न्यूजीलैंड में भारतीय खिलाड़ियों का सामना सिर्फ मेजबान टीम के गेंदबाजों से नहीं, बल्कि तेज हवाओं से भी होने वाला है. खासकर वेलिंगटन का बेसिन रिजर्व मैदान अपनी तेज हवाओं के लिए मशहूर है. यहां हवा की दिशा कभी भी बदल सकती है, जिससे खिलाड़ियों को परेशानी होती है. इस चुनौती से निपटने के लिए भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने ऐसी सलाह दी है, जिसे सुनकर आप भी हैरान हो सकते हैं. उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि तेज पंखे के सामने खड़े होकर हवा का सामना करने की तैयारी करें.
न्यूजीलैंड की राजधानी वेलिंगटन को तेज हवाओं के वजह से विंडी वेलिंगटन भी कहा जाता है. यहां का मौसम और हवा की रफ्तार मैदान पर खिलाड़ियों के प्रदर्शन को प्रभावित कर सकती है. सोमवार को वेलिंगटन में हवा की रफ्तार 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की खबर सामने आई थी. ऐसे में भारतीय टीम के लिए इन हालातों को समझना और उनके हिसाब से खुद को तैयार करना जरूरी होगा.
मोर्ने मोर्कल ने क्या कहा?
भारत के तीसरे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले से पहले मोर्ने मोर्कल ने वेलिंगटन की हालातों को लेकर बात की. उन्होंने बताया कि दौरे की शुरुआत से पहले ही खिलाड़ियों को वहां की तेज हवाओं के बारे में जानकारी दी गई थी. भारत में मौजूद कुछ खिलाड़ियों ने भी उनसे न्यूजीलैंड के हालात के बारे में पूछा था.
इस पर मोर्कल ने मजाकिया अंदाज में कहा कि खिलाड़ियों को एक मजबूत पंखा लगाना चाहिए और उसके सामने खड़े होकर तैयारी करनी चाहिए. उनका ये बयान वेलिंगटन की तेज हवाओं से जुड़ी चुनौती को दिखाता है.
कब खेला जाएगा पहला टेस्ट
भारत और न्यूजीलैंड के बीच मौजूदा टी20 और वनडे सीरीज के बाद 2 मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जानी है. पहला टेस्ट वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व मैदान पर नवंबर में है. इस मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों को न्यूजीलैंड की हालातों के अनुसार अपना खेल ढालना होगा. तेज हवाओं के बीच गेंदबाजी करना और बल्लेबाजी के दौरान संतुलन बनाए रखना टीम के लिए अहम रहेगा.
यह भी पढ़ें: गुजरात देगी शाहरुख को झटका! इन 3 खिलाड़ियों को रिलीज कर सकती है GT
