‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ के लेटेस्ट एपिसोड में गुरुग्राम के बिजनेसमेन नितिन कुमार ने एक ऐसे स्ट्रीट फूड से जुड़े सवाल पर दांव लगाया, जिसका नाम सुनकर शायद आपको भी घड़ी के ब्रैंड का ख्याल आए. सवाल में रोलेक्स नाम के एक इंडियन-इंस्पायर्ड स्ट्रीट फूड के बारे में पूछा गया था. नितिन इस सवाल का सही जवाब नहीं दे पाए, लेकिन इससे पहले वह 5 लाख रुपये जीत चुके थे और 7.5 लाख के सवाल पर वो आउट हो गए.
इंडियन-इंस्पायर्ड स्ट्रीट फूड पर था सवाल
7.5 लाख रुपये के लिए अमिताभ बच्चन ने नितिन से पूछा कि किस देश में रोलेक्स नाम का लोकप्रिय स्ट्रीट स्नैक मिलता है, जिसे ऑमलेट को चपाती में लपेटकर बनाया जाता है.
सवाल के विकल्प थे – फिजी, साउथ अफ्रीका, युगांडा और यूएई. नितिन जवाब को लेकर असमंजस में थे. उन्होंने 50:50 लाइफलाइन का इस्तेमाल किया, जिसके बाद फिजी और युगांडा दो विकल्प रह गए.
नितिन ने फिजी को सही जवाब मानकर लॉक कर दिया. हालांकि, सही जवाब युगांडा था. इस तरह वह 7.5 लाख रुपये के सवाल का जवाब देने से चूक गए और 5 लाख रुपये लेकर गेम से बाहर हो गए.
क्या है युगांडा का रोलेक्स ?
जिस रोलेक्स को लेकर केबीसी में सवाल पूछा गया, वह कोई घड़ी नहीं बल्कि युगांडा का मशहूर स्ट्रीट फूड है. इसे चपाती और अंडे से तैयार किया जाता है. आम तौर पर चपाती के ऊपर ऑमलेट रखा जाता है और फिर उसे रोल करके परोसा जाता है.
रोलेक्स नाम को रोल्ड एग्स से जोड़कर देखा जाता है. यह स्नैक युगांडा में काफी फेमस है और वहां के स्ट्रीट फूड कल्चर का हिस्सा बन चुका है. इसकी खासियत यह भी है कि इसमें इंडियन चपाती जैसी चीज का इस्तेमाल होता है. इसे अंडा और सब्जियां मिलाकर बनाया जाता है.
22 साल की उम्र में शुरू किया अपना बिजनेस
नितिन गुरुग्राम में अपना बिजनेस चलाते हैं. शो के दौरान उन्होंने अमिताभ बच्चन को अपने काम के बारे में बताया.
नितिन अनामॉर्फिक आर्ट से जुड़े बिजनेस में काम करते हैं. उनकी कंपनी इवेंट्स और दूसरी जगहों पर इस्तेमाल होने वाली 3D इमेजिंग तकनीक पर काम करती है. उन्होंने बताया कि इस तकनीक के जरिए छोटी स्क्रीन पर भी 3D इमेज दिखाई जा सकती है और इसके लिए सिनेमा हॉल में इस्तेमाल होने वाले खास 3D चश्मे की जरूरत नहीं होती.
नितिन ने यह भी बताया कि उन्होंने महज 22 साल की उम्र में अपना बिजनेस शुरू कर दिया था. इसके अलावा उन्हें एडवेंचर स्पोर्ट्स में भी दिलचस्पी है. रूस में रहने के दौरान उन्होंने आइस स्केटिंग शुरू की थी.
