पोल्ट्री फार्म चलाने वाले किसानों के लिए मुर्गियों को बीमारियों से बचाना सबसे बड़ी जिम्मेदारियों में से एक है. खासकर बर्ड फ्लू यानी एवियन इन्फ्लुएंजा जैसी बीमारी पोल्ट्री बिजनेस को बड़ा नुकसान पहुंचा सकती है. यह एक संक्रामक वायरल बीमारी है, जो मुर्गियों और दूसरी पक्षी प्रजातियों को प्रभावित कर सकती है. संक्रमित पक्षियों के संपर्क, उनके मल-मूत्र, दूषित पानी, दाने और संक्रमित चीजों के जरिए इसका संक्रमण फैल सकता है.
जंगली और दूसरे पक्षी भी इस वायरस को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने में भूमिका निभाते हैं. ऐसे में अगर आप पोल्ट्री फार्म चलाते हैं या घर पर मुर्गियां पालते हैं, तो कुछ जरूरी सावधानियां अपनाकर संक्रमण का खतरा कम कर सकते हैं, जिससे आपकी मुर्गियां भी सुरक्षित रहेंगी और आपके बिजनेस में भी परेशानी नहीं आएंगी.
फार्म के गेट पर रखें फुटबाथ
पोल्ट्री फार्म में संक्रमण रोकने के लिए फुटबाथ की व्यवस्था जरूर करें. इसमें जूतों को साफ और कीटाणुरहित करने के लिए उपयुक्त डिसइंफेक्टेंट का इस्तेमाल किया जाता है. फार्म में प्रवेश करने वाले कर्मचारियों और दूसरे लोगों को फुटबाथ से गुजरना चाहिए. ध्यान रखें कि फुटबाथ का घोल नियमित रूप से बदलें और इस्तेमाल के लिए उत्पाद के निर्देशों का पालन करें. इसके अलावा फार्म में इस्तेमाल होने वाले जूते अलग रखें.
साफ-सफाई के लिए रखें डिसइंफेक्टेंट
पोल्ट्री फार्म में फर्श, दीवारों, पिंजरों, दाना-पानी के बर्तनों और अन्य चीजों की नियमित सफाई जरूरी है. इसके लिए फार्म में पशु-पक्षियों के उपयोग के लिए डिसइंफेक्टेंट रखें. ध्यान रहे कि केवल ऊपर से दवा छिड़कना पर्याप्त नहीं है. पहले गंदगी, पंख और बीट हटाकर सतह को साफ करें, उसके बाद निर्धारित तरीके से कीटाणुनाशक का इस्तेमाल करें. सफाई के दौरान मुर्गियों को उस जगह से दूर रखें.
जंगली पक्षियों से करें बचाव
बर्ड फ्लू का वायरस जंगली पक्षियों के जरिए भी पोल्ट्री फार्म तक पहुंच सकता है. इसलिए मुर्गियों के शेड को इस तरह तैयार करें कि बाहर के पक्षी अंदर प्रवेश न कर सकें. खिड़कियों और खुले हिस्सों पर मजबूत जाली लगाएं. दाना और पानी ऐसी जगह रखें, जहां जंगली पक्षी पहुंचकर उन्हें दूषित न कर सकें. फार्म के आसपास जमा पानी और अनावश्यक गंदगी भी साफ रखें.
यह भी पढ़ें: Pig Farming: सुअर पालकर करें 12 लाख की कमाई, कैसे पिग फार्मिंग बना रही लखपति?
फार्म में रखें साफ पानी और सुरक्षित दाना
मुर्गियों को हमेशा साफ और ताजा पानी पिलाएं. पानी की टंकियों और बर्तनों को नियमित रूप से साफ करें. दाने को बंद और सुरक्षित कंटेनर में रखें, ताकि चूहे और जंगली पक्षी उसमें गंदगी न फैला सकें. दाना-पानी के बर्तनों को खुले में रखने से बचें. जरूरत पड़ने पर पशु चिकित्सक की सलाह से पानी को कीटाणुरहित करने की व्यवस्था करें.
नए पक्षियों को तुरंत पुराने झुंड में न मिलाएं
अगर आप फार्म में नई मुर्गियां खरीदकर ला रहे हैं, तो उन्हें तुरंत पुराने झुंड के साथ न रखें. नए पक्षियों को अलग स्थान पर रखकर उनकी सेहत पर नजर रखें. सामान्य तौर पर कम से कम 21 दिनों तक अलग रखने की सलाह दी जाती है. इस दौरान किसी बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर पशु चिकित्सक से संपर्क करें.
बीमार मुर्गियों के लक्षण पहचानें
बर्ड फ्लू होने पर मुर्गियों में सुस्ती, भूख कम लगना, सांस लेने में परेशानी, दस्त, सिर और गर्दन में असामान्य बदलाव तथा अंडे देने की क्षमता में गिरावट जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं. कई बार बिना किसी स्पष्ट लक्षण के अचानक पक्षियों की मौत भी हो सकती है. अगर फार्म में अचानक कई मुर्गियां मरने लगें, तो इसे सामान्य बीमारी समझकर नजरअंदाज न करें.
ग्लव्स, मास्क और अलग कपड़े रखें
फार्म में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए ग्लव्स, मास्क, साफ कपड़े और अलग जूते उपलब्ध रखें. काम शुरू करने और खत्म करने के बाद हाथ साबुन से धोएं. फार्म में आने-जाने वाले बाहरी लोगों की संख्या सीमित रखें. वाहनों और चीजों को भी फार्म में प्रवेश से पहले साफ और कीटाणुरहित करें.
यह भी पढ़ें: खेती के साथ शुरू करें बागवानी, सरकार दे रही 40% तक सब्सिडी!
