मोहब्बत की निशानी कहे जाने वाले आगरा के ताजमहल परिसर में उस समय हड़कंप मच गया जब दो पर्यटकों के गुटों के बीच जमकर लात-घूंसे चल गए. ताजमहल का प्रतिबंधित गार्डन अचानक दंगल का मैदान बन गया, जहां फोटो खींचने को लेकर शुरू हुई मामूली सी कहासुनी देखते ही देखते खूनी झड़प में बदल गई. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आते ही वायरल हो गया है, जिसने सुरक्षा व्यवस्था और पर्यटकों के व्यवहार पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
फोटो खिंचवाने की होड़ और शुरू हो गई ‘महाभारत’
वायरल हो रहे दावों के अनुसार, विवाद की शुरुआत ताजमहल के गार्डन में परफेक्ट फ्रेम में फोटो खींचने को लेकर हुई. दोनों पक्षों के युवक एक-दूसरे से आगे निकलकर तस्वीर खिंचवाना चाहते थे. देखते ही देखते बात गाली-गलौज से शुरू होकर मारपीट तक पहुंच गई. वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि आधा दर्जन से अधिक युवक एक-दूसरे का कॉलर पकड़कर लात-घूंसे और थप्पड़ बरसा रहे हैं.
ताजमहल में जमकर चले लात घूंसे https://t.co/2yJPFPXJ1I
— आजाद भारत का आजाद नागरिक (@AnathNagrik) October 12, 2026
साथ आई महिलाओं ने बीच-बचाव कर छुड़ाया
गार्डन में मचे इस बवाल के बीच साथ आई महिलाओं को बीच-बचाव के लिए आगे आना पड़ा. नीले कुर्ते में दिख रही एक महिला लड़ रहे युवकों को आपस में अलग करने और धक्का देकर पीछे हटाने की कोशिश करती नजर आ रही है. वहीं आसपास मौजूद पर्यटकों की भारी भीड़ तमाशा देखती रही और कुछ लोग इस पूरे वाकये को अपने कैमरों में कैद करने लगे. प्रतिबंधित क्षेत्र में सुरक्षाकर्मियों की गैरहाजिरी के बीच महिलाओं के हस्तक्षेप के बाद ही मामला थोड़ा शांत हो सका.
यह भी पढ़ें: पीठ पर मासूम और हाथों में जिम्मेदारी, मां के जज्बे ने जीता यूजर्स का दिल
सोशल मीडिया पर गुस्सा, लोग बोले- “ऐतिहासिक धरोहर को बना दिया अखाड़ा”
ताजमहल जैसे विश्वप्रसिद्ध स्मारक के अंदर हुई इस गुंडागर्दी का वीडियो सामने आते ही नेटिज़न्स का गुस्सा फूट पड़ा है. एक यूजर ने लिखा….”दुनिया भर से लोग ताजमहल देखने आते हैं और हमारे देश के लोग वहां अखाड़ा बनाए हुए हैं, बेहद शर्मनाक.” दूसरे यूजर ने कमेंट किया…”प्रतिबंधित गार्डन में यह सब हो रहा था और सीआईएसएफ के जवान कहाँ थे, ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए.” वहीं एक और यूजर ने चुटकी ली… “शाहजहां ने मोहब्बत के लिए ताजमहल बनाया था और ये लोग वहां दंगल लड़ रहे हैं.”
यह भी पढ़ें: स्कूटी के टकराते ही ट्रक के आगे लटक गई दीदी, जान बचाने का स्टाइल वायरल
