Headlines

Maharashtra Flood News: भारी बारिश से तबाह आलंदी के लिए 10 करोड़ की मदद, युद्धस्तर पर शुरू होंगे काम


महारष्ट्र में पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश और आई भीषण बाढ़ के कारण श्रीक्षेत्र आलंदी की नागरिक एवं आधारभूत सुविधाओं को भारी नुकसान पहुंचा है. जिसके तहत वहां की आधारभूत सुविधाओं के पुनर्निर्माण के लिए राज्य सरकार के नगर विकास विभाग ने 10 करोड़ रुपये की विशेष निधि मंजूर की है. राज्य के उपमुख्यमंत्री एवं नगर विकास मंत्री एकनाथ शिंदे ने आलंदी नगर परिषद के मुख्याधिकारी माधव खांडेकर को निर्देश दिए हैं कि सभी विकास कार्य तत्काल और युद्धस्तर पर शुरू किए जाएं.

आगामी आषाढ़ी एकादशी पालखी समारोह के लिए लाखों वारकरी और श्रद्धालु आलंदी पहुंच रहे हैं. लेकिन भारी बारिश और बाढ़ के कारण श्रद्धालुओं के लिए बनाए गए अस्थायी शौचालय बह गए हैं. साथ ही, आलंदी का जल शुद्धिकरण केंद्र पानी में डूब गया है और पेयजल आपूर्ति की पाइपलाइन को भी भारी नुकसान पहुंचा है. कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइटें गिर गई हैं, अधिकांश सड़कों की हालत खराब हो गई है तथा नदी किनारे बने सुरक्षा रेलिंग भी कई जगह टूट गई हैं. इससे स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था.

                                                                                                                                                                                                                                             श्रद्धालुओं को दिक्कत न हो सीएम ने दिए निर्देश 

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी श्रद्धालुओं की असुविधा दूर करने और स्थिति को सामान्य बनाने के लिए लगातार मार्गदर्शन कर रहे हैं. उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मंगलवार दोपहर आलंदी नगर परिषद के मुख्याधिकारी से सीधे दूरभाष पर चर्चा कर स्थिति की विस्तृत जानकारी ली. साथ ही, आलंदी पहुंचे वारकरियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं.

यह भी पढ़ें: उद्धव ठाकरे ने बुलाई विधायकों की बैठक, राम मंदिर दान चोरी समेत इन मुद्दों पर चर्चा

10 करोड़ रूपए मंजूर 

इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक के बाद नगर विकास विभाग ने आलंदी के अत्यावश्यक कार्यों के लिए तत्काल 10 करोड़ रुपये मंजूर कर दिए और कुछ ही घंटों में इस संबंध में शासनादेश (GR) भी जारी कर दिया गया. उपमुख्यमंत्री के निर्देशानुसार प्रशासन ने मौके पर कार्य भी शुरू कर दिया है.

मंजूर किए गए 10 करोड़ रुपये में से 5 करोड़ रुपये “विशेष अनुदान” के तहत दिए जाएंगे. इसके अंतर्गत:

  • पेयजल वितरण व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए 3 करोड़ रुपये.
  • नई स्ट्रीट लाइट एवं पोल लगाने के लिए 1 करोड़ रुपये.
  • श्रद्धालुओं के लिए शौचालय एवं स्वच्छता सुविधाओं के निर्माण हेतु 1 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे.

पुल-सड़कों-मंदिर की मरम्मत होगी 

इसके अतिरिक्त, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की सड़कें और पुलों की तत्काल मरम्मत के लिए ‘विशेष सड़क अनुदान योजना’ के अंतर्गत अतिरिक्त 5 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं. इस राशि से नगर परिषद क्षेत्र के पुलों, सड़कों तथा उनके किनारे की नालियों की मरम्मत और निर्माण कार्य किए जाएंगे.

आषाढ़ी वारी से पहले मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और राज्य सरकार द्वारा लिए गए इस 10 करोड़ रुपये के त्वरित निर्णय से आलंदी के बाढ़ प्रभावित नागरिकों और वारकरी श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिली है.

यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र में डांस बार पर देवेंद्र फडणवीस सरकार की सख्ती! विधानसभा में नया बिल पेश



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *