इंग्लैंड के ऑलराउंडर मोईन अली ने इस बार इंडियन प्रीमियर लीग की जगह पाकिस्तान सुपर लीग में खेलने का फैसला किया. वह IPL में 3 साल रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और 4 साल चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेल चुके हैं, पिछले साल कोलकाता नाइट राइडर्स टीम में शामिल थे. उन्होंने खुलासा किया है कि क्यों उन्होंने आईपीएल की जगह पीएसएल को चुना, हालांकि उनके जवाब में उनकी बेबसी भी नजर आई.
मोईन अली का कहना है कि वह इस उम्र में क्रिकेट के मजे लेना चाहते हैं, लेकिन उन्हें इंडियन प्रीमियर लीग में ज्यादा मैच खेलने का मौका नहीं मिलता. इसमें उनकी बेबसी साफ झलकती है. सब जानते हैं कि इंडियन प्रीमियर लीग में अधिक प्रतिस्पर्धा है, इसमें दुनिया के बड़े क्रिकेटर्स खेलते हैं, ऐसे में सभी के लिए प्लेइंग 11 में खेलना असंभव होता है. इसके आलावा अली को लगता है कि पीएसएल एक छोटा टूर्नामेंट है, जिस वजह से वह अपने परिवार से अधिक समय के लिए दूर नहीं रहते.
IPL छोड़कर PSL में क्यों खेल रहे हैं मोईन अली
ARY पॉडकास्ट में मोईन अली ने कहा, “कई कारणों से मैंने IPL छोड़ने का फैसला किया. मैं 38 साल का हूं, लेकिन चाहता हूं कि क्रिकेट खेलता रहूं. जितना हो सकेगा मैं अपने क्रिकेट करियर को लंबा करना चाहता हूं. कराची एक कारण है कि मैं यहां हूं. ये एक छोटी लीग है, जो परिवार के लिहाज से भी अच्छी बात है. मैंने पिछले साल आईपीएल में आधे मैच खेले थे. सिर्फ 2 बार ही मुझे बैटिंग करने का मौका मिला था.”
यह भी पढ़ें- अभिषेक शर्मा ने 15 गेंद में जड़ा अर्धशतक, बाउंड्री से ठोक डाले 9 गेंद में 44 रन
मोईन अली ने कहा, “मैं अपने करियर के इस समय में मैदान पर उतरना चाहता हूं. मेरा मानना है कि मैं अभी अच्छी क्रिकेट खेल रहा हूं. जगह कहीं पर भी पक्की नहीं होती, यहां (PSL) भी नहीं है. लेकिन मैं जितना हो सके उतना खेलना चाहता हूं. मैं हमेशा ही पाकिस्तान सुपर लीग में खेलना चाहता था लेकिन ये समस्या थी कि इसका शेड्यूल IPL से थोड़ा टकराता है.”
यह भी पढ़ें- जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा ये क्रिकेटर, ICU में भर्ती; शाहिद अफरीदी ने की सलामती की दुआ
मोईन अली का IPL करियर
अली पिछले साल कोलकाता नाइट राइडर्स में थे, लेकिन उन्हें सिर्फ 6 मैचों में खेलने का मौका मिला और सिर्फ 2 बार उनकी बैटिंग आई. इससे पहले वह 2018 से 2020 तक रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और 2021 से 2024 तक चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेले. उन्होंने आईपीएल में 3 टीमों के लिए कुल 73 मैच खेले, जिसकी 59 पारियों में 1167 रन बनाए और 41 विकेट लिए.
