गोरखपुर के पिपराइच थाना क्षेत्र में शनिवार (12 सितंबर 2026) सुबह दर्दनाक हादसे में स्कूल जा रहे 5 वर्षीय छात्र की मौत हो गई. नैयापार बुजुर्ग गांव में हिमांशु स्कूल बस में चढ़ रहा था, तभी बस के आगे बढ़ने से वह नीचे गिर गया और पिछले पहिए की चपेट में आ गया. हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया.
बताया गया कि हिमांशु रोज की तरह शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे स्कूल जाने के लिए बस का इंतजार कर रहा था. बस आने पर वह चढ़ने लगा, तभी बस कथित तौर पर अचानक आगे बढ़ गई. इससे वह नीचे गिर गया और पहिए की चपेट में आ गया. परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
यह भी पढ़ें- आकाश आनंद को चंद्रशेखर आजाद का खुला ऑफर, बोले- ‘मेरे छोटे भाई…’,
ग्रामीणों ने स्कूल बस को घेरा
हादसे की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे. बच्चे का शव देखकर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया. उन्होंने स्कूल बस और मौके पर मौजूद शिक्षिका को घेर लिया. ग्रामीणों ने स्कूल प्रबंधन और बस चालक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की.
अधिकारियों ने समझाकर कराया शांत
सूचना पर एसडीएम सदर और सीओ चौरीचौरा मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत की. परिवार ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के साथ आर्थिक सहायता और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग रखी. अधिकारियों के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ.
बस पुलिस के कब्जे में, केस दर्ज
सीओ चौरीचौरा कुंदन कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की. दुर्घटना में बच्चे की मौत की पुष्टि हुई है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और दुर्घटना कारित करने वाली बस को कब्जे में लिया गया है. परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़ें- कौन हैं अखिलेश यादव के लंबी मूंछों वाले चाचा? मंच पर सपा चीफ ने दिलवाया था ताव
