राजधानी जयपुर में VIP कल्चर को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं. मंगलवार दोपहर बारिश के दौरान जवाहरलाल नेहरू रोड स्थित मालवीय नगर सिटी बस स्टॉपेज का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में बारिश से बचने के लिए बस स्टॉप के शेड के नीचे खड़े लोगों को एक पुलिसकर्मी हटाता नजर आ रहा है.
दावा किया जा रहा है कि इसी दौरान वहां से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का VIP काफिला गुजरने वाला था. वीडियो में वीआईपी काफिला गुजरता हुआ साफ नजर भी आ रहा है. हालांकि, इसकी कोई आधिकारिक पुष्टी नहीं हुई है कि VIP काफिला सीएम का ही थी या किसी और का.
एक घंटे की बारिश में डूबा जयपुर! सड़कों पर 2 फीट तक भरा पानी
राजस्थान : जयपुर में VIP काफिला निकल रहा था। पूरे रास्ते में पुलिसकर्मी तैनात थे। बारिश से बचने के लिए यात्री शेड में खड़े लोगों को पुलिस ने बाहर भगा दिया। कितना शर्मनाक है ये… pic.twitter.com/qBlIGzbuup
— Sachin Gupta (@Sachingupta) July 28, 2026
क्या है मामला?
बताया जा रहा है कि मंगलवार दोपहर शहर के कुछ इलाकों में बारिश हो रही थी. ऐसे में मालवीय नगर सिटी बस स्टॉपेज पर लोग बारिश से बचने के लिए शेड के नीचे खड़े थे. इसी दौरान VIP काफिले के गुजरने से पहले पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और सड़क को क्लियर कराने की कवायद शुरू हुई. वायरल वीडियो में छाता लिए एक पुलिसकर्मी बस स्टॉप के शेड के नीचे बारिश से बचने के लिए खड़े लोगों को वहां से पीछे हटने के लिए कहता दिखाई दे रहा है.
आरोप है कि पुलिसकर्मी ने लोगों को धमकी भरे अंदाज में वहां से हटाया. पुलिस की सख्ती के आगे लोग भी बारिश में बाहर निकलने और पीछे हटने को मजबूर होते नजर आ रहे हैं. इसके कुछ ही देर बाद बारिश से भीगी सड़क पर VIP काफिला गुजरता दिखाई देता है.
सोशल मीडिया पर पुलिस के एक्शन की आलोचना
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर सवाल उठा रहे हैं. लोगों का कहना है कि VIP की सुरक्षा और रास्ता क्लियर कराने के नाम पर आम लोगों को बारिश में भीगने के लिए मजबूर करना कहां तक उचित है?
हालांकि, वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा काफिला मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का ही था या किसी अन्य VIP का, इसकी फिलहाल पुख्ता पुष्टि नहीं हुई है. सोशल मीडिया पर इसे मुख्यमंत्री के काफिले का बताया जा रहा है, लेकिन आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि होना बाकी है.
पहले भी VIP काफिले को लेकर हो चुका है विवाद
इससे पहले 19 जून को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के काफिले को लेकर भी विवाद सामने आया था. उस समय आरोप लगा था कि काफिले को रास्ता देने के दौरान पुलिसकर्मियों ने मोमोज बेचने वाली एक युवती पर खौलता हुआ पानी गिरा दिया था. उस घटना को लेकर भी सोशल मीडिया पर पुलिस की कार्यशैली और VIP मूवमेंट के दौरान आम लोगों के साथ होने वाले व्यवहार पर सवाल उठे थे.
अब मालवीय नगर के इस नए वीडियो ने एक बार फिर VIP कल्चर और आम लोगों के साथ पुलिस के व्यवहार को लेकर बहस छेड़ दी है. लोगों का सवाल है कि VIP सुरक्षा जरूरी है, लेकिन क्या इसके लिए बारिश में आम लोगों को उनके सुरक्षित ठिकाने से हटाना भी जरूरी है?
जयपुर: तीसरी बेटी के जन्म पर नाखुश था पिता, गला घोंटकर की नवजात की हत्या
