अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के करीबी सहयोगी माने जाने वाले सलीम डोला को लेकर मुंबई में बड़ी कानूनी हलचल देखने को मिल रही है. मुंबई क्राइम ब्रांच ने डोला की कस्टडी लेने के लिए विशेष एनडीपीएस कोर्ट में अर्जी दाखिल की है. जानकारी के अनुसार, अगर कोर्ट से अनुमति मिल जाती है तो क्राइम ब्रांच, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) से सलीम डोला की कस्टडी लेगी और उससे आगे की पूछताछ करेगी.
इसके अलावा, इस कदम को जांच एजेंसियों के लिए अहम माना जा रहा है, क्योंकि डोला के जरिए अंडरवर्ल्ड से जुड़े कई बड़े खुलासे हो सकते हैं. फिलहाल कोर्ट के फैसले पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं, जो इस मामले की दिशा तय करेगा.
8 मई तक एनसीबी की हिरासत में है सलीम डोला
जानकारी के अनुसार, क्राइम ब्रांच द्वारा दायर की अर्जी पर एनडीपीएस कोर्ट को अनुमति मिलने और डोला की एनसीबी कस्टडी मिलने के बाद ही मुंबई क्राइम ब्रांच को उसकी कस्टडी मिलेगी. फिलहाल सलीम डोला 8 मई तक एनसीबी की हिरासत में है. जहां उससे ड्रग्स से जुड़े मामलों में पूछताछ जारी है. क्राइम ब्रांच ने अर्जी दायर करके अदालत से प्रोडक्शन वारंट जारी करने की मांग की है. ताकि एनसीबी की रिमांड खत्म होने के बाद डोला को उनकी कस्टडी में लिया जा सके. कानूनी प्रक्रिया के तहत क्राइम ब्रांच को पहले कोर्ट में यह बताना होता है कि आरोपी की कस्टडी क्यों जरूरी है. यदि कोर्ट को लगता है कि अन्य मामलों में पूछताछ जरूरी है, तो वह प्रोडक्शन वारंट जारी कर देती है इसके बाद संबंधित एजेंसी आरोपी को अपनी हिरासत में ले सकती है. क्राइम ब्रांच पहले सांगली ड्रग्स केस, उसके बाद मैसूर ड्रग्स केस और उसके बाद तेलंगाना ड्रग्स केस समेत कई अन्य मामलों में लगातार कस्टडी लेगी.
ये भी पढ़िए- Maharashtra News: मीरा रोड ‘लोन वुल्फ’ अटैक केस, ATS ने ज़ुबेर अंसारी पर लगाया UAPA, 11 मई तक हिरासत में
सलीम डोला कई बड़े ड्रग्स नेटवर्क का अहम हिस्सा- क्राइम ब्रांच
मुंबई क्राइम ब्रांच के अनुसार, सलीम डोला कई बड़े ड्रग्स नेटवर्क का अहम हिस्सा रहा है. जांच में सामने आया है कि सांगली, मैसूरु और तेलंगाना में सामने आए ड्रग्स फैक्ट्री मामलों में उसकी भूमिका संदिग्ध है. इसके अलावा, 2024 में 4 किलो एमडी ड्रग्स जब्ती मामले में भी उसका नाम सामने आया था. क्राइम ब्रांच का मानना है कि डोला से पूछताछ के जरिए ड्रग्स नेटवर्क के बड़े गिरोह का खुलासा हो सकता है. अब इस मामले में अंतिम फैसला एनडीपीएस कोर्ट को करना है. अदालत की मंजूरी मिलने के बाद ही डोला को एनसीबी से मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंपा जाएगा.
ये भी पढ़िए- बंगाल में मिली बड़ी हार के बाद क्या करें ममता दीदी? AIMIM नेता वारिस पठान ने दी बड़ी सलाह
