राजस्थान की राजधानी जयपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में गर्मी अपना तेवर दिखा रही है. प्रदेश के कई जिलों में तापमान बढ़ने से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है. स्कूल जाने वाले बच्चों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ रहा है. भीषण गर्मी की वजह से जयपुर में गुरुवार (23 अप्रैल) से स्कूलों का समय बदल जाएगा. प्री प्राइमरी से आठवीं तक के स्कूल 12 बजे तक ही चलेंगे.
जयपुर के जिला कलेक्टर संदेश नायक ने यह आदेश जारी किया है, जो सरकारी और सभी प्राइवेट स्कूलों पर भी लागू होगा. जयपुर जिला कलेक्टर के आदेश में कहा गया है कि सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में क्लास 8 तक के बच्चों के स्कूल का समय सुबह 7.30 बजे से शुरू होकर दोपहर 12 बजे तक होगा.
राजस्थान: बायतु में स्कूल बस को ट्रक ने मारी टक्कर, 10 बच्चे घायल; 5 छात्र गंभीर
आदेश का पालन नहीं करने पर होगी कार्रवाई
जयपुर में भीषण गर्मी को देखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव का फैसला लिया गया है ताकि बच्चों के स्वास्थ्य पर इसका असर ना पड़े. स्कूलों के समय में बदलाव के लिए जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से प्रस्ताव दिया गया था, जिसे मंजूर कर लिया गया और इस संबंध में डीएम की ओर से आदेश जारी किया गया है. आदेश का पालन नहीं किए जाने पर आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी.
राजस्थान में कई जगहों पर पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार
मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार (22 अप्रैल) को राजस्थान में पारा चढ़ गया और कई जगहों पर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया. प्रदेश में अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. झुंझुनू के पिलानी में 42.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा.
तापमान में और होगा इजाफा- मौसम विभाग
चित्तौड़गढ़ में 42.6 डिग्री सेल्सियस, जबकि चूरू और कोटा में क्रमशः 42.4 और 42.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. राज्य की राजधानी जयपुर में भी भीषण गर्मी पड़ी और अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस रहा. विभाग ने तापमान में और इजाफे की भविष्यवाणी की है.
बीकानेर: गन्ने के जूस में जहर, तार से घोंटा गला, नाबालिग के साथ मिलकर पत्नी पति को दी खौफनाक मौत
