अयोध्या में बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) के राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद ने जनसभा को संबोधित करते हुए बीजेपी और समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा. आकाश आनंद ने बसपा चीफ मायावती को पांचवीं बार उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने की अपील करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता को चांद-तारे नहीं, बल्कि अच्छी शिक्षा, सुरक्षा और रोजगार चाहिए. आकाश आनंद ने दावा किया कि बीजेपी सरकार के करीब 10 साल के कार्यकाल में विकास के नाम पर केवल विज्ञापन किए गए हैं.
आकाश आनंद ने कहा, “बीजेपी विज्ञापन के मामले में नंबर वन है. हम लोग होर्डिंग पर नहीं रहते, हम गांवों में रहते हैं. बीजेपी ने सिर्फ यह बताने के लिए कि सब चंगा है, विज्ञापन पर सात हजार करोड़ रुपये खर्च कर दिए.” उन्होंने सवाल उठाया कि अयोध्या में हर साल दीपोत्सव के दौरान दीयों का नया रिकॉर्ड बनाया जाता है, लेकिन इनकी रोशनी कितने घरों तक पहुंचती है? उन्होंने कहा कि प्रदेश में हर साल दीयों के साथ बेरोजगारी का भी रिकॉर्ड टूट रहा है.
बीएसपी नेता ने शिक्षा और रोजगार के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रदेश में 13 लाख से ज्यादा सरकारी पद खाली पड़े हैं, लेकिन उन्हें भरा नहीं जा रहा है. पेपर लीक की घटनाएं हो रही हैं और युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 10 साल में एक भी नया स्कूल नहीं खोला गया, जबकि 25 हजार से ज्यादा स्कूल बंद कर दिए गए. शिक्षकों के करीब एक लाख 40 हजार पद खाली पड़े हैं. सरकार के पास भर्ती के लिए पैसे नहीं हैं, लेकिन विज्ञापन देने के लिए बजट है.
स्कूल और भर्तियां बंद हैं, जबकि शराब के ठेके खुल रहे हैं- आकाश आनंद
आकाश आनंद ने कहा कि पढ़ा-लिखा युवा सवाल पूछता है और अपने अधिकार मांगता है, लेकिन सरकार को ऐसे युवा नहीं चाहिए. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश में स्कूल और भर्तियां बंद हैं, जबकि शराब के ठेके खुल रहे हैं. उन्होंने सरकार से रोजगार देने और युवाओं की समस्याओं का समाधान करने की मांग की.
कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर भी आकाश आनंद ने बीजेपी सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि हत्या और महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामलों में उत्तर प्रदेश की स्थिति चिंताजनक है. सरकार खुद को एनकाउंटर वाली सरकार बताती है, लेकिन जब लोग थाने में एफआईआर दर्ज कराने जाते हैं तो पुलिस की कलम नहीं चलती. उन्होंने कहा कि प्रदेश की बहन-बेटियों को सुरक्षा और अदालत से न्याय चाहिए.
अयोध्या और आसपास की स्वास्थ्य सुविधाओं पर सवाल उठाते हुए उन्होंने बीकापुर से बीजेपी विधायक का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि विधायक पेशे से डॉक्टर हैं, लेकिन क्षेत्र के अस्पतालों की हालत किसी से छिपी नहीं है. उन्होंने झांसी के अस्पताल में बच्चों की मौत का मुद्दा भी उठाया.
मायावती को 5वीं बार मुख्यमंत्री बनाने के लिए हों एकजुट
आकाश आनंद ने कहा कि शिक्षा, सुरक्षा और रोजगार तीन ऐसे मुद्दे हैं, जिन पर बीजेपी सरकार विफल रही है. उन्होंने दावा किया कि इन तीनों मोर्चों पर सरकार का प्रदर्शन जीरो है. उन्होंने बीएसपी कार्यकर्ताओं और जनता से अपील की कि आगामी विधानसभा चुनाव में बहन मायावती को पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनाने के लिए एकजुट होकर काम करें. उन्होंने कहा कि इस बार प्रदेश में शासन, प्रशासन और अनुशासन वाली सरकार आने वाली है और बहनजी की वापसी होगी.
रामगोपाल यादव के बयान पर भी साधा निशाना
वहीं आकाश आनंद ने समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रोफेसर रामगोपाल यादव की आगरा दलित सम्मेलन में की गई एक टिप्पणी को लेकर कहा कि जिस शब्द का इस्तेमाल किया गया है, उसके लिए उन्हें पूरे दलित समाज से माफी मांगनी चाहिए. आकाश आनंद ने कहा कि किसी के दिल में समाज के लिए क्या जगह है, यह उसकी जुबान से सामने आ ही जाता है. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर माफी नहीं मांगी गई तो आगामी विधानसभा चुनाव में जनता वोट की ताकत से इसका जवाब देगी.
