बिहार में आठ एमएलसी सीटों पर होने वाले चुनाव से पहले एनडीए के भीतर सियासी हलचल तेज हो गई है. चार शिक्षक और चार स्नातक सीटों पर होने वाले चुनाव में राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के तीन विधायकों के बागी तेवर सामने आए हैं. सारण निर्वाचन क्षेत्र में एनडीए के उम्मीदवार के बजाय इन विधायकों ने निर्दलीय प्रत्याशी रामपुकार सिन्हा को समर्थन दिया है. इस पूरे घटनाक्रम पर अब मंत्री और हम (सेक्युलर) के अध्यक्ष संतोष कुमार सुमन ने प्रतिक्रिया दी है.
RLM के विधायक माधव आनंद, रामेश्वर महतो और आलोक सिंह सारण सीट से निर्दलीय प्रत्याशी रामपुकार सिन्हा के समर्थन में खड़े नजर आए. सोमवार को रामपुकार सिन्हा के नामांकन के दौरान तीनों विधायक भी मौजूद रहे. इसके बाद एनडीए के भीतर इस घटनाक्रम को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं.
यह भी पढ़ें- सुपौल: बेटे को डसा तो पिता ने पकड़ लिया जिंदा सांप, फिर लेकर पहुंचे अस्पताल
संतोष सुमन बोले- पार्टी का आंतरिक मामला
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए संतोष कुमार सुमन ने कहा कि यह पार्टी का आंतरिक मामला है और इस पर वह क्या बोल सकते हैं. हालांकि, उन्होंने आगे कहा कि अगर ऐसी कोई बात है तो उपेंद्र कुशवाहा इस मामले को संभालने में पूरी तरह सक्षम हैं.
पटना, बिहार: मंत्री संतोष कुमार सुमन ने MLC चुनाव में RLM विधायकों के बागी सुर पर कहा, “…हमको लगता है कि ऐसी कोई बात है तो उपेंद्र कुशवाहा सक्षम हैं। वो बहुत ही सधे हुए राजनीतिज्ञ हैं। वो सभी चीज़ों को समझते हैं। हम समझते हैं कुछ न कुछ वो बात कर रहे होंगे, सब चीज ठीक होगा…” https://t.co/mGVqaHv1Ti
— IANS Hindi (@IANSKhabar) October 6, 2026
‘उपेंद्र कुशवाहा सधे हुए राजनीतिज्ञ’
संतोष सुमन ने उपेंद्र कुशवाहा की राजनीतिक समझ पर भरोसा जताते हुए कहा कि वह बहुत सधे हुए राजनीतिज्ञ हैं और सभी चीजों को समझते हैं. उन्होंने संकेत दिया कि पार्टी नेतृत्व इस घटनाक्रम पर नजर रख रहा है और अंदरूनी स्तर पर बातचीत भी हो रही होगी.
‘सब ठीक होगा, NDA के सभी प्रत्याशी जीतेंगे’
संतोष कुमार सुमन ने भरोसा जताया कि इस पूरे घटनाक्रम के बावजूद सब ठीक हो जाएगा. उन्होंने कहा कि उन्हें लगता है कि उपेंद्र कुशवाहा कुछ न कुछ बातचीत कर रहे होंगे. साथ ही उन्होंने दावा किया कि एमएलसी चुनाव में एनडीए के सभी प्रत्याशी जीतकर आएंगे. ऐसे में अब देखना होगा कि RLM विधायकों के रुख को लेकर पार्टी नेतृत्व क्या कदम उठाता है.
यह भी पढ़ें- ललन सिंह ने कहा- ‘JDU से चूक हुई’, अब पार्टी लेगी एक्शन? जानें
