Headlines

‘दर्दनाक सच’, गांधी परिवार के वायरल Video पर कंगना रनौत का निशाना


भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की सांसद और एक्ट्रेस कंगना रनौत ने गांधी-नेहरू परिवार के इतिहास पर एक बार फिर निशाना साधा है. उन्होंने एक्स पर एक पुराना वीडियो शेयर करते हुए इंदिरा गांधी, मेनका गांधी और सोनिया गांधी के बीच के पारिवारिक रिश्तों को लेकर बड़ा दावा किया है. सोशल मीडिया पर राजीव गांधी के अमेठी से चुनाव जीतने के समय की एक पुरानी आर्काइव क्लिप वायरल हो रही है. यह क्लिप संजय गांधी के निधन के बाद हुए उपचुनाव की बताई जा रही है, जिसमें पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, सोनिया गांधी और संजय गांधी की युवा पत्नी मैनका गांधी एक साथ नजर आ रही हैं.

इस वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए कंगना रनौत ने लिखा, ‘क्लिप के अंत में जब हर कोई वहां से चला जाता है, तब भी मेनका गांधी एक चोट खाए हुए मासूम बच्चे की तरह इंदिरा गांधी की ओर देखती रहती हैं. वे एक छोटी सी मुस्कान या अपनी तरफ एक नजर की उम्मीद करती हैं, लेकिन उन्हें सिर्फ रूखापन ही मिलता है. धीरे-धीरे वे ऐसे गायब हो जाती हैं जैसे उनका कोई अस्तित्व ही न हो. यह देखना बेहद हृदयविदारक है.’

सोनिया गांधी पर तंज कसा

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी पर निशाना साधते हुए कंगना रनौत ने लिखा, ‘दूसरी तरफ, हर कोई एक ऐसी रहस्यमयी विदेशी नागरिक के इशारों पर नाचता दिख रहा है, जो विदेश के एक कैफे में बड़े बेटे राजीव गांधी से मिली थीं और फिर कभी अलग नहीं हुईं.’

बीजेपी सांसद कंगना ने आगे लिखा, ‘छोटे बेटे संजय गांधी को राजनीति के लिए तैयार किया जा रहा था, लेकिन उनकी रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत हो गई. इसके बाद उनकी पत्नी मेनका को बेतुके कारणों से घर से बाहर निकाल दिया गया. कुछ ही समय बाद सास (इंदिरा गांधी) और पति (राजीव गांधी) की भी एक-एक करके हत्या कर दी गई. अंत में, रहस्यमयी विदेशी सोनिया गांधी सरकार की मुखिया बन गईं. वाह… कितना सुविधाजनक रहा.’  



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *