GTA 6 Launch: सोमवार से शुक्रवार तक ऑफिस जाना, मीटिंग करना और काम के टारगेट पूरे करना ज्यादातर कर्मचारियों की दिनचर्या का हिस्सा होता है. छुट्टी मिलते ही लोग घूमने या परिवार के साथ समय बिताने की योजना बनाते हैं. लेकिन अगर कोई कंपनी अपने कर्मचारियों को किसी वीडियो गेम को खेलने के लिए छुट्टी दे दे, तो यह सुनकर हैरानी होना आम है.
आमतौर पर गेम खेलने को लोग खाली समय का मनोरंजन मानते हैं, लेकिन अब कुछ कंपनियां इसे कर्मचारियों की पसंद और खुशी से जोड़कर देख रही हैं. ऐसा ही दिलचस्प फैसला चेन्नई की एक कंपनी ने लिया है, जिसने मशहूर वीडियो गेम GTA 6 की रिलीज के मौके पर अपने पूरे स्टाफ को छुट्टी देने का ऐलान कर दिया.
गेम रिलीज पर ऑफिस बंद
यह मामला चेन्नई की इंटीरियर डिजाइन कंपनी Inde by ChairsCarte का है. कंपनी के फाउंडर और CEO किशोर शनमुगम ने 19 नवंबर 2026 को कर्मचारियों के लिए कंपनी-वाइड छुट्टी घोषित की. खास बात यह है कि यह सुविधा केवल नियमित कर्मचारियों तक सीमित नहीं रखी गई, बल्कि इंटर्न और फ्रीलांसरों को भी इसमें शामिल किया गया है. कंपनी ने यह फैसला Grand Theft Auto VI यानी GTA 6 की रिलीज के उत्साह को देखते हुए लिया. CEO ने सोशल मीडिया पर शेयर किए गए पोस्ट में बताया कि उनकी टीम के कई लोग बचपन से इस गेम सीरीज से जुड़े रहे हैं. ऐसे में जिस गेम का इतने सालों से इंतजार किया जा रहा था, उसकी रिलीज को सामान्य काम करते हुए दिन की तरह बिताना उन्हें ठीक नहीं लगा.
यह भी पढ़ें: Viral Video: दुकानदार ने पिता को पीटा तो बेटी ने दुकान पर काटा बवाल, फेंक दिया सारा सामान
13 साल से हो रहा था नए गेम का इंतजार
GTA गेम सीरीज दुनिया भर में अपने ओपन-वर्ल्ड गेमप्ले के लिए लोकप्रिय है. इसमें खिलाड़ियों को एक बड़ी काल्पनिक दुनिया में घूमने, अलग-अलग मिशन पूरे करने और अपनी पसंद के मुताबिक गेम खेलने की आजादी मिलती है. इस सीरीज का पिछला मुख्य गेम GTA 5 सितंबर 2013 में रिलीज हुआ था. उसके बाद से ही फैंस इसके अगले एडिशन का इंतजार कर रहे थे. अब 13 साल से ज्यादा समय बीतने के बाद GTA 6 की रिलीज ने गेमिंग कम्युनिटी में जबरदस्त उत्साह पैदा कर दिया है. नए गेम में खिलाड़ियों को एक बार फिर Vice City की दुनिया देखने को मिलेगी. यह काल्पनिक शहर फ्लोरिडा से प्रेरित Leonida नाम के काल्पनिक राज्य का हिस्सा है. गेम की कहानी में Lucia Caminos और Jason Duval नाम के दो मुख्य किरदार शामिल हैं.
यह भी पढ़ें: Viral Video: दुकानदार ने पिता को पीटा तो बेटी ने दुकान पर काटा बवाल, फेंक दिया सारा सामान
