राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के वरिष्ठ नेताओं की दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से हुई मुलाकात पर सियासी बहस जारी है. इस बीच एनसीपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा है कि इस मुलाकात को अनावश्यक राजनीतिक रंग देकर पार्टी के भीतर मतभेदों की कहानी गढ़ने का प्रयास किया जा रहा है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है.
उमेश पवार ने स्पष्ट किया कि सुनेत्रा पवार ने ही पहले अमित शाह को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल के उनसे मिलने की जानकारी दी थी और इसके लिए समय देने का आग्रह भी किया था. इसलिए वरिष्ठ नेताओं की यह मुलाकात सुनेत्रा पवार के निर्देश पर ही हुई थी.
NCP के मंत्री ने दिल्ली में महायुति के नेताओं से की थी मुलाकात
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के एक पूर्व मंत्री और एक वरिष्ठ मंत्री ने हाल ही में दिल्ली में महायुति के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की थी. विश्वसनीय सूत्रों के मुताबिक, रविवार रात दिल्ली में यह मुलाकात हुई. इसी बीच मीडिया में चर्चा थी कि NCP के वरिष्ठ नेताओं ने सुनेत्रा पवार को साथ लिए बिना केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की. अब इस मामले में पार्टी ने स्पष्टीकरण दिया है.
सुनेत्रा और पार्थ पवार ने कुछ दिन पहले शाह से की थी मुलाकात
NCP की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार और सांसद पार्थ पवार ने कुछ दिन पहले अमित शाह से मुलाकात कर अजित दादा के निधन के बाद पार्टी के सामने मौजूद विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की थी. पार्टी का दावा है कि कि उसी समय उन्होंने गृहमंत्री अमित शाह को बताया था कि पार्टी के वरिष्ठ नेता भी उनसे मुलाकात करना चाहते हैं और इसके लिए समय मांगा था.
यह पूर्व नियोजित और औपचारिक मुलाकात- उमेश पवार
उमेश पवार ने आगे कहा, ”अजित पवार के कार्यकाल के कुछ महत्वपूर्ण विषयों, राज्य के हित से जुड़े मुद्दों और पार्टी से संबंधित विभिन्न मामलों की इन वरिष्ठ नेताओं को गहरी जानकारी है. इसी के मद्देनजर यह पूर्व नियोजित और औपचारिक मुलाकात हुई. इस दौरान संबंधित नेताओं ने अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों के विभिन्न मुद्दे उठाए. साथ ही महायुति के सहयोगी दलों के नेताओं के बीच स्वाभाविक रूप से होने वाली अनौपचारिक चर्चा और विचारों का आदान-प्रदान भी हुआ.”
कृत्रिम नैरेटिव बनाने का प्रयास किया जा रहा- उमेश पवार
NCP के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने ये भी कहा कि सुनेत्रा पवार और पार्थ पवार को दरकिनार कर यह मुलाकात किए जाने की खबरें पूरी तरह गलत, तथ्यहीन और भ्रामक हैं. कुछ अदृश्य शक्तियों की ओर से इस तरह की खबरें फैलाई जा रही हैं. एनसीपी में आंतरिक मतभेद हैं और नेतृत्व के बीच समन्वय नहीं है, ऐसा कृत्रिम नैरेटिव बनाने का प्रयास किया जा रहा है. यह महज दुर्भावनापूर्ण हरकत है.”
एनसीपी महायुति का अहम घटक दल- उमेश पवार
उन्होंने कहा, ”राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी महायुति का एक महत्वपूर्ण घटक दल है और हमारी राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनेत्रा पवार के मजबूत नेतृत्व में एकजुट होकर काम कर रही है. सहयोगी दलों के नेताओं के बीच होने वाली औपचारिक मुलाकातों का राजनीतिकरण न करें. फैलायी गई खबरों और वास्तविक स्थिति के बीच का अंतर समझें.”
बेवजह राजनीतिक संघर्ष का रूप देना गलत- उमेश पवार
इस बीच, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने कहा कि सहयोगी दलों के नेताओं के बीच मुलाकात, चर्चा और निर्वाचन क्षेत्रों के मुद्दों पर संवाद राजनीतिक प्रक्रिया का स्वाभाविक हिस्सा है. इसे बेवजह राजनीतिक संघर्ष का रूप देना गलत है.
दरअसल, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व की ओर से संबंधित मंत्री की पार्टी में वापसी को हरी झंडी मिलने के बाद उस पूर्व मंत्री ने दिल्ली जाकर बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की थी.
संबंधित पूर्व मंत्री की वापसी के मुद्दे पर पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनेत्रा पवार, पार्थ पवार और जय पवार ने गुरुवार रात वर्षा निवास जाकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से भी मुलाकात की थी. सूत्रों के मुताबिक, इस मुलाकात के दौरान आगामी मंत्रिमंडल विस्तार में राष्ट्रवादी कांग्रेस के संबंधित नेता को सुनेत्रा पवार के पास मौजूद अतिरिक्त विभाग की जिम्मेदारी सौंपने का अनुरोध मुख्यमंत्री से किया गया.
PM मोदी पर संजय राउत ने साधा निशाना, कहा- ‘टेलीप्रॉम्प्टर बंद तो आवाज बंद’
