Incorrect CPR: अक्सर कई बार लोग अनजाने में ऐसी गलती कर बैठते हैं, जिसकी वजह से उन्हें सालों तक पछताना पड़ सकता है. ऐसा ही एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक शिक्षिका के बेहोश होने पर वहां मौजूद लोगों ने बिना पूरी जानकारी के उन्हें सीपीआर देना शुरू कर दिया. लेकिन गलत तरीके से सीपीआर देने की वजह से उनकी दो पसलियां टूट गईं. बताया जा रहा है कि यह घटना मध्य प्रदेश के कैलारस इलाके की है. इस वीडियो के सोशल मीडिया पर आते ही लोगों ने इसे जमकर शेयर किया और अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं देने लगे.
वीडियो में क्या दिखाया गया है?
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि शिक्षिका सड़क पर बेहोश हालत में लेटी हुई हैं. वीडियो में दावा किया गया है कि यह महिला स्कूटी से गिर गई थी. उनके गिरते ही वहां मौजूद आसपास के लोग उनकी मदद करने पहुंचे. तभी उसी भीड़ में से दो युवक बाहर आए और उन्हें लगा कि इस महिला को हार्ट अटैक आया है. इसके बाद दोनों ने उन्हें सीपीआर देना शुरू कर दिया.
बेहोशी की हालत में महिला को यह पता ही नहीं चला कि उनकी दो पसलियां टूट गई हैं. इस बात का पता तब चला, जब महिला को अस्पताल लेकर जाया गया. यह पूरी घटना भीड़ में मौजूद एक व्यक्ति ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर ली, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है.
चक्कर आने से गिरी शिक्षिका को हार्ट अटैक समझकर CPR दिया गया, जिससे उनकी दो पसलियां टूट गईं।
मध्य प्रदेश के कैलारस में शिक्षिका ललिता गर्मी के कारण स्कूटी से गिर गईं। वहां मौजूद दो युवकों ने उन्हें हार्ट अटैक समझकर लगातार CPR देना शुरू कर दिया।
अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों… pic.twitter.com/TUitiOzuXn
— Mandeep RajBhar (@MandeepRajBhar9) July 31, 2026
यह भी पढ़ेंः Cockroach Cafe: बिहार में खुला ‘कॉकरोच कैफे’, यूजर्स बोले- यहां जाने के लिए हिम्मत चाहिए
लोगों ने क्या प्रतिक्रिया दी?
इस वीडियो के सामने आते ही लोगों ने अलग-अलग तरह के कमेंट्स करने शुरू कर दिए. एक यूजर ने लिखा कि स्कूलों और विश्वविद्यालयों में पढ़ने वाले हर छात्र को सही तरीके से सीपीआर देना सिखाया जाना चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि मदद करने वाले युवकों की गलती नहीं थी, क्योंकि उन्होंने किसी बुरी नीयत से नहीं बल्कि मदद करने की कोशिश की थी. एक अन्य यूजर ने लिखा कि जिसने भी यह किया, वह सिर्फ मदद करना चाहता था, जबकि ज्यादातर लोग ऐसे समय में सिर्फ तमाशा देखते रहते हैं.
कुछ लोगों ने चिकित्सा से जुड़ी अहम बातें भी बताईं. एक डॉक्टर ने कहा कि सीपीआर देने से पहले मरीज की पल्स और सांस जरूर जांचनी चाहिए, तुरंत मेडिकल सहायता के लिए कॉल करनी चाहिए और सिर्फ वीडियो देखकर सीपीआर देने की कोशिश नहीं करनी चाहिए. वहीं कुछ यूजर्स ने यह भी लिखा कि जल्दबाजी में कई बार मदद की जगह नुकसान हो सकता है, इसलिए सबसे पहले यह समझना जरूरी है कि सामने वाले व्यक्ति को वास्तव में क्या हुआ है. कुल मिलाकर इस घटना के बाद लोगों के बीच सही सीपीआर तकनीक को लेकर जागरूकता बढ़ाने की जरूरत पर चर्चा तेज हो गई है.
यह भी पढ़ेंः Crocodile Found in Bathroom: बाथरूम में निकला 7 फीट का मगरमच्छ, मचा हड़कंप; देखें वीडियो
