तमिल फिल्म स्टार और टीवीके प्रमुख थलपति विजय ने आज तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली. चेन्नई के नेहरू स्टेडियम में सुबह करीब 10:30 बजे आयोजित समारोह में उन्होंने मुख्यमंत्री पद शपथ लेते ही जिम्मेदारी संभाल ली. इस दौरान विजय का अंदाज सबसे अलग और चर्चा का विषय बना रहा.
तमिलनाडु में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के दौरान नेता आमतौर पर पारंपरिक सफेद वेष्टी और शर्ट पहनते हैं, वहीं विजय ने इस परंपरा से हटकर मॉडर्न फॉर्मल लुक चुना. उन्होंने व्हाइट शर्ट, ब्लैक पैंट और फॉर्मल जूते पहनकर शपथ ली. उनका यह अंदाज बिल्कुल फिल्मी हीरो जैसा नजर आया और लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि विजय का यह लुक युवाओं से जुड़ने और बदलाव का संदेश देने की कोशिश हो सकता है. विजय ने अपने पहनावे के जरिए यह दिखाने की कोशिश की कि उनकी सरकार आधुनिक सोच और नए तरीके से काम करेगी.
ये भी पढ़ें: एक मिसाइल, कई टारगेट, 5000KM की रेंज… भारत की बड़ी छलांग, अग्नि-5 का सफल परीक्षण, खौफ में चीन-PAK
विजय के शपथ ग्रहण समारोह में कड़े इंतजाम
तमिलनाडु के ज्यादातर मुख्यमंत्री अब तक पारंपरिक तमिल पहनावे में ही शपथ लेते रहे हैं. एमजी रामचंद्रन अपनी सफेद वेष्टी, शर्ट, टोपी और चश्मे के लिए मशहूर थे. एम. करुणानिधि हमेशा पीली शॉल और पारंपरिक कपड़ों में नजर आते थे. ओ. पन्नीरसेल्वम, ईके पलानीस्वामी और एमके स्टालिन ने भी मुख्यमंत्री पद की शपथ सफेद वेष्टी और शर्ट पहनकर ही ली थी. ऐसे में विजय का फॉर्मल लुक तमिलनाडु की राजनीति में एक नया बदलाव माना जा रहा है. विजय के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर चेन्नई में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे. नेहरू स्टेडियम के अंदर और बाहर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहे. समारोह में हजारों समर्थक मौजूद रहे और पूरे इलाके में उत्साह का माहौल दिखाई दिया.
टीवीके के 9 नेताओं ने भी मंत्री पद की शपथ ली
विजय के साथ उनकी पार्टी टीवीके के 9 नेताओं ने भी मंत्री पद की शपथ ली. इनमें थिरू एन आनंद, सीटीआर निर्मल कुमार, अरुण राज, आधव अर्जुना, कीर्तना, राजमोहन, वेंकटरामनन और सेनगोट्टैयान जैसे नाम शामिल हैं. टीवीके विधायक कीर्तना सबसे ज्यादा चर्चा में रहीं क्योंकि उन्होंने 29 साल की उम्र में मंत्री पद की शपथ ली. वह शिवकाशी सीट से विधायक चुनी गई हैं और विजय कैबिनेट की सबसे युवा मंत्री बनी हैं. तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में विजय की पार्टी टीवीके ने 107 सीटों पर जीत दर्ज की थी. हालांकि सरकार बनाने के लिए 118 सीटों की जरूरत थी. इसके बाद कांग्रेस, CPI, CPI-M, VCK और IUML जैसी पार्टियों ने विजय को समर्थन दिया, जिसके बाद उनकी सरकार का रास्ता साफ हुआ.
ये भी पढ़ें: तमिलनाडु के पहले गैर-द्रविड़ CM बने विजय, TVK के 8 विधायकों भी बने मंत्री, थलापति की कैबिनेट में कौन-कौन?
