इंडियन प्रीमियर लीग का 19वां संस्करण जारी है, जिसमें आधे से ज्यादा मैच हो चुके हैं. अभी तक लीग में एक से बढ़कर एक मैच देखने को मिले हैं. हमने 265 को चेज होते देखा है, उसी पिच पर दिल्ली को 75 पर सिमटते देखा है. वैभव सूर्यवंशी इस साल भी विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे हैं, उन्होंने जारी सीजन में 36 गेंदों में शतक जड़ा है. वह बिहार से आते हैं, लेकिन सिर्फ वही नहीं हैं जो बिहार से हैं और IPL में धूम मचाए हुए हैं. यहां जानिए उन प्लेयर्स के बारे में.
वैभव सूर्यवंशी (RR)
वैभव सूर्यवंशी का जन्म 27 मार्च, 2011 को बिहार के समस्तीपुर के ताजपुर में हुआ था. उन्होंने 4 साल की उम्र में क्रिकेट खेलना शुरू किया और 14 साल की उम्र में तो IPL डेब्यू कर इतिहास रच दिया. वह IPL में खेलने वाले सबसे कम उम्र के प्लेयर हैं. पहले ही सीजन उन्होंने 35 गेंदों में शतक लगाकर इतिहास रचा, वह लीग में सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय हैं.
वैभव सूर्यवंशी ने 12 साल की उम्र में बिहार की अंडर-19 टीम के लिए खेला था. 2024 में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम के खिलाफ खेलकर टीम इंडिया की अंडर-19 टीम के लिए डेब्यू किया.
वैभव ने आईपीएल में अभी तक 15 मैच खेले हैं, जिसमें कुल 609 रन बनाए हैं. वह 2 शतक के आलावा 3 अर्धशतक भी जड़ चुके हैं. वह लीग में 56 छक्के लगा चुके हैं.
यह भी पढ़ें- विराट कोहली और क्रिस गेल ओपनर, MS धोनी कप्तान; दिग्गज ने चुनी ऑल-टाइम बेस्ट IPL प्लेइंग 11
साकिब हुसैन (SRH)
तेज गेंदबाज साकिब हुसैन ने जारी सीजन में IPL डेब्यू किया, वह सनराइजर्स हैदराबाद टीम में हैं. उन्होंने पहले ही मैच में 4 विकेट लेकर सुर्खियां बटोरी. 21 वर्षीय साकिब का जन्म 14 दिसंबर, 2004 को बिहार के गोपालगंज में हुआ था. उन्होंने अपने गांव में टेनिस बॉल से क्रिकेट खेलना शुरू किया था. साकिब को 2024 में KKR ने पहली बार खरीदा था, हालांकि उनके लिए वह खेल नहीं पाए.
ईशान किशन (SRH)
ईशान किशन ने पिछले मैच में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 74 रनों की शानदार पारी खेली थी, जिसके दम पर उनकी टीम ने 229 रनों का रन चेज किया. उन्होंने इसी सीजन राजस्थान के खिलाफ पिछले मैच में भी 91 रनों की धुआंधार पारी खेली थी. ईशान का जन्म 18 जुलाई, 1988 को बिहार की राजधानी पटना में हुआ था.
ईशान किशन बिहार की शान हैं, जो टी20 वर्ल्ड कप 2024 विनिंग टीम का हिस्सा थे. ईशान पिछले साल SRH में शामिल हुए थे. IPL 2026 के शुरूआती मैचों में ईशान ने ही SRH टीम की कप्तानी की थी.
यह भी पढ़ें- BCCI ने अंगकृष रघुवंशी को दी सजा, अंपायर से भिड़ना पड़ा महंगा; ठोका गया तगड़ा जुर्माना
मुकेश कुमार (DC)
मुकेश कुमार का जन्म भी बिहार के गोपालगंज में हुआ था. 32 वर्षीय मुकेश दिल्ली कैपिटल्स में शामिल हैं. हालांकि जारी संस्करण में उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है, उन्होंने 7 मैचों में सिर्फ 5 विकेट लिए हैं. उन्होंने 2023 में आईपीएल डेब्यू किया था, तब से वह DC टीम का ही हिस्सा हैं.
बिहार के ये खिलाड़ी भी IPL 2026 में शामिल
पटना में जन्मे मोहम्मद सलाहुद्दीन इजहार मुंबई इंडियंस टीम में शामिल हैं, हालांकि उन्हें अभी तक डेब्यू का मौका नहीं मिला है. दरभंगा से आने वाले सुशांत मिश्रा राजस्थान रॉयल्स में शामिल हैं, इससे पहले वह गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद में शामिल थे, हालांकि उन्हें अभी आईपीएल में डेब्यू करने का मौका नहीं मिला है. सनराइजर्स हैदराबाद में शामिल अमित कुमार भी बिहार के हैं. उन्होंने भी डेब्यू नहीं किया है.
