दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई के मुद्दे को लेकर सोमवार (27 जुलाई 2026) को विपक्षी सदस्यों ने लोकसभा में नारेबाजी और हंगामा किया. बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने मीडिया के साथ बातचीत में विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि इन्होंने तय कर लिया है कि वे संसद को ठीक से चलने नहीं देंगे. संसद में विपक्ष के विरोध प्रदर्शन पर कंगना रनौत ने कहा, ‘विपक्ष ने ये तय कर लिया है कि कितना भी महत्वपूर्ण मुद्दा क्यों न हो. ये लोग सदन की कार्यवाही को नहीं चलने देंगे. आज जब शिक्षा सुधार से जुड़ा एक विधेयक पेश किया गया तो उन्होंने उसका भी विरोध किया.’
कांग्रेस पर भड़कीं कंगना
उन्होंने कहा, ‘देश को देखना चाहिए कि शिक्षा सुधार जैसे अहम बिल का भी संसद में विरोध किया गया और कहा गया कि इसे पेश ही नहीं किया जाना चाहिए. उनकी मंशा है कि देश में कोई काम न हो और विकास की प्रक्रिया रुक जाए, क्योंकि जनता ने उन्हें सरकार चलाने का जनादेश नहीं दिया है. इसी वजह से वे इस तरह की राजनीति कर रहे हैं.’
उन्होंने कहा, ‘हमारे प्रधानमंत्री पूरी दुनिया के लिए एक बड़ा उदाहरण हैं. वे देश के लोगों से जुड़े हर छोटे-बड़े मुद्दे को लेकर पूरी तरह समर्पित रहने वाले नेता हैं. आपने देखा होगा कि उन्होंने परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए एक उच्च स्तरीय टास्क फोर्स का गठन किया है, जो इस व्यवस्था को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने की दिशा में काम करेगी. इसके अलावा, परीक्षाओं से जुड़ा संशोधन विधेयक भी तुरंत लाया गया. यह प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता को दर्शाता है.’
राहुल गांधी पर कंगना ने निशाना साधा
कंगना रनौत ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे इस समय ‘खिसयानी बिल्ली खम्मा नोचे’ वाला काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा, ‘राहुल गांधी को यह देखना चाहिए कि यूपीए सरकार के समय शिक्षा का बजट कितना था. उस समय शिक्षा के लिए केवल नाममात्र का बजट रखा जाता था.’ कंगना ने संसद में अपने सोशल मीडिया के माध्यम से GEN-Z के विरोध प्रदर्शन और अभद्र भाषा का प्रयोग किए जाने वाले वीडियो पर भी रिएक्ट किया.
GEN-Z प्रदर्शन पर कंगना का बयान
बीजेपी सासंद कंगना ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरीज सेक्शन पर लिखा, ‘मैंने अपनी पूरी जिंदगी में कभी एक जगह पर इतनी नकारात्मकता और बदसूरती नहीं देखी. GEN-Z के विरोध प्रदर्शनों से जुड़ी ये रील्स देखकर बहुत बुरा लग रहा है. जिस तरह से लोग बात कर रहे हैं और जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं, वह मुझे बहुत आपत्तिजनक और असभ्य लग रही है. मैंने अपने जीवन में कभी भी हर फ्रेम में एक साथ इतना अटपटा और इतना भद्दा कुछ नहीं देखा. इन्हें किसने जन्म दिया और पाल-पोस रहा है?’
उन्होंने कहा, ‘मुझे समझ नहीं आता कि लोग इस तरह की सोच और व्यवहार कहां से सीख रहे हैं.’ उन्होंने बताया कि वे खुद की शांति के लिए सोशल मीडिया से दूर रहेंगी. उन्होंने लिखा, ‘भारत हमेशा से विविधता, सुंदरता, संस्कृति और शालीनता के लिए जाना जाता है, लेकिन जब लोग खुद को अपमानजनक नामों से पुकारते हैं और उसी तरह का व्यवहार करते हैं तो यह हमारी संस्कृति की गरिमा से बिल्कुल अलग दिखाई देता है.’
कंगना रनौत ने कहा, ‘इन रील्स को देखकर मैं बहुत परेशान हो गई हूं. अब मुझे थोड़ा समय सोशल मीडिया से दूर रहकर खुद को शांत करने और मानसिक रूप से बेहतर महसूस करने के लिए चाहिए.’
