सबसे आसान और तेज तरीका है बेसन या कॉर्नफ्लोर का घोल डालना. इसके लिए आप एक छोटी कटोरी में दो चम्मच बेसन या कॉर्नफ्लोर लें और उसमें थोड़ा पानी डालकर अच्छी तरह घोल लें, ताकि उसमें गुठलियां न रहें. इस घोल को धीरे-धीरे उबलती हुई सब्जी में डालें और लगातार चलाते रहें. कुछ ही मिनटों में ग्रेवी गाढ़ी हो जाएगी. ध्यान रखें कि घोल एक साथ न डालें, वरना गुठलियां बन सकती हैं.

दूसरा तरीका है सब्जी के कुछ टुकड़ों को मैश कर देना. अगर आप आलू, गोभी या किसी और सब्जी की तरी बना रहे हैं, तो उसमें से थोड़े टुकड़े निकालकर चम्मच की मदद से अच्छी तरह मैश कर लें और वापस सब्जी में मिला दें. इससे न सिर्फ ग्रेवी गाढ़ी होगी बल्कि उसका स्वाद भी और बढ़ जाएगा, क्योंकि मैश की गई सब्जी खुद ग्रेवी का हिस्सा बन जाती है. यह तरीका इसलिए भी खास है क्योंकि इसमें कोई अतिरिक्त चीज डालने की जरूरत नहीं पड़ती, इसलिए सब्जी का सवाद और नमक ठिक वैसा ही रहता है जैसा बनाया था.

तीसरा तरीका है सब्जी को धीमी आंच पर बिना ढके पकाना. जब ग्रेवी पतली लगे, तो गैस की आंच धीमी कर दें और कढ़ाई को बिना ढके थोड़ी देर पकने दें. इससे पानी भाप बनकर उड़ता रहता है और ग्रेवी अपने आप गाढ़ी होने लगती है. इस तरीके में समय जरूर लगता है, लेकिन इससे सब्जी का असली स्वाद भी अच्छी तरह उभर कर आता है, क्योंकि मसाले और तेल पानी के साथ नहीं उड़ते.

चौथा तरीका है भुना हुआ बेसन इस्तेमाल करना. एक कढ़ाई में थोड़ा तेल गरम करें और उसमें एक-दो चम्मच बेसन डालकर धीमी आंच पर हल्का सुनहरा होने तक भूनें. इस भुने बेसन को सब्जी में मिलाकर अच्छी तरह पकाएं. कच्चे बेसन के मुकाबले भुना हुआ बेसन ज्यादा स्वाद देता है और ग्रेवी में एक अलग ही खुशबू भी आती है.

पांचवा तरीका है काजू या खसखस का पेस्ट डालना, जो खासकर पनीर या मलाईदार सब्जियों के लिए बहुत अच्छा रहता है. कुछ काजू या खसखस के दानों को गरम पानी में भिगो दें, फिर उन्हें बारीक पीसकर पेस्ट बना लें और सब्जी में मिला दें. इससे ग्रेवी न सिर्फ गाढ़ी होती है बल्कि उसमें एक हल्की मिठास और मलाईदार बनावट भी आ जाती है. अगर काजू न हो तो इसकी जगह भीगे हुए बादाम या मूंगफली का पेस्ट भी इस्तेमाल किया जा सकता है.

इन सभी तरीकों में से कौन सा तरीका अपनाना है, यह उस बात पर निर्भर करता है की आप किस तरह की सब्जी बना रहे हैं. रोजमर्रा की सादी सब्जी के लिए बेसन का घोल या धीमी आंच पर पकाना सबसे आसान रहता है, जबकि खास मौकों की पनीर या मलाईदार सब्जी के लिए काजू या मैश की गई सब्जी वाला तरीका बेहतर होता है.
Published at : 02 Aug 2026 12:01 PM (IST)
