सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले ज्यादातर वीडियो कुछ सेकंड की हंसी या हैरानी देकर आगे बढ़ जाते हैं, लेकिन कुछ वीडियो ऐसे होते हैं जो दिल में ठहर जाते हैं. इन दिनों एक ऐसा ही वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक पिता अपने बेटे का जॉब ऑफर लेटर पढ़ते नजर आ रहे हैं. यह सिर्फ एक कागज पढ़ने का पल नहीं है, बल्कि सालों की मेहनत, संघर्ष और त्याग का नतीजा है, जो उस पिता की आंखों और आवाज में साफ झलकता है. खास बात यह है कि पिता खुद ज्यादा पढ़े-लिखे नहीं हैं.
पिता ने पढ़ा बेटे का ऑफर लेटर, भावकु कर रहा वीडियो
वायरल वीडियो में एक पिता बड़े ध्यान से अपने बेटे का ऑफर लेटर पढ़ते दिखाई देते हैं. वह हर शब्द को धीरे-धीरे समझने की कोशिश करते हैं और उसे जोर से पढ़ते भी हैं. उनके चेहरे पर गर्व और खुशी के साथ-साथ भावनाओं का गहरा असर नजर आता है. यह पल इतना सच्चा और सरल है कि देखने वाला खुद को इससे जोड़ लेता है. यह ऑफर लेटर उनके बेटे को Amazon में सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट इंजीनियर (SDE-II) की नौकरी मिलने का है. बेटे शैलेन्द्र यादव ने इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर शेयर किया है. उन्होंने बताया कि उनके पिता को खुद अच्छी शिक्षा नहीं मिल पाई, लेकिन उन्होंने हमेशा अपने बेटे के लिए बेहतर भविष्य बनाने की कोशिश की. बिना किसी शिकायत के उन्होंने मेहनत की और हर संभव सपोर्ट दिया.
त्याग की वो कहानी जो नजर नहीं आती
वीडियो के साथ लिखे कैप्शन में एक बहुत गहरी बात कही गई है “लोग इस पल को देखेंगे, लेकिन इसके पीछे के सालों की मेहनत नहीं देख पाएंगे.” यही बात इस पूरी कहानी को खास बनाती है. बेटे की सफलता सिर्फ उसकी मेहनत नहीं, बल्कि पिता के उन अनगिनत त्यागों का नतीजा है, जो अक्सर नजर नहीं आते. वीडियो में दिख रहा है कि ऑफर लेटर पढ़ते हुए पिता की आवाज भी घर्रा गई जो लोगों को काफी भावुक कर रही है.
यह भी पढ़ें: Viral Video: गजब! तेल संकट के बीच कुत्ते की पीठ पर टंकी रख पेट्रोल भरवाने पहुंचा शख्स, वीडियो देख आएगी हंसी
सोशल मीडिया पर भावुक रिएक्शन
जैसे ही यह वीडियो वायरल हुआ, लोगों ने इस पर दिल से प्रतिक्रिया दी. कई यूजर्स ने लिखा कि यह वीडियो देखकर उनकी आंखें नम हो गईं. कुछ ने कहा कि “पिता का प्यार हमेशा खामोश होता है, लेकिन सबसे मजबूत होता है.” वहीं कई लोगों ने इसे असली इंस्पिरेशन बताया और पिता के त्याग को सलाम किया. वीडियो को thessyadav_ नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट से शेयर किया गया है जिसे अब तक लाखों लोगों ने देखा है.
यह भी पढ़ें: Viral Video: RCB जर्सी से हुआ नामकरण, महाराष्ट्र के कपल ने बेटे का नाम रखा विराट, वीडियो हुआ वायरल
