उत्तर प्रदेश में रविवार (31 मई ) को मौसम विभाग ने आंधी और बारिश व बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है.प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होगी और 40 से 50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी. बीते एक सप्ताह में मौसम के इस बदलाव की वजह से भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को काफी राहत मिली है. तापमान में 6 से 10 डिग्री की गिरावट दर्ज की गयी है.
मौसम विभाग के मुताबिक मानसून से पहले ये पश्चिमी विक्षोभ के चलते इस तरह से मौसम बन रहा है और दो जून के बाद मौसम सामान्य बना रहेगा. जबकि मई मध्य में तापमान 42 से 45 डिग्री के बीच पहुंच रहा था. बांदा जैसे जिलों में 48 डिग्री भी क्रॉस कर चुका था.
प्रमुख शहरों का तापमान
प्रदेश में औसत तापमान 35 से 36 डिग्री के बीच बना रहेगा और न्यूनतम तापमान 25 से 27 के बीच. राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम 25 डिग्री. आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और बारिश की भी संभावना है. तेज हवाओं से मौसम में गर्मी का असर कम दिखेगा. प्रयागराज का अधिकतम तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस यहां मौसम उमस भरा रहेगा. कानपुर में आंधी बारिश की संभावना और तापमान 34 से 36 डिग्री के बीच बना रहेगा. वाराणसी, झांसी, आगरा, गोरखपुर, बरेली में भी तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक जाने का अनुमान है. इन शहरों में आंधी-बारिश का असर रहेगा.
वेस्ट और ईस्ट यूपी में अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक वेस्ट यूपी के कई इलाकों में तूफ़ान और बिजली कड़कने की संभावना है और ईस्ट यूपी के भी कई शहरों में भी बिजली चमकने, तेज हवाएं और हल्की से तेज बारिश की पूरी संभावना है. एक जून के बाद मौसम शुष्क हो जाएगा, जिसके बाद गर्मी बढ़ेगी. इन सभी जिलों में आपदा प्रबंधन टीमों को अलर्ट पर रखा गया है. पुलिस-फायर ब्रिगेड-बिजली विभाग और स्वास्थ्य विभाग को समन्वय बनाकर काम करने के निर्देश हैं.
इसके साथ ही सभी जिलों में प्रशासन के जरिए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गयी है, कि बिजली कड़कने पर सुरक्षित जगह पर ही रुकें,पेड़, बिजली के खम्भे से दूर रहें. इसके अलावा खुले में न रहें. साथ ही इलेक्ट्रोनिक उपकरण न इस्तेमाल करें.
उत्तराखंड में भी बारिश शुरू
उधर उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जनपद में पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से आख़िरकार अब काली घटाओ की बीच बरसे मेघा से लोगों को बड़ी राहत मिली है. धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा तथा लोग भीषण गर्मी से पूरी तरह से बेहाल हो रखे थे मगर धीरे धीरे शाम होते-होते आख़िरकार मौसम ने अचानक करवट ली और तेज हवाओं के साथ बारिश ने लोगों को राहत दी.
