भारत को आजादी की 80वीं सालगिरह पर देश-दुनिया से शुभकामना संदेश आ रहे हैं. दूतावास और मिशनों में गर्व के साथ जश्न-ए-आजादी मनाई जा रही है. पाकिस्तान स्थित भारतीय उच्चायोग परिसर में भी ध्वजारोहण की परंपरा निभाई गई. विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए राष्ट्रीय पर्व की बधाई दी जा रही है. एशिया से लेकर यूरोप तक हमारी ऐतिहासिक यात्रा और संस्कृति की प्रशंसा कर रहे हैं.
इस्लामाबाद में फहराया गया तिरंगा
इस्लामाबाद स्थित भारतीय उच्चायोग में भी आजादी का जश्न जोरों शोरों से मनाया गया. बापू की आदमकद मूर्ति पर चार्ज डी’अफेयर्स (कार्यवाहक उच्चायुक्त) डॉ. सत्यांजल पांडे ने फूल समर्पित किए और प्रांगण में तिरंगा फहराया. एक्स पर तस्वीरों के साथ उच्चायोग ने बताया कि सत्यांजल पांडे ने भारत की माननीय राष्ट्रपति का राष्ट्र के नाम संबोधन पढ़ा. इस शुभ अवसर पर फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने भी बधाई दी. उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, ’80वें स्वतंत्रता दिवस की भारत के सभी नागरिकों को शुभकामनाएं.’
High Commission of India in Islamabad marked the 80th Independence Day of India. Cd’A @DrSatyanjal hoisted the tricolor and read “Address to the Nation” on the eve of Independence Day by the Hon’ble President of India. pic.twitter.com/rUfKFEA1ZJ
— India in Pakistan (@IndiainPakistan) August 15, 2026
भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर विभिन्न देशों में स्थित भारतीय दूतावास में ध्वजारोहण किया गया. इसके साथ ही कई देशों के राजदूतों ने भारत के लोगों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी. भारत में इजरायल के राजदूत ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, ‘आज हम भारत का स्वतंत्रता दिवस मना रहे हैं. भले ही भारत और इजरायल आकार में अलग-अलग हों, लेकिन हमारी प्राचीन विरासत और राष्ट्रीय पुनरुत्थान समान हैं. हमें इजरायल और भारत की दोस्ती पर गर्व है. हम अपनी साझेदारी को और मजबूत करते रहेंगे. स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं.’
चीन के बीजिंग में भारतीय दूतावास में भारत का 80वां स्वतंत्रता दिवस एक गरिमापूर्ण समारोह के साथ मनाया गया. इस समारोह में भारतीय समुदाय के लोग और भारत के मित्र बड़ी संख्या में शामिल हुए, जिन्होंने बारिश की परवाह किए बिना इसमें हिस्सा लिया. राजदूत विक्रम दोराईस्वामी ने तिरंगा फहराया और भारत के राष्ट्रपति के राष्ट्र के नाम संबोधन के कुछ अंश पढ़कर सुनाए.
जापान के राजदूत ने दी शुभकामनाएं
भारत में जापान के राजदूत ओनो केइची ने भी एक्स पर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने लिखा, ‘भारत में जापान के राजदूत के रूप में इस अद्भुत देश की समृद्ध संस्कृति, उल्लेखनीय विविधता और गतिशील भावना का अनुभव करना मेरे लिए सौभाग्य की बात रही है. इस खास दिन पर भारत के लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं.’ इसके साथ ही उन्होंने हिंदी में वीडियो संदेश जारी किया. अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा, ‘नमस्ते इंडिया, स्वतंत्रता दिवस की आपको हार्दिक शुभकामनाएं. संदेश के अंत में दूतावास की पूरी टीम हाथों में तिरंगा लेकर स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते दिखे.’
