Headlines

Pasteurized Milk: बगैर उबाले कोई दूध क्यों नहीं बेचती कंपनी, क्या है इसके पीछे की वजह?


Why No Company Sells Milk Without Boiling Reason: दूध खरीदते समय ज्यादातर लोगों के मन में एक सवाल जरूर आता है कि पैकेट में मिलने वाले दूध को घर पर उबालना जरूरी है या नहीं. खासकर जब घरों में सालों से दूध को उबालकर पीने की आदत रही हो, तब यह सवाल और भी अहम हो जाता है. आखिर डेयरी कंपनियां दूध को बिना उबाले पैकेट में क्यों बेचती हैं? क्या कंपनी की ओर से मिलने वाला दूध पहले ही इतना सुरक्षित बना दिया जाता है कि उसे दोबारा उबालने की जरूरत नहीं पड़ती?

इसका जवाब दूध को पैक करने से पहले अपनाई जाने वाली प्रोसेसिंग में छिपा है. पैकेज्ड दूध आमतौर पर पाश्चराइजेशन जैसी प्रक्रिया से गुजरता है. इसमें दूध को एक तय तापमान तक गर्म किया जाता है और फिर तेजी से ठंडा कर दिया जाता है. इस प्रक्रिया का मकसद दूध में मौजूद बीमारी पैदा करने वाले हानिकारक सूक्ष्मजीवों को कम करना होता है. यानी दूध कंपनी से आपके घर तक पहुंचने से पहले ही एक नियंत्रित हीट ट्रीटमेंट से गुजर चुका होता है.

कंपनी दूध को पहले ही कर देती है प्रोसेस

पाश्चराइजेशन दूध को बिना उबाले बेचने की सबसे बड़ी वजह यही है कि उसे पैकेजिंग से पहले ही सुरक्षित बनाने की प्रक्रिया से गुजारा जाता है. दूध को गर्म करने और फिर तेजी से ठंडा करने की प्रक्रिया के बाद इसे साफ और सुरक्षित पैकेजिंग में भरा जाता है.

इसलिए पैकेट खोलने के बाद इसे दोबारा लंबे समय तक उबालना जरूरी नहीं होता, अगर दूध को सही तापमान पर रखा गया है और पैकेट सुरक्षित है. हालांकि, अगर किसी को दूध गर्म करके पीना पसंद है तो उसे गर्म किया जा सकता है. यहां जरूरी बात यह है कि दूध को बार-बार या लंबे समय तक उबालना अनिवार्य नहीं है.

UHT दूध में तो और ज्यादा तापमान पर होती है प्रोसेसिंग

पैकेज्ड दूध में UHT यानी अल्ट्रा-हाई टेंपरेचर प्रोसेसिंग भी इस्तेमाल की जाती है. इस प्रक्रिया में दूध को बहुत अधिक तापमान पर कुछ सेकंड के लिए गर्म किया जाता है और फिर तेजी से ठंडा करके खास तरह की पैकेजिंग में पैक किया जाता है.

इस प्रोसेसिंग का मकसद दूध में मौजूद सूक्ष्मजीवों को काफी हद तक खत्म करना होता है. यही वजह है कि बिना खुले UHT दूध को आमतौर पर लंबे समय तक बिना फ्रिज के रखा जा सकता है. हालांकि, इसके लिए पैकेट पर दिए गए स्टोरेज निर्देशों का पालन करना जरूरी है.

Pasteurized Milk: बगैर उबाले कोई दूध क्यों नहीं बेचती कंपनी, क्या है इसके पीछे की वजह?

फिर घर पर दूध उबालने की जरूरत क्यों नहीं?

जब पैकेज्ड दूध पहले ही पाश्चराइजेशन या UHT जैसी प्रक्रिया से गुजर चुका है, तो उसे घर पर दोबारा तेज आंच पर उबालने से सुरक्षा के लिहाज से जरूरी अतिरिक्त फायदा नहीं मिलता. उल्टा, दूध को लंबे समय तक या बार-बार गर्म करने से उसके स्वाद और कुछ गर्मी के प्रति संवेदनशील पोषक तत्वों पर असर पड़ सकता है. यही वजह है कि पैकेट वाला दूध खरीदने के बाद सबसे जरूरी बात उसे सही तरीके से स्टोर करना है, न कि उसे बार-बार उबालना. अगर दूध फ्रिज में सही तरीके से रखा गया है और पैकेट पर दिए गए निर्देशों का पालन किया गया है, तो उसे जरूरत के हिसाब से इस्तेमाल किया जा सकता है.

लेकिन कच्चे दूध का मामला अलग है

अब यहां पैकेज्ड दूध और कच्चे दूध के बीच अंतर समझना जरूरी है. दूध अगर सीधे दूधवाले से लिया गया है और वह पाश्चराइजेशन नहीं है, तो उसे पैकेज्ड दूध की तरह नहीं माना जा सकता. कच्चे दूध में हानिकारक बैक्टीरिया और दूसरे सूक्ष्मजीव मौजूद हो सकते हैं. दूध निकालने, रखने और एक जगह से दूसरी जगह ले जाने के दौरान भी उसमें संक्रमण का खतरा हो सकता है. इसलिए कच्चे दूध को इस्तेमाल करने से पहले अच्छी तरह गर्म करना जरूरी होता है. 

इसे भी पढ़ें : AIIMS Video Consultation: अब वीडियो कॉल पर चेकअप करेंगे AIIMS के डॉक्टर, बार-बार नहीं आना पड़ेगा अस्पताल 

पैकेट खोलने के बाद स्टोरेज सबसे जरूरी

पाश्चराइजेशन दूध को पैकेट पर दिए गए निर्देशों के मुताबिक फ्रिज में रखना चाहिए. पैकेट खुलने के बाद दूध को दोबारा अच्छी तरह बंद करके रेफ्रिजरेटर में रखें और कंपनी की ओर से बताई गई अवधि के भीतर इस्तेमाल करें. अगर पैकेट फूला हुआ हो, उसमें लीकेज हो या दूध की गंध और बनावट सामान्य से अलग लगे, तो उसे इस्तेमाल करने से बचना चाहिए.

इसे भी पढ़ें : Weight Loss Drugs: आंखें खराब कर रहीं वजन घटाने की दवाएं, जानें ये कितनी खतरनाक? 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *