Headlines

अभिषेक बनर्जी पर हमले के अगले दिन TMC विधायकों की बैठक, 80 में से 60 गायब, ममता बनर्जी ने रद्द की मीटिंग


पश्चिम बंगाल में जबसे तृणमूल कांग्रेस की हार हुई है, तबसे ही ममता बनर्जी को एक के बाद एक बुरी खबरें मिल रही हैं. पहले उनकी सांसद रहीं काकोली घोष दस्तीदार ने पार्टी छोड़ी. उसके बाद अभिषेक बनर्जी पर सोनारपुर में और कल्याण बनर्जी पर हुगली में हमला हुआ. अब टीएमसी विधायकों की बुलाई गई मीटिंग में 80 में से सिर्फ 20 विधायक ही पहुंचे यानी पार्टी को एकजुट रख पाना भी ममता बनर्जी के लिए बड़ी चुनौती साबित हो रहा है. 

टीएमसी विधायकों की ये मीटिंग ममता बनर्जी की अध्यक्षता में होने वाली थी, जिसमें नए चुनकर आए विधायकों को ही बुलाया गया था. जब करीब तीन चौथाई विधायक पहुंचे ही नहीं तो इस मीटिंग को रद्द कर दिया गया. 

ये भी पढ़ें- अभिषेक बनर्जी पर सोनारपुर में अटैक को लेकर TMC कार्यकर्ताओं ने किया विरोध प्रदर्शन, BJP पर लगाए आरोप

मीटिंग कैंसिल होने पर TMC ने क्या बताया? 

तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता कुणाल घोष ने विधायकों की अनुपस्थिति का कारण शनिवार को पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले और उसके बाद रविवार को पार्टी सांसद कल्याण बनर्जी पर हुए कथित हमले के बाद बने हालात को बताया. घोष ने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कालीघाट आवास के बाहर पत्रकारों से कहा, ‘बैठक पहले से निर्धारित थी. हालांकि हमारे नेताओं पर हुए हमलों के बाद, हमारे विधायक जमीनी स्तर पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं, जिसके चलते हमारे कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है.’

तीन बजे ममता बनर्जी के आवास पर होनी थी बैठक

उन्होंने कहा कि जो विधायक गैर-मौजूद रहे, वो गिरफ्तार किए गए कार्यकर्ताओं की मदद करने में लगे हुए हैं. घोष ने कहा कि विधायकों की अपील को देखते हुए तृणमूल विधायक दल ने बैठक को फिलहाल रद्द करने का फैसला किया है, हालांकि लगभग 20 विधायक बैठक स्थल पर पहुंच चुके थे, जो दोपहर तीन बजे शुरू होनी थी.

कुणाल घोष ने कहा, ‘हम यह बैठक बाद में आयोजित करेंगे, जिसकी जानकारी हमारे विधायकों को विधिवत दे दी जाएगी. हमारे सभी विधायकों ने स्पष्ट कर दिया है कि वे इस कठिन समय में पार्टी के साथ मजबूती से खड़े हैं.’ 

ये भी पढ़ें- ‘कोई भी समर्पित कार्यकर्ता बन सकता है मुख्यमंत्री’, शपथ ग्रहण से पहले डीके शिवकुमार का बड़ा बयान

पार्टी सूत्रों ने बताया कि नेताओं की कम उपस्थिति के बावजूद, बनर्जी ने बैठक में उपस्थित लोगों से अनौपचारिक बातचीत की. हालांकि, घोष ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के खिलाफ अगले 48 घंटे में विरोध प्रदर्शन तेज करने के लिए पार्टी द्वारा लिए गए दो निर्णयों की जानकारी दी.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *