाजार के अनुसार | ₹2 प्रति लीटर महंगा | ₹2 |
यहां ये बता दें कि ये अलग-अलग बाजारों और ब्रांडों में रिपोर्ट की गई कीमतों और बढ़ोतरी का संकलन है. अमूल के सभी राज्यों में एक समान अंतिम खुदरा कीमत नहीं है. महाराष्ट्र में अगस्त में डेयरियों के प्रतिनिधियों ने गाय और भैंस के दूध के दाम ₹2 प्रति लीटर बढ़ाने पर सहमति दी थी. इसलिए इसे पूरे राज्य के हर ब्रांड का एक जैसा रेट न समझें.
आखिर दूध महंगा होने की पांच बड़ी वजहें क्या हैं?
पशुओं के चारे की कीमतों में बढ़ोतरी – दूध उत्पादन की लागत का बड़ा हिस्सा पशुओं के चारे पर खर्च होता है. गाय और भैंस को दिए जाने वाले हरे चारे, सूखे चारे और तैयार पशु आहार की कीमत बढ़ने का सीधा असर दूध की लागत पर पड़ता है.
मदर डेयरी के मुताबिक, देश के कई हिस्सों में असमान मानसूनी बारिश के कारण हरे और सूखे चारे की कीमतों में एक साल के दौरान 20 फीसदी तक बढ़ोतरी हुई है. वहीं, पशु आहार की कीमतें करीब 10 फीसदी बढ़ी हैं. बिजनेस स्टेंडर्ड की रिपोर्ट में सितंबर 2026 में पशु आहार की लागत पिछले साल के मुकाबले 15-20 फीसदी ज्यादा बताई गई है.
मक्का की बढ़ती मांग- पशु आहार बनाने में मक्का एक अहम कच्चा माल है. लेकिन मक्का की मांग सिर्फ पशुपालन तक सीमित नहीं है. इसका इस्तेमाल इथेनॉल उत्पादन में भी होता है. बिजनेस स्टेंडर्ड की रिपोर्ट में एक उद्योग अधिकारी के हवाले से बताया गया है कि 2026-27 के इथेनॉल सप्लाई वर्ष में भारत के सालाना इथेनॉल उत्पादन का लगभग 70 फीसदी हिस्सा मक्का से आने का अनुमान है. इससे मक्का की मांग और कीमतों पर दबाव बढ़ा है. जब पशु आहार महंगा होता है तो दूध उत्पादन की लागत भी बढ़ जाती है.
मानसून और मौसम का असर- अच्छा मानसून खेती और पशुपालन दोनों के लिए जरूरी है. बारिश कम या असमान होने पर हरे चारे की उपलब्धता प्रभावित होती है. कई इलाकों में सूखे चारे और पशु आहार की लागत भी बढ़ जाती है. इस बार गुजरात समेत कई क्षेत्रों में कम और असमान बारिश को डेयरी कंपनियों ने लागत बढ़ने की वजह बताया है. इसका असर किसानों से दूध खरीदने की कीमत पर भी पड़ा है.
दूध की उपलब्धता उम्मीद के मुताबिक नहीं बढ़ी
अक्टूबर से फरवरी के बीच का समय डेयरी उद्योग में फ्लश सीजन कहलाता है. इस दौरान मौसम ठंडा होने और पशुओं की उत्पादकता बेहतर होने से आमतौर पर दूध का उत्पादन बढ़ता है. लेकिन इस बार सर्दियों के फ्लश सीजन में दूध की उपलब्धता उम्मीद के मुताबिक नहीं बढ़ी. कुछ क्षेत्रों में दूध में फैट की मात्रा कम रही और डेयरी कंपनियों के बीच किसानों से दूध खरीदने की प्रतिस्पर्धा बढ़ी. नतीजतन, कच्चे दूध की खरीद कीमतें ऊंची बनी रहीं.
पैकेजिंग, परिवहन और प्रोसेसिंग की लागत
दूध को किसान से खरीदकर उपभोक्ता तक पहुंचाने में कई चरण शामिल होते हैं. इसमें कलेक्शन सेंटर, चिलिंग प्लांट, प्रोसेसिंग, पैकेजिंग, कोल्ड स्टोरेज और परिवहन का खर्च आता है. मदर डेयरी के मुताबिक, पैकेजिंग, परिवहन और दूसरी परिचालन लागतों में भी लगातार महंगाई का दबाव रहा है. इन खर्चों को कंपनियां पूरी तरह अपने ऊपर नहीं रख पातीं और कुछ हिस्सा ग्राहकों तक पहुंचाती हैं.
