सनी देओल ने इस साल ‘बॉर्डर 2’ के साथ बॉक्स ऑफिस पर गर्दा उड़ाया था. इस देशभक्ति से भरी फिल्म से उन्होंने लाखों लोगों के दिल जीते और अब एक्टर एक एक और जबरदस्त प्रोजेक्ट के साथ ओटीटी प्लेटफॉर्म पर डेब्यू कर रहे हैं. दरअसल हम बात कर रहे हैं नेटफ्लिक्स की फिल्म ‘इक्का’ की, जो एक लीगल थ्रिलर फिल्म है. सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा के डायरेक्शन और प्रोडक्शन में बनी ‘इक्का’ को लेकर फैंस में काफी एक्साइटमेंट हैं. ये फिल्म आज यानी 10 जुलाई को नेटफ्लिक्स पर आ गई है. इसी के साथ इसका फर्स्ट रिव्य़ू भी आ गया है.
‘इक्का’ का फर्स्ट रिव्यू आउट
एक्टर से क्रिटिक बने कुलदीप गढ़वी ने इक्का का फर्स्ट रिव्यू शेयर किया है. उन्होंने सनी देओल स्टारर इस फिल्म को एक जबरदस्त कोर्टरूम थ्रिलर बताया है जिसमें सस्पेंस, इमोशन और दमदार एक्टिंग का मेल है. उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि 2 घंटे 19 मिनट की फिल्म ‘इक्का’ सोचने पर मजबूर करने वाली फिल्म है जो आपको शुरू से आखिर तक बांधे रखेगी.
‘इक्का’ को 4.5 स्टार देते हुए कुलदीप गढ़वी ने लिखा, “नेटफ़्लिक्स की ‘इक्का’ एक ज़बरदस्त कोर्टरूम थ्रिलर है जिसमें सस्पेंस, इमोशन और दमदार एक्टिंग का मेल है. कोर्टरूम की कार्यवाही में साइकोलॉजिकल टेंशन है, जिससे हर खुलासा असरदार लगता है. सनी देओल ने हाल के सालों में अपनी बेहतरीन परफॉर्मेंस दी हैं. वे हर कोर्टरूम सीन में पूरे अधिकार, इमोशन और भरोसे के साथ छाए रहते हैं. अक्षय खन्ना कमाल के हैं. उनकी स्क्रीन प्रेज़ेंस, डायलॉग डिलीवरी और तेवर हर उस सीन को और बेहतर बनाते हैं जिसमें वे नज़र आते हैं.”
जबरदस्त है क्लाइमेक्स
इसके अलावा, गढ़वी ने सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा के डायरेक्शन की खूब तारीफ की और कहा कि फिल्म का क्लाइमैक्स (आखिरी हिस्सा) बहुत दिलचस्प और इमोशनल है. उन्होंने कहा, “सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा ने कोर्टरूम ड्रामा को बहुत बारीकी से संभाला है. फिल्म की रफ्तार जबरदस्त है, सस्पेंस आखिर तक बना रहता है, और इमोशनल ड्रामा आखिर तक बढ़ता रहता है. कोर्टरूम ड्रामा, साइकोलॉजिकल थ्रिलर और बेहतरीन एक्टिंग वाली फिल्में पसंद करने वालों को नेटफिल्क्स पर यह फिल्म जरूर देखनी चाहिए.”
‘इक्का’ स्टार कास्ट
‘इक्का’ में सनी देओल, अक्षय खन्ना, दीया मिर्जा, तिलोत्तमा शोम और संजीदा शेख जैसे बेहतरीन कलाकार हैं.ये अब तक के सबसे चर्चित नेटफ्लिक्स प्रोजेक्ट्स में से एक है.
