Headlines

कैंसर से पीड़ित BJP विधायक अनिल शर्मा का निधन, CM योगी ने जताया दुख


उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले की शिकारपुर विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री अनिल शर्मा का बुधवार को दिल्ली के एक अस्पताल में कैंसर से निधन हो गया, वह 63 साल के थे. स्थानीय अधिकारियों और पार्टी सूत्रों के अनुसार, शिकारपुर क्षेत्र के सुरजावली गांव के मूल निवासी शर्मा का दिल्ली के एक अस्पताल में कैंसर का इलाज हो रहा था, जहां उन्होंने बुधवार को अंतिम सांस ली.

बीजेपी विधायक के निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी दुख जताया है. सीएम योगी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ पर संवेदना व्यक्त की. उन्होंने लिखा कि उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व राज्यमंत्री और जनपद बुलंदशहर के शिकारपुर विधानसभा क्षेत्र के माननीय विधायक अनिल शर्मा का निधन अत्यंत दु:खद है, विनम्र श्रद्धांजलि. सीएम योगी ने लिखा कि प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें. ॐ शांति.

वहीं अनिल शर्मा के निधन पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने गहरा शोक व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि बुलंदशहर के शिकारपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक एवं पूर्व राज्य मंत्री अनिल शर्मा के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है. उनका निधन बीजेपी परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है. उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की.

2002 में BSP के टिकट पर दर्ज की थी जीत

अनिल शर्मा पहली बार 2002 में खुर्जा विधानसभा क्षेत्र से बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के टिकट पर विधायक चुने गए थे. उन्होंने 2007 के विधानसभा चुनाव में फिर से बसपा के टिकट पर चुनाव लड़कर सीट बरकरार रखी.

2022 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी के टिकट पर जीते 

इसके बाद में वह बीजेपी में शामिल हो गए और 2017 के विधानसभा चुनाव में शिकारपुर निर्वाचन क्षेत्र से चुने गए. शर्मा ने बाद में उत्तर प्रदेश सरकार में वन और पर्यावरण राज्य मंत्री के रूप में कार्य किया. साल 2022 के विधानसभा चुनाव में वह बीजेपी के टिकट पर शिकारपुर से फिर से चुने गए.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *