उत्तराखंड के हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान हंगामे और कार चालक से मारपीट की घटना पर असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM के प्रवक्ता वारिस पठान ने प्रतिक्रिया दी है. इस दौरान उन्होंने यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ का भी जिक्र किया और पूछा कि सड़कों पर जो हुड़दंग हो रहे हैं उसका आप क्या करेंगे. उन्होंने हरिद्वार की घटना को लेकर कहा कि किस तरह से गाड़ी में तोड़फोड़ की जा रही थी और पुलिसकर्मी वहां खड़े होकर वीडियो बना रहे थे.
‘अगर कोई मुसलमान सड़क पर नमाज पढ़ ले तो लातें मारी जाती’
AIMIM के प्रवक्ता वारिस पठान ने आगे कहा, ”संविधान सभी को अपने-अपने धर्म को मानने की इजाजत देता है. आपकी आस्था आपके साथ, मेरी आस्था मेरे साथ हो. लेकिन देखा ये जाता है कि अगर कोई मुसलमान मस्जिद में जगह नहीं होने की वजह से पांच मिनट सड़क पर नमाज पढ़ ले तो उनको लातें मारी जाती हैं. उनके ऊपर एफआईआर दर्ज किए जाते हैं. उनका तो पासपोर्ट तक जब्त करने की बात की जाती है. उनके घर पर बुलडोजर चलाने की बात भी की जाती है.”
कांवड़ यात्रा से कई जगहों पर ट्रैफिक जाम- वारिस पठान
उन्होंने ये भी कहा, ”कांवड़ यात्रा निकले वो ठीक है. आपका धर्म है, आपकी आस्था है आप कीजिए लेकिन हम देखते हैं कि कितनी जगहों पर ट्रैफिक जाम हो गए. स्कूलों को बंद कर दिया गया. मीट-मछली की दुकानों पर परदा डाल दिया गया, उसे भी बंद कर दिया गया. यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ जी ने साफ तौर से कहा था कि सड़कें नमाज के लिए नहीं होती हैं. लेकिन सड़कों पर जो हुड़दंग हो रहे हैं उसका योगी जी क्या करेंगे? कल रात को आपने देखा नहीं कि किस तरह से गाड़ी को कुचला जा रहा था. पुलिसकर्मी वहां खड़े होकर वीडियो बना रहे थे.”
संविधान समानता की बात करता है- वारिस पठान
उन्होंने हाल में हुए छात्रों के प्रदर्शन पर पुलिस की कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा, ”हमारे जेन जी छात्रों के ऊपर लाठियां बरसाई गईं. पैलेट गन का इस्तेमाल किया गया. सिवान में तो एके-47 तक निकाले गए, जैसे ये छात्र आतंकवादी हों. कांवड़ यात्रा में हम क्या देख रहे हैं कि पुलिस वाले इनके ऊपर फूलों की बारिश कर रहे हैं. ये तो अलग हो गया न. संविधान समानता की बात करता है. दोनों के लिए कानून बराबर होने चाहिए. अगर कोई कानून वारिस पठान के लिए है तो वही कानून योगी आदित्यनाथ के लिए भी है. दोनों के लिए कानून बराबर होना चाहिए. ये हमारे संविधान और लोकतंत्र का असली रूप है.”
हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान क्या हुआ था?
बता दें कि शनिवार (01 अगस्त) रात उत्तराखंड के हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान दो पक्षों के बीच कांवड़ खंडित करने को लेकर विवाद हो गया था. जानकारी के मुताबिक एक कार हरिद्वार से दिल्ली जा रही थी. इसी दौरान गोल्डन ढाबा फ्लाईओवर के पास कार से एक कांवड़िए की कांवड़ टकरा गई और इस घटना में उसकी कांवड़ टूट गई, जिसके बाद बवाल खड़ हो गया. वहां मौजूद कुछ कांवड़ियों ने कार ड्राइवर के साथ मारपीट की. साथ ही उसकी गाड़ी के साथ भी तोड़फोड़ की गई.
मुंबई लोकल में महिला से बदसलूकी का आरोप, पुलिस ने बचाया
