किसी बड़ी कंपनी की जिम्मेदारी संभालने के लिए सिर्फ तकनीकी ज्ञान ही काफी नहीं होता, बल्कि बाजार की समझ, कस्टमर्स की जरूरतों को पहचानने और बड़े स्तर पर कारोबार चलाने का अनुभव भी जरूरी होता है. कई बार अलग-अलग क्षेत्रों में काम करने का अनुभव रखने वाले प्रोफेशनल्स को बड़ी कंपनियों की कमान सौंपी जाती है. ऐसे ही एक नाम राकेश रंजन का है, जिन्होंने इंजीनियरिंग और मैनेजमेंट की पढ़ाई के बाद कंसल्टिंग, फूड डिलीवरी और ऑनलाइन एजुकेशन जैसे क्षेत्रों में काम किया है.
फूड डिलीवरी कंपनी जोमैटो के बिजनेस को विस्तार देने में अहम भूमिका निभाने वाले राकेश रंजन को उबर ने भारत और दक्षिण एशिया का प्रेसिडेंट नियुक्त किया है. उनकी यह नियुक्ति 4 जनवरी 2027 से प्रभावी होगी. इस नई जिम्मेदारी के साथ अब उनके सामने भारत समेत दक्षिण एशिया के बाजारों में उबर के कारोबार को आगे बढ़ाने की चुनौती होगी.
इंजीनियरिंग से शुरू हुआ करियर
राकेश रंजन ने दिल्ली के नेताजी सुभाष इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (NSIT) से इलेक्ट्रॉनिक्स में बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद उन्होंने इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस (ISB) से फाइनेंस और मार्केटिंग में पोस्ट ग्रेजुएट प्रोग्राम किया. साल 2010 में अपनी मैनेजमेंट की पढ़ाई पूरी करने के दौरान उन्हें मेरिट स्कॉलरशिप भी मिली थी. करियर की शुरुआत उन्होंने साल 2006 में Evalueserve में इन्वेस्टमेंट रिसर्च एनालिस्ट के रूप में की. यहां उन्होंने कम समय में मैनेजर की जिम्मेदारी हासिल कर ली. इसके बाद उन्होंने Diamond Management & Technology Consultants और PwC जैसी कंपनियों में काम किया. साल 2011 में CMS Info Systems से जुड़े और बिजनेस ग्रोथ तथा रणनीतिक योजनाओं पर काम किया. जनवरी 2014 में उन्होंने Boston Consulting Group (BCG) जॉइन किया, जहां कंसल्टेंट से प्रोजेक्ट लीडर तक का सफर तय किया.
यह भी पढ़ें: यूपी के 60 हजार शिक्षकों को 10 साल बाद प्रमोशन, जानें दायरे में कौन-से टीचर्स?
जोमैटो में आठ साल का अहम योगदान
राकेश रंजन के करियर में बड़ा बदलाव जून 2017 में आया, जब उन्होंने जोमैटो के साथ काम करना शुरू किया. शुरुआत में उन्हें Zomato Gold के ग्लोबल बिजनेस की जिम्मेदारी दी गई. इस दौरान उन्होंने प्रोग्राम की रणनीति, प्रोडक्ट डेवलपमेंट और बिजनेस से जुड़े कई अहम काम संभाले. इस सर्विस को भारत के अलावा दुबई, अबू धाबी और लिस्बन जैसे बाजारों में भी लॉन्च किया गया. इसके बाद नवंबर 2017 में उन्हें फूड डिलीवरी और सप्लाई से जुड़ी जिम्मेदारी मिली. उनके नेतृत्व में कंपनी ने अपने बिजनेस का विस्तार किया. जोमैटो की मौजूदगी सात शहरों से बढ़कर 1,000 से ज्यादा शहरों तक पहुंचाने में उनकी भूमिका रही. जून 2020 में वह फूड डिलीवरी बिजनेस के चीफ सेल्स ऑफिसर बने. सितंबर 2021 में उन्हें Hyperpure का CEO नियुक्त किया गया. इसके बाद मई 2023 में उन्होंने जोमैटो के फूड ऑर्डरिंग और डिलीवरी बिजनेस के CEO की जिम्मेदारी संभाली. जुलाई 2025 तक वह इस पद पर रहे.
एलन ऑनलाइन से अब उबर तक
जोमैटो छोड़ने के बाद सितंबर 2025 में राकेश रंजन ने एलन करियर इंस्टीट्यूट के डिजिटल प्लेटफॉर्म Allen Online के CEO का पद संभाला. यहां उनकी जिम्मेदारी ऑनलाइन शिक्षा के कारोबार और डिजिटल लर्निंग से जुड़े कामों को आगे बढ़ाने की थी. अब वह उबर में नई जिम्मेदारी संभालेंगे. कंपनी में वह एशिया पैसिफिक के रीजनल जनरल मैनेजर डॉम टेलर को रिपोर्ट करेंगे. यह नियुक्ति तीन महीने से ज्यादा समय तक चली तलाश के बाद हुई है.
यह भी पढ़ें: कौन हैं हरजोत कौर बम्हरा, जो संभालेंगी BPSC की कमान? जानें प्रशासनिक सफर
Education Loan Information:
Calculate Education Loan EMI
