मोकामा से जेडीयू के विधायक अनंत कुमार सिंह सोमवार (07 सितंबर, 2026) को पार्टी दफ्तर पहुंचे. जेडीयू की एक बैठक में उन्हें शामिल होना था. जेडीयू कार्यालय पहुंचने पर उनसे मीडिया ने सवाल किया, लेकिन वे कुछ भी बोलने से बचते रहे.
दरअसल, हाल ही में अनंत सिंह ने एमएलसी चुनाव को लेकर डॉ. अनुज सिंह का समर्थन किया था जबकि विधान पार्षद नीरज कुमार का विरोध किया था. समर्थन करने वाले बयान के बाद ही उन्हें पार्टी ने बैठक में शामिल होने के लिए बुलाया था.
‘उधर से आवेंगे तब न कुछ बतावेंगे…’
विधायक अनंत सिंह जब पार्टी कार्यालय पहुंचे और गाड़ी से उतरे तो उनसे सवाल किया गया कि लंबे समय के बाद जेडीयू कार्यालय आए हैं… इस पर उन्होंने कहा, “उधर से आवेंगे तब न कुछ बतावेंगे…”
हालांकि खबर है कि बैठक के बाद जब अनंत सिंह निकले तो उन्होंने कुछ नहीं कहा. अब देखना होगा कि आगे वे नीरज कुमार का समर्थन करते हैं या नहीं.
यह भी पढ़ें- बिहार: ससुराल के बाहर धरने पर बैठी बहू, पति भी रोने लगा, कैमूर में गजब हुआ!
नवंबर में इन आठ का समाप्त हो रहा कार्यकाल
- पटना- शिक्षक, प्रो. नवल किशोर यादव, बीजेपी
- पटना- स्नातक, नीरज कुमार, जेडीयू
- दरभंगा- शिक्षक, डॉ. मदनमोहन झा, कांग्रेस
- सारण- शिक्षक, आफाक अहमद, निर्दलीय
- तिरहुत- शिक्षक, संजय कुमार सिंह, भाकपा
- दरभंगा- स्नातक, सर्वेश कुमार, निर्दलीय
- कोसी- स्नातक, एनके यादव, बीजेपी
- तिरहुत- स्नातक, बंशीधर ब्रजवासी, निर्दलीय
क्या है पूरा मामला?
बिहार में आठ विधान परिषद का कार्यकाल नवंबर में समाप्त होने वाला है. चुनाव आयोग की ओर से जल्द चुनाव की तारीखों का ऐलान हो सकता है. हालांकि अभी कुछ दिन बाकी है. इस बीच अनंत सिंह ने यह कहा कि वे जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता की जगह डॉ. अनुज सिंह का समर्थन करेंगे. आज बुलाई गई बैठक को लेकर यह चर्चा है कि अनंत सिंह के इसी बयान पर उन्हें पार्टी दफ्तर बुलाया गया था. पार्टी चाहती है कि नीरज कुमार की जीत के लिए तैयारी हो. नीरज कुमार जेडीयू के वरिष्ठ नेता हैं. पार्टी की बातों को मीडिया में मजबूती से रखते हैं.
यह भी पढ़ें- ‘बाढ़ हर साली आती है, नई चीज नहीं’, बिहार के हालात पर ललन सिंह
