Raghav Chadha: राजनीति में बयान और पुराने वीडियो अक्सर नेताओं का पीछा नहीं छोड़ते और जब हालात बदलते हैं तो वही बयान सोशल मीडिया पर नए तरीकों के साथ वायरल होने लगते हैं. इस समय कुछ ऐसा ही राघव चड्ढा के साथ भी हो रहा है. राघव चड्ढा के आम आदमी पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल होने के बाद उनके पुराने वीडियो खूब वायरल हो रहे हैं, जिनमें वह ईमानदारी, पार्टी के प्रति निष्ठा और खरीदे न जाने जैसे बड़े दावे करते नजर आ रहे हैं.
इन वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है और यूजर्स अब उनके पुराने बयानों को मौजूदा सियासी घटनाक्रम से जोड़कर देख रहे हैं. इसी वजह से यह मुद्दा तेजी से ट्रेंड कर रहा है और सोशल मीडिया पर यूजर्स अलग-अलग तरह से इस पर रिएक्ट कर रहे हैं.
वो रकम नहीं बनी जो राघव चड्ढा को…
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे पुराने वीडियो में राघव चड्ढा कहते नजर आते हैं कि आज तक वह रकम नहीं बनी और वह शख्स पैदा नहीं हुआ जो मुझे, आम आदमी और पार्टी अरविंद केजरीवाल को खरीद सके. वहीं एक दूसरे वीडियो में वह बीजेपी पर तंज कसते हुए कहते हैं कि यह एक वॉशिंग मशीन है, जिसमें भ्रष्टाचारी डालो और दूसरी तरफ क्लीन चिट निकलती है. एक और क्लिप में वह बताते हैं कि अरविंद केजरीवाल ने उन्हें राजनीति में कदम-कदम पर सिखाया और आगे बढ़ाया. इस बीच प्रियंका गांधी का भी एक पुराना बयान वायरल हो रहा है, जिसमें वह वाशिंग मशीन वाली टिप्पणी करती नजर आती है. अब यूजर्स इन सभी वीडियो को जोड़कर मौजूदा हालात से लिंक कर रहे हैं.
यूजर्स ने जमकर किए कमेंट
राघव चड्ढा के बीजेपी में शामिल होने के बाद उनके पुराने वीडियो वायरल होते ही कमेंट सेक्शन में लोगों के रिएक्शन के बाढ़ आ गई. एक यूजर ने उनके वीडियो देखकर लिखा जिस थाली में खाया, उसी में छेद कर दिया. दूसरे ने कहा ऐसे आदमी पर कोई भरोसा नहीं करेगा. एक और यूजर ने तंज करते हुए लिखा वाशिंग मशीन में आप भी धुल गए राघव चड्ढा जी. तो वहीं कुछ लोगों ने राजनीति में दल-बदल को लेकर भी अपनी नाराजगी जताई.
एक यूजर ने लिखा जिस पार्टी से नेता जीते हैं, उसी में पूरा कार्यकाल रहना चाहिए नहीं तो इस्तीफा देना चाहिए. वहीं एक यूजर ने शायराना अंदाज में लिखा, वह आए थे तवायफों के कोठे बंद करवाने, सिक्कों की खनक देखकर खुद ही मुजरा कर बैठे. वहीं एक और यूजर कमेंट कर कहता है दल-बदलू नेता किसी के नहीं हो सकते. जबकि दूसरी तरफ राघव चड्ढा के सपोर्टर कमेंट कर कहते हैं कि यह उनकी मर्जी है कि वह किस पार्टी में शामिल हो रहे हैं.
ये भी पढ़ें-Viral Video: कार की सर्विसिंग महंगी पड़ी तो खुद बना मिस्त्री, ईंट-सीमेंट से फिक्स कर दी गाड़ी; वीडियो वायरल
