नोएडा के निवासियों के लिए सफर अब और आसान होने जा रहा है. नोएडा प्राधिकरण और यूपी रोडवेज यानी UPSRTC ने मिलकर शहर की सड़कों पर 50 नई सिटी बसें उतारने का फैसला किया है. ये बसें जाम से राहत दिलाने के साथ-साथ जेवर एयरपोर्ट और ग्रेटर नोएडा वेस्ट जैसे अहम इलाकों को सीधी कनेक्टिविटी भी देंगी.
नोएडा अथॉरिटी और UPSRTC के बीच समन्वय के बाद शहर के 4 प्रमुख रूटों पर बसों का संचालन शुरू होगा. ये बसें सेक्टर-90 डिपो और बॉटनिकल गार्डन को मुख्य केंद्र बनाकर चलाई जाएंगी. पहला रूट बॉटनिकल गार्डन से ग्रेटर नोएडा वेस्ट यानी गौड़ चौक तक, दूसरा जेवर एयरपोर्ट तक, तीसरा सेक्टर-62 तक और चौथा रूट फेस-2 होते हुए कलेक्ट्रेट सूरजपुर तक जाएगा.
सेक्टर-90 में बना आधुनिक डिपो, ई-चार्जिंग की सुविधा
बसों के रखरखाव के लिए सेक्टर-90 में एक आधुनिक डिपो तैयार किया गया है, जहां ई-चार्जिंग स्टेशन और वर्कशॉप की पूरी सुविधा मौजूद है. बॉटनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन पर भी ‘अपॉर्चुनिटी चार्जिंग स्टेशन’ बनाए गए हैं ताकि बसों का संचालन बिना किसी रुकावट के सुचारू रूप से चलता रहे.
खास बात यह है कि बसों के संचालन में होने वाले घाटे यानी VGF का भुगतान नोएडा प्राधिकरण करेगा. इससे यात्रियों को किफायती दरों पर UPSRTC की बेहतर सेवाएं मिलती रहेंगी और आम लोगों की जेब पर बोझ नहीं पड़ेगा.
जेवर एयरपोर्ट और मेट्रो से सीधा जुड़ाव, बढ़ेगी कनेक्टिविटी
इस बस सेवा की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह जेवर एयरपोर्ट तक सीधी कनेक्टिविटी देगी, जिससे हवाई यात्रियों को काफी राहत मिलेगी. साथ ही बॉटनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन से जुड़ाव होने के कारण मेट्रो और बस दोनों का एकीकृत लाभ मिलेगा.
इस पहल से नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लाखों यात्रियों को फायदा होगा. सार्वजनिक परिवहन मजबूत होने से निजी वाहनों का बोझ सड़कों पर कम होगा और ट्रैफिक जाम की समस्या में भी राहत मिलने की उम्मीद है.