भारत में दूध का उत्पादन कितना है?
भारत दुनिया का सबसे बड़ा दूध उत्पादक देश है. केयरएज रेटिंग की 18 नवंबर 2026 की रिपोर्ट के मुताबिक, वित्त वर्ष 2025-26 में देश का दूध उत्पादन सालाना आधार पर 3.6 फीसदी बढ़कर 256.8 मिलियन टन रहने का अनुमान है. वित्त वर्ष 2024-25 में यह 247.9 मिलियन टन था.
रिपोर्ट के मुताबिक, प्रति व्यक्ति दूध की उपलब्धता भी वित्त वर्ष 2024-25 के 485 ग्राम प्रतिदिन से बढ़कर वित्त वर्ष 2025-26 में करीब 498 ग्राम प्रतिदिन हो गई.
इसके बावजूद कीमतों में तेजी यह बताती है कि सिर्फ कुल उत्पादन का आंकड़ा पर्याप्त नहीं है. बाजार में उपलब्ध दूध, उसकी गुणवत्ता, फैट की मात्रा, खरीद लागत और मांग भी कीमत तय करने में अहम भूमिका निभाते हैं.
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि वित्त वर्ष 2015-16 में भारत में दूध की औसत खुदरा कीमत करीब ₹39.6 प्रति लीटर थी, जो वित्त वर्ष 2025-26 में बढ़कर ₹59.1 प्रति लीटर हो गई. यानी दस साल में औसत कीमत में लगातार बढ़ोतरी हुई है.
क्या आने वाले महीनों में दूध और महंगा हो सकता है?
केयरएज रेटिंग के मुताबिक, वित्त वर्ष 2026-27 के बाकी समय में भी दूध की कीमतों पर दबाव बना रह सकता है. इसकी वजह ऊंची खरीद लागत, चारे की महंगाई और दूध से बनने वाले उत्पादों की सीमित उपलब्धता है.
रिपोर्ट में स्किम्ड मिल्क पाउडर (SMP) की कीमतों का भी जिक्र है. अक्टूबर 2026 में अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 3,800 डॉलर प्रति टन से ऊपर पहुंच गई थी, जो सालाना आधार पर करीब 36 फीसदी अधिक है. दूध की उपलब्धता कम होने पर डेयरी कंपनियां दूध पाउडर का इस्तेमाल कर सकती हैं. ऐसे में पाउडर महंगा होने से उनकी लागत और बढ़ सकती है.
हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि हर राज्य में दूध के दाम तुरंत बढ़ेंगे. कीमतों का फैसला स्थानीय उत्पादन, खरीद मूल्य, मांग और संबंधित डेयरी कंपनी की नीति पर निर्भर करेगा.
आम आदमी की जेब पर कितना असर पड़ेगा?
अगर कोई परिवार रोजाना दो लीटर दूध खरीदता है और कीमत में ₹4 प्रति लीटर की बढ़ोतरी होती है, तो उसका खर्च रोजाना ₹8 और महीने में करीब ₹240 बढ़ जाएगा. वहीं, ₹8 प्रति लीटर की बढ़ोतरी होने पर महीने का अतिरिक्त खर्च करीब ₹480 हो सकता है.
दूध सिर्फ पीने के लिए नहीं खरीदा जाता. इससे दही, पनीर, घी, मिठाई और दूसरी चीजें भी बनती हैं. इसलिए दूध की खरीद लागत बढ़ने का असर दूसरे डेयरी उत्पादों और खाद्य पदार्थों की कीमतों पर भी पड़ सकता है.
दूध की महंगाई के पीछे केवल एक वजह नहीं है. पशु चारा, मक्का, मौसम, दूध की उपलब्धता, खरीद मूल्य और परिवहन लागत का संयुक्त दबाव कीमतों को ऊपर ले जा रहा है. भारत में दूध का कुल उत्पादन बढ़ने के बावजूद अगर बाजार में उपलब्ध दूध की आपूर्ति मांग के अनुरूप नहीं बढ़ती, तो उपभोक्ताओं को महंगे दूध का सामना करना पड़ सकता है.
