सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के पॉपुलर क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ को दर्शक खूब पसंद कर रहे हैं. अब इस शो को अपना पहला करोड़पति मिल गया है. जलगांव के रहने वाले भूषण ठाकरे ने 1 करोड़ रुपये जीतकर बड़ी कामयाबी हासिल की है. अब वो शो के सबसे बड़े यानी 7 करोड़ रुपये के सवाल का सामना करने जा रहे हैं.
भूषण के लिए यहां तक पहुंचने का सफर आसान नहीं रहा. कभी वो सिर्फ 24 रुपये लेकर मुंबई आए थे और अपने और परिवार के लिए बेहतर जिंदगी बनाने का सपना देखा था.
‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ के पहले करोड़पति बने भूषण ठाकरे
सोनी टीवी ने हाल ही में शो का एक प्रोमो जारी किया है, जिसमें भूषण ठाकरे 1 करोड़ रुपये के सवाल का सही जवाब देते नजर आ रहे हैं. इसके बाद अमिताभ बच्चन उन्हें गले लगाकर बधाई देते हैं. भूषण अब 7 करोड़ रुपये के सवाल तक पहुंच गए हैं. हालांकि, वो इस सवाल का सही जवाब दे पाते हैं या नहीं, इसका खुलासा अभी नहीं हुआ है.
शो के दौरान भूषण ने अपने परिवार के स्ट्रगल के बारे में भी बताया. उन्होंने बताया कि उनके पिता दिहाड़ी मजदूर के तौर पर काम करते थे और मां की तबीयत अक्सर खराब रहती थी. भूषण ने बताया कि उनके माता-पिता ने उनके लिए बहुत मेहनत की है. वो चाहते थे कि जिंदगी में कुछ ऐसा हासिल करें, जिससे उनके माता-पिता को उन पर गर्व हो.
डेढ़ साल से घर नहीं गए भूषण ठाकरे
अमिताभ बच्चन से बातचीत के दौरान भूषण ने बताया कि वो 28 साल के हो चुके हैं, लेकिन पिछले डेढ़ साल से घर नहीं गए. इसकी वजह बताते हुए उन्होंने कहा, ‘सर, मैं पिछले डेढ़ साल से घर नहीं गया हूं और अब मेरी उम्र 28 साल हो गई है. मेरे माता-पिता ने मुझे बहुत मेहनत से पाला है. मेरे पिता मजदूरी करते थे और मेरी मां की तबीयत अक्सर खराब रहती थी. उनकी कई सर्जरी भी हुई हैं. इसके बावजूद मेरे पिता ने मां का ख्याल रखा और मेरी पूरी पढ़ाई का खर्च भी उठाया. मैं सिर्फ 24 रुपये लेकर मुंबई आया था.’
उन्होंने आगे कहा, ‘लेकिन मुझे लगने लगा था कि मैं अभी तक जिंदगी में सेटल नहीं हो पाया हूं. इसलिए मैंने अपने माता-पिता से कहा कि मैं तभी घर लौटूंगा, जब जिंदगी में कुछ अच्छा हासिल कर लूंगा.’
पिता नहीं चाहते थे कि बेटा मजदूरी करे
भूषण ने बताया कि वो प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे, लेकिन जब वो परीक्षा पास नहीं कर पाए तो घर पर रहकर पढ़ाई करने लगे. पिता को मजदूरी करते देखकर उन्हें लगा कि उन्हें भी काम करना चाहिए, ताकि परिवार की मदद कर सकें. इसी वजह से उन्होंने गांव की नदी पर काम करना शुरू कर दिया, लेकिन उनके पिता को ये बात पसंद नहीं आई.
भूषण ने कहा, ‘जब मैं प्रतियोगी परीक्षा पास नहीं कर पाया तो मैंने गांव की नदी पर काम करना शुरू कर दिया. लेकिन मेरे पिता को ये बिल्कुल पसंद नहीं था. उन्होंने मुझसे कहा कि या तो घर पर रहकर पढ़ाई करो या अपनी पढ़ाई पूरी करने पर ध्यान दो. वो नहीं चाहते थे कि मैं मजदूरी करूं. उन्होंने मुझे कभी मजदूरी करने की इजाजत नहीं दी.’
अब 7 करोड़ रुपये के सवाल पर टिकी नजरें
भूषण ठाकरे ने 1 करोड़ रुपये जीतकर ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ में बड़ी उपलब्धि हासिल की है. कभी सिर्फ 24 रुपये लेकर मुंबई आए भूषण अब 7 करोड़ रुपये के सवाल तक पहुंच चुके हैं. अब देखना होगा कि भूषण 7 करोड़ रुपये के सवाल का सही जवाब दे पाते हैं या नहीं.
बता दें कि ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ का टेलीकास्ट सोमवार से शुक्रवार रात 9 बजे सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन और सोनी लिव पर होता है.
