हिंदी सिनेमा में कई एक्टर्स ऐसे आए, जिन्होंने अपने ग्लैमर से इतर अपनी कला के दम पर नाम कमाया है. इन्हीं में से एक है सुरेखा सीकरी. उन्होंने इंडस्ट्री में टीवी सीरियल्स और फिल्मों के जरिए एक खूंखार सास और प्यारी सी दादी के रूप में पहचान बनाई. सुरेखा ने कई फिल्मों में भी काम किया, लेकिन उन्हें पहचान टीवी शो ‘बालिका वधु’ की दादी सा बनकर मिली. 19 अप्रैल को सुरेखी की बर्थ एनिवर्सरी है. आइए उनके सफर पर एक नजर डालचे हैं.
पढ़ाई में अच्छी थीं सुरेखा सीकरी
सुरेखा सीकरी का जन्म 19 अप्रैल, 1945 को नई दिल्ली में हुआ था. वो बचपन से पढ़ाई में काफी अच्छी थीं और पत्रकार बनना चाहती थीं, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था. टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार, सुरेखा की बहन ने अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में पढ़ाई के दौरान अब्राहम अलकाजी साहब के नाटक को देखा और वो उससे काफी प्रभावित हुईं. इसके बाद उन्होंने अपने लिए सुरेखा से नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा का फॉर्म मंगवाया, हालांकि उन्होंने इस फॉर्म को भरा नहीं. बाद में सुरेखा ने ये फॉर्म खुद भरा और उनका नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा में उनका सिलेक्शन भी हो गया.
‘बालिका वधू’ से मिली पहचान
सुरेखा ने अपने करियर में कई बेहतरीन फिल्मों में काम किया, लेकिन घर-घर में उन्हें टीवी शो ‘बालिका वधू’ में दादी सा यानी कल्याणी देवी के किरदार में पहचान मिली. इसके अलावा वो ‘एक था राजा एक थी रानी’ और ‘परदेस में है मेरा दिल’ जैसे सीरियल्स में भी दिखाई दी थीं. उन्हें 1988 में आई फिल्म ‘तमस’, 1995 में आई फिल्म ‘मम्मो’ और 2018 में आई ‘बधाई हो’ के लिए बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस का तीन बार नेशनल अवॉर्ड भी मिला था. इसके अलावा वो ‘सरफरोश’, ‘नजर’, ‘तुमसा नहीं देखा’ जैसी कई सुपरहिट फिल्मों का भी हिस्सा रहीं.
नसीरुद्दीन शाह से है सुरेखा सीकरी का गहरा रिश्ता
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, सुरेखा सीकरी का दिग्गज अभिनेता नसीरुद्दीन शाह के साथ गहरा रिश्ता था. दरअसल, नसीरुद्दीन शाह ने दो बार शादी की थी. उनकी पहली शादी मनारा सीकरी से हुई थी. यह शादी लंबे समय तक नहीं चली. मनारा, सुरेखा सीकरी की सौतेली बहन हैं. पहली शादी से नसीरुद्दीन और मनारा की बेटी भी है, जिनका नाम हीबा शाह है. खबरों के अनुसार हीबा ‘बालिका वधु’ में कुछ समय के लिए दादीसा की भूमिका में भी नजर आ चुकी हैं.
