टीवी शोज के अपकमिंग एपिसोड्स में जबरदस्त ट्विस्ट और हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिलेगा. कहीं रिश्तों की सच्चाई सामने आएगी, तो कहीं परिवार में बड़ा बवाल मचेगा. आइए जानते हैं ‘अनुपमा’ से लेकर ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ तक, अपकमिंग एपिसोड्स में क्या-क्या होने वाला है.
‘अनुपमा’
रुपाली गांगुली के लोकप्रिय शो ‘अनुपमा’ के अपकमिंग एपिसोड में जबरदस्त इमोशनल ड्रामा देखने को मिलेगा. एक तरफ प्रेम पर अनुपमा की डायरी चुराने और फोन जलाने का गंभीर आरोप लगेगा, तो दूसरी ओर परिवार के सामने उसका अपमान होगा. आरोपों के बीच प्रेम का गुस्सा और टूटता भरोसा रिश्तों में बड़ी दरार पैदा कर देगा. वहीं, अनुपमा अपने ही बेटे जैसे प्रेम की इस हालत से बुरी तरह टूट जाएगी, जबकि राही का भरोसा भी डगमगाने लगेगा.
‘तुम से तुम तक’
टीवी शो ‘तुम से तुम तक’ के अपकमिंग एपिसोड में बड़ा सस्पेंस देखने को मिलेगा. जालंधर की मौत से पहले कही गई बात अनु के मन में कई सवाल खड़े कर देगी. मरने से पहले जालंधर दावा करेगा कि आर्यवर्धन उससे अपने अतीत का सबसे बड़ा सच छिपा रहा है. जब अनु इस बारे में अपने पिता शर्मा जी से बात करेगी, तो वो उसे समझाएंगे कि मरता हुआ इंसान कभी झूठ नहीं बोलता. इसके बाद अनु सच का पता लगाने का फैसला करेगी और उसे याद आएगा कि शादी से पहले आर्यवर्धन ने बताया था कि वो अमीर बनने से पहले गणेश नगर के एक मोहल्ले में रहता था. हालांकि, जब अनु उस पते पर पहुंचेगी, तो उसे पता चलेगा कि उस इलाके में गणेश नगर नाम का कोई मोहल्ला ही नहीं है.
‘वसुधा’
ज़ी टीवी के पॉपुलर शो ‘वसुधा’ के आने वाले एपिसोड में जबरदस्त हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिलेगा. वसुधा के अचार के बिजनेस और फैक्ट्री पर ताला लगने के बाद वो मदद की उम्मीद लेकर चौहान हाउस पहुंचेगी. हालांकि, चंद्रिका सिंह चौहान उसकी मदद करने के बजाय उसे ताने मारेंगी और कहेंगी कि हर बार दूसरों के सहारे रहने के बजाय उसे खुद कुछ करना चाहिए. उधर, अपनी पत्नी की परेशानी का कारण जानने के लिए देव नगर निगम के दफ्तर पहुंचेगा, जहां फैक्ट्री पर बुलडोजर चलवाने वाले अधिकारी से पूछताछ के दौरान बड़ा सच सामने आएगा.
‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’
स्मृति ईरानी के सीरियल ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ के अपकमिंग एपिसोड में जबरदस्त इमोशनल ड्रामा देखने को मिलेगा. 10 साल की सजा काटने के बाद तुलसी विरानी शांति निकेतन लौटेगी, लेकिन उसका स्वागत प्यार से नहीं बल्कि बेटे करन की नफरत से होगा. करन साफ कह देगा कि वह तुलसी को अपनी मां नहीं मानता और उसे इस घर में रहने का कोई हक नहीं है. वहीं, तुलसी को ये जानकर बड़ा झटका लगेगा कि मिहिर कभी घर वापस नहीं लौटा. अब वो उसके गायब होने का सच जानने की कोशिश करेगी.
‘गंगा माई की बेटियां’
टीवी शो ‘गंगा माई की बेटियां’ के आने वाले एपिसोड में जबरदस्त फैमिली ड्रामा देखने को मिलेगा. इंदुमती एक बार फिर गंगा के ढाबे और उसके बिजनेस को नुकसान पहुंचाने की साजिश रचेगी, जबकि गंगा की बेटियां उसके साथ मजबूती से खड़ी नजर आएंगी. वहीं, घर में बढ़ते विवाद के बीच स्नेहा अपने हक के लिए अलग रसोई बना लेगी, जिससे दुर्गावती का गुस्सा भड़क उठेगा. दूसरी ओर, जब पूरा परिवार स्नेहा के खिलाफ खड़ा होगा, तब सिद्धू अपनी पत्नी का खुलकर साथ देगा.
