Smartphone Buying Guide : स्मार्टफोन खरीदने के लिए ऑनलाइन सर्च करते ही कई तरह के ऑप्शन सामने आने लगते हैं. कोई कंपनी 200MP कैमरे को फोन की सबसे बड़ी खूबी बताती है, तो कोई 24GB RAM और सुपरफास्ट 5G कनेक्टिविटी का दावा करती है. ऐसे में सिर्फ फीचर्स की लंबी लिस्ट देखकर सही फोन चुनना आसान नहीं होता है. खासकर 5G स्मार्टफोन खरीदते समय कुछ ऐसी तकनीकी बातें हैं, जिन्हें नजरअंदाज करना आगे चलकर परेशानी पैदा कर सकता है. अगर आप नया 5G फोन लेने की तैयारी कर रहे हैं, तो खरीदारी से पहले इन जरूरी बातों को समझना आपके लिए सही हो सकता है.
5G सपोर्ट के साथ नेटवर्क बैंड भी करें चेक
किसी फोन में 5G कनेक्टिविटी होना और हर नेटवर्क पर बेहतर स्पीड मिलना दो अलग बातें हैं. इंटरनेट की परफॉर्मेंस आपके टेलीकॉम ऑपरेटर, रिचार्ज प्लान, लोकेशन और फोन में मौजूद 5G बैंड पर निर्भर करती है. ऐसे में फोन खरीदते समय देखें कि उसमें आपके नेटवर्क ऑपरेटर के जरूरी 5G बैंड का सपोर्ट है या नहीं. इसके अलावा अनलॉक फोन, डुअल सिम और eSIM की सुविधा भी अपनी जरूरत के हिसाब से जांच लें.
फोन की स्पीड के लिए प्रोसेसर भी है जरूरी
कुछ स्मार्टफोन कंपनियां वर्चुअल RAM जोड़कर फोन की कुल RAM को 24GB तक बताती हैं. इसमें असली हार्डवेयर RAM के साथ फोन की स्टोरेज का कुछ हिस्सा यूज किया जाता है. यह सुविधा एक साथ ज्यादा ऐप खुले रखने में मदद कर सकती है, लेकिन इसे असली RAM के बराबर नहीं माना जा सकता है. इसलिए प्रोसेसर, असली RAM और स्टोरेज को अलग-अलग देखकर फैसला करें. ज्यादातर लोगों के लिए 256GB स्टोरेज सही हो सकती है, जबकि ज्यादा वीडियो, फोटो और गेम रखने वालों के लिए 512GB का ऑप्शन बेस्ट है.
सॉफ्टवेयर अपडेट और सिक्योरिटी को न करें नजरअंदाज
फोन को कई साल यूज करने की योजना है, तो कंपनी की अपडेट पॉलिसी जरूर देखें. कितने साल तक एंड्रॉयड अपडेट और सिक्योरिटी पैच मिलेंगे, यह जानकारी खरीदने से पहले पता कर लें. खासकर दूसरे देशों से मंगाए गए फोन के वेरिएंट में अपडेट और नेटवर्क सपोर्ट की जानकारी अलग हो सकती है.
यह भी पढ़ें – Airtel vs Jio : इंटरनेट स्पीड और भरोसेमंद नेटवर्क में Airtel ने मारी बाजी, Jio पीछे
कैमरा डिस्प्ले और बैटरी पर भी दें ध्यान
200MP कैमरा होने का मतलब यह नहीं कि उसकी तस्वीरें हमेशा 50MP कैमरे से बेहतर होंगी. फोटो की क्वालिटी में सेंसर, लेंस, अपर्चर, नाइट मोड, सॉफ्टवेयर प्रोसेसिंग और ऑप्टिकल इमेज स्टेबिलाइजेशन (OIS) की भी जरूरी भूमिका होती है. वहीं 120Hz AMOLED डिस्प्ले पर स्क्रॉलिंग और वीडियो देखने का एक्सपीरियंस बेहतर हो सकता है, हालांकि ज्यादा रिफ्रेश रेट से बैटरी की खपत भी बढ़ सकती है. वहीं 6.7 इंच की स्क्रीन पर कंटेंट देखना आसान होता है, लेकिन फोन थोड़ा बड़ा हो सकता है. बैटरी के मामले में 5000mAh या इसस ज्यादा क्षमता को अच्छा ऑप्शन माना जा सकता है. इसके अलावा चार्जिंग स्पीड, बॉक्स में चार्जर मिलने और वायरलेस चार्जिंग सपोर्ट की जानकारी भी लें.
यह भी पढ़ें – Vu Masterpiece AEye TV : 115 इंच तक की स्क्रीन से लेकर AI ब्राइटनेस तक, Vu ने उतारे नए टीवी
