पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में सोमवार को चुनाव के दौरान विरोध और बहिष्कार का असर साफ दिखाई दिया. बाग और हवेली जिले की चार विधानसभा सीटों पर कड़ी निगरानी के बीच मतदान कराया गया. कई मतदान केंद्रों पर पूरे दिन सन्नाटा पसरा रहा और एक भी वोट नहीं पड़ा. हालांकि कुछ वीवीआईपी मतदान केंद्रों पर लोगों ने मतदान किया. मतदान के दौरान बूथ कैप्चरिंग को लेकर राजनीतिक कार्यकर्ताओं के बीच झड़प और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन भी देखने को मिला.
बाग-हवेली की चार सीटों पर हुआ मतदान
सोमवार को बाग और हवेली जिले की चार विधानसभा सीटों पर मतदान हुआ. इनमें हवेली जिले की बाग-4 सीट भी शामिल है. इस सीट से PoK के मौजूदा प्रधानमंत्री फैसल मुमताज राठौड़ पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) के उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रहे हैं.
शाम साढ़े पांच बजे मतदान खत्म होने के बाद सभी सीटों पर मतगणना शुरू कर दी गई. इसी दौरान सामने आया कि बाग-2 विधानसभा सीट के कई मतदान केंद्रों पर पूरे दिन एक भी वोट नहीं पड़ा.
कई मतदान केंद्रों पर नहीं पड़ा एक भी वोट
एबीपी न्यूज के पास बाग-2 सीट के कई मतदान केंद्रों के नतीजों की एक्सक्लूसिव कॉपी है. इसके मुताबिक, मलोट इलाके के बॉयज प्राइमरी स्कूल स्थित मतदान केंद्र संख्या 114 पर एक भी वोट नहीं पड़ा.
इसी तरह गवर्नमेंट बॉयज हाई स्कूल बारा बाड़ी के बूथ पर भी मतदान का बहिष्कार किया गया. बारा बाड़ी पश्चिम स्कूल के मतदान केंद्र पर भी कोई वोट नहीं पड़ा.
बहिष्कार के बीच कार्यकर्ताओं में झड़प
मतदान के बहिष्कार के बीच बूथ कैप्चरिंग के आरोपों को लेकर पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (PML-N) और पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) के कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट की खबर भी सामने आई.
वहीं, बाग में मतदान के दौरान कुछ लोग अपने घरों से बाहर निकले और पाकिस्तानी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने मतदान के बहिष्कार के समर्थन में भी नारे लगाए.
बाग-1 में साजिद इकबाल ने अतीक खान को हराया
PoK की चार विधानसभा सीटों पर चल रही मतगणना के दौरान बाग-1 सीट का नतीजा सामने आ चुका है. यहां अवामी दस्त-ओ-बाजू पार्टी के साजिद इकबाल ने PoK के दो बार प्रधानमंत्री रह चुके और मुस्लिम कॉन्फ्रेंस के प्रमुख सरदार अतीक खान को हरा दिया है.
वहीं बाग-4 सीट पर मौजूदा प्रधानमंत्री फैसल मुमताज राठौड़ आगे चल रहे हैं. बाग-2 सीट पर PPP के जिया उल कमर बढ़त बनाए हुए हैं, जबकि बाग-3 सीट पर PML-N के सरदार मीर अकबर खान आगे चल रहे हैं.
PML-N पहले ही बहुमत के आंकड़े के पार
PoK में दो चरणों में हुए चुनाव में PML-N पहले ही बहुमत के आंकड़े को पार कर चुकी है. चुनाव आयोग की ओर से चारों सीटों के आधिकारिक आंकड़े मंगलवार दोपहर तक जारी किए जाने की उम्मीद है.
अब नजर उन सात सीटों पर है, जहां अभी चुनाव होना बाकी है. इन इलाकों में जारी विरोध और विद्रोह के बीच क्या आने वाले दिनों में मतदान कराया जाएगा या फिर PoK में PML-N की सरकार बनने और हालात सामान्य होने के बाद इन सीटों पर चुनाव होंगे, यह देखना महत्वपूर्ण होगा.
यह भी पढ़ें : कोलंबिया में 7.4 तीव्रता के भूकंप ने मचाई तबाही, अब तक 111 मौतें, 1500 से ज्यादा घर तबाह
