Headlines

‘अमेरिका के राष्ट्रपति भी बन सकते हैं CM विजय’, AIADMK चीफ पलानीस्वामी का तंज


तमिलनाडु के टीवीके नेता बीते कुछ दिनों से सीएम विजय को फ्यूचर प्राइम मिनिस्टर के तौर पर पेश कर रहे हैं, जिसे लेकर देश में राजनीति गरमाई हुई है. इस बीच AIADMK चीफ पलानीस्वामी ने टीवीके की ओर से बड़े पैमाने पर चलाए जा रहे जनसंपर्क अभियानों और मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के निजी विमान से हवाई दौरे पर तंज कसते हुए कहा कि वह (विजय) अमेरिका के राष्ट्रपति भी बन सकते हैं.

पलानीस्वामी का विजय पर तंज

पलानीस्वामी से पूछा गया कि टीवीके समर्थक मुख्यमंत्री विजय को भविष्य के प्रधानमंत्री के तौर पर देख रहे हैं. इस पर उन्होंने कहा, ‘मुख्यमंत्री तो अमेरिका के राष्ट्रपति भी बन सकते हैं. इसमें कुछ गलत नहीं है, यह उनकी इच्छा है. हालांकि, राज्य सरकार के सोशल मीडिया पर निर्भर रहने की बात को खारिज करते हुए उन्होंने कहा, ‘वे यहां रील डालकर सरकार चला रहे हैं, लेकिन वहां ऐसे नहीं चलेगा.’ उन्होंने मुख्यमंत्री विजय को खर्चीला मुख्यमंत्री भी बताया और मौजूदा सरकार के खर्च की तुलना पूर्व मुख्यमंत्री जे. जयललिता के समय के खर्च से की. 

CM विजय पर महंगी यात्राएं करने का आरोप

पलानीस्वामी ने कहा, ‘अम्मा के कार्यकाल में खर्च में कटौती करने के लिए वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाता था.’ उन्होंने विजय की इस बात पर तंज कसा कि वह खुद को एक साधारण किसान की तरह पेश करते हैं, जबकि खुद इतनी महंगी यात्राएं करते हैं. AIADMK चीफ ने मुख्यमंत्री पर यह आरोप भी लगाया कि वह बिना किसी वित्तीय समर्थन के नियम 110 के तहत बिना सोचे-समझे योजनाएं घोषित कर रहे हैं. उन्होंने आगाह किया कि अगर राज्य इसी दर से कर्ज लेता रहा तो उसका कर्ज बढ़कर 10 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है.

विजय को PM उम्मीदवार बनाने पर TVK का कैंपेन

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय को प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के तौर पर पेश करने वाले अभियान के बीच टीवीके और उसके सहयोगी दल कांग्रेस के बीच मतभेद के संकेत सामने आए हैं. कांग्रेस नेतृत्व विजय को देश के सबसे बड़े पद के लिए प्रमोट करने वाले पोस्टरों और वीडियो को लेकर परेशान नजर आ रही है. हालांकि माना जा रहा है कि यह कैंपेन टीवीके समर्थकों के एक गुट ने पार्टी नेतृत्व को प्रभावित करने के लिए चलाया है, लेकिन कांग्रेस नेताओं को डर है कि इससे गठबंधन के राष्ट्रीय राजनीतिक रुख को लेकर भ्रम पैदा हो सकता है.

यह बहस तब शुरू हुई जब टीवीके के विधायकों और मंत्रियों ने विधानसभा में बार-बार विजय की तारीफ की. बाद में यह मामला सदन से बाहर भी फैल गया और सार्वजनिक जगहों पर उन्हें प्रधानमंत्री पद के दावेदार के तौर पर दिखाने वाले पोस्टर लगने लगे. उत्तर भारत में भी प्रचार वाले रील्स सामने आए हैं, जहां कांग्रेस पार्टी खुद को बीजेपी की मुख्य विपक्षी ताकत मानती है.

देश के लोगों को विजय से उम्मीद: TVK

कांग्रेस पार्टी के लिए यह स्थिति संवेदनशील है क्योंकि टीवीके के साथ हाथ मिलाने से पहले उसने डीएमके के साथ अपना गठबंधन खत्म कर दिया था, जिसने राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के तौर पर समर्थन दिया था. कांग्रेस सांसद जोथिमानि ने हाल ही में सीएम विजय को आगे करने की बात को चुनावी रणनीति बताया, लेकिन जोर देकर कहा कि नरेंद्र मोदी की सरकार का सामना करने और उसे हराने के मामले में राहुल गांधी का कोई मुकाबला नहीं है.

मदुरै में हुए विवाद के बारे में पूछे जाने पर राज्य मंत्री निर्मल कुमार ने 29 अगस्त को कहा कि पूरे भारत में लोग विजय को लेकर उम्मीदें रखते हैं. उन्होंने कहा कि सीएम विजय राजनीतिक हालात के आधार पर फैसले लेंगे और इस बात पर जोर दिया कि अभी इस मामले पर चर्चा करने की जरूरत नहीं है. कांग्रेस नेता राहुल गांधी को गठबंधन के राष्ट्रीय चेहरे के तौर पर पेश करना चाहते थे और साथ ही दक्षिण भारत में गठबंधन की संभावनाओं को बेहतर बनाने के लिए सीएम विजय की लोकप्रियता का फायदा उठाना चाहते थे.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *