ईशान किशन ने ईस्ट जोन की कप्तानी करते हुए 2026 दलीप ट्रॉफी फाइनल की पहली पारी में बड़ा स्कोर किया. उन्होंने 334 गेंदों में 30 चौके और 7 छक्कों की मदद से 270 रन बनाए. इसके साथ ईशान ने टूर्नामेंट में भारतीय बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल के सबसे बड़े स्कोर के रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया. जायसवाल ने 2022 में दलीप ट्रॉफी में खेलते हुए 265 रन स्कोर किए थे. हालांकि वह सहवाग के 274 का रिकॉर्ड तोड़ने से चूक गए.
अब ईशान दलीप ट्रॉफी में सबसे बड़ा निजी स्कोर बनाने वाले 8वें बल्लेबाज बन गए हैं. जायसवाल एक पायदान नीचे खिसककर 9वें पायदान पर पहुंच गए हैं. लिस्ट में दिवंगत भारतीय बल्लेबाज रमन लांबा 320 रन के स्कोर के साथ पहले पायदान पर मौजूद हैं. उन्होंने 1987 में यह कमाल किया था. लिस्ट में 300 रन का आंकड़ा छूने वाले दूसरे बल्लेबाज गगन खोडा हैं, जिन्होंने 2001 में नाबाद 300 रनों की पारी खेली थी. इसके अलावा अब तक कोई भी बल्लेबाज 300 रन का आंकड़ा नहीं छू पाया है.
दलीप ट्रॉफी में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले खिलाड़ी
320 रन – रमन लांबा (1987)
300* रन – गगन खोड़ा (2001)
292 रन – सुरेंद्र भावे (1994)
287 रन – अरुण लाल (1986)
278 रन – संजय मांजरेकर (1987)
275 रन – लालचंद राजपूत (1987)
274 रन – वीरेंद्र सहवाग (1999)
270 रन – ईशान किशन (2026)*
265 रन – यशस्वी जयसवाल (2022)
यह भी पढ़ें: शेफाली वर्मा से उलझना फातिमा सना को पड़ा भारी, ICC ने PAK कप्तान को दी सजा
ईस्ट जोन ने पहली पारी में बनाए 708 रन
मुकाबले में ईस्ट जोन ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया. टीम ने पहली पारी में 708 रन के बड़े टोटल पर ऑलआउट हुई. ईशान किशन की 270 रनों की पारी के अलावा नंबर छह पर बैटिंग करने वाले कुमार कुशाग्र ने शतक जड़ा. उन्होंने 132 गेंदों में 8 चौके और 5 छक्के लगाकर 101 रन बनाए. इसके अलावा नंबर तीन पर उतरे शिखर मोहन ने 85 रन और ओपनर अभिमन्यु ईश्वरन ने 72 रन बनाए. इस दौरान साउथ जोन के लिए त्रिपुरण विजय ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए. बाकी चामा वी मिलिंद और श्रेयस गोपाल ने 2-2 विकेट चटकाए. शेख रसीद को 1 विकेट मिला. स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को कोई विकेट नहीं मिला. उन्होंने 25 ओवर फेंके, जिसमें 5.60 की इकॉनमी से 140 रन लुटाए.
यह भी पढ़ें: ODI सीरीज के लिए दक्षिण अफ्रीका ने किया टीम का एलान, स्टार ऑलराउंडर की वापसी
