भाजपा के राज्यसभा सांसद और उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह का उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है. उनकी नियुक्ति पर पत्नी जयलक्ष्मी शर्मा ने खुशी जताई है. उन्होंने कहा कि दिनेश शर्मा ने अब तक अपनी सभी जिम्मेदारियों को पूरी मेहनत और ईमानदारी से निभाया है. उन्हें उम्मीद है कि नई जिम्मेदारी को भी वह इसी तरह पूरी मेहनत, जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ निभाएंगे.
परिवार ने साथ मिलकर मनाई खुशी
जयलक्ष्मी शर्मा ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा, “वो अपनी जिम्मेदारियों को हमेशा से बहुत अच्छे से निभाते रहे हैं और मुझे उम्मीद है कि वो उतनी ही मेहनत, जिम्मेदारी से, ईमानदारी से इस पद के लिए भी काम करेंगे. बहुत खुशी का माहौल है. पूरा परिवार रात में इकट्ठा हुआ और हम सबने खूब एन्जॉय किया.”
उन्होंने आगे कहा कि नई जिम्मेदारी के साथ कई चुनौतियां भी सामने हैं. उन्होंने कहा, “ये जिम्मेदारी और चुनौतियां हम दोनों के ही सामने हैं.”
#WATCH | Lucknow: On BJP MP Dr Dinesh Sharma being appointed as the Lieutenant Governor of the Andaman and Nicobar Islands, his wife Jayalakshmi Sharma says, “He has always fulfilled his responsibilities exceptionally well, and I am confident that he will work in this role with… pic.twitter.com/KJKlgqSha3
— ANI (@ANI) September 6, 2026
राष्ट्रपति भवन से जारी हुई नियुक्ति की अधिसूचना
शनिवार देर रात राष्ट्रपति भवन की ओर से दिनेश शर्मा की नियुक्ति की अधिसूचना जारी की गई. दिनेश शर्मा वर्ष 2023 में राज्यसभा सदस्य चुने गए थे. इससे पहले वह मार्च 2017 से वर्ष 2022 तक उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री रहे.
लखनऊ विश्वविद्यालय में रहे वाणिज्य के प्रोफेसर
दिनेश शर्मा लखनऊ विश्वविद्यालय में वाणिज्य के प्रोफेसर रह चुके हैं. उन्हें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से लंबे समय से जुड़े और मिलनसार राजनेता के रूप में जाना जाता है. वह दो बार लखनऊ के महापौर भी चुने गए.
पहली बार नवंबर 2006 में उन्होंने लखनऊ के महापौर का चुनाव जीता था. इसके बाद जुलाई 2012 में वह दोबारा इस पद पर चुने गए.
1988 से लखनऊ विश्वविद्यालय में पढ़ा रहे थे
दिनेश शर्मा ने वर्ष 1988 में लखनऊ विश्वविद्यालय में अध्यापन शुरू किया था. उनका अपना शिक्षण संस्थान भी है. उनका राजनीतिक सफर आरएसएस की छात्र शाखा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से शुरू हुआ था.
लखनऊ का महापौर बनने से पहले वह भाजपा की युवा शाखा भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं.
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी रहे
अगस्त 2014 में दिनेश शर्मा को भाजपा का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया था. इसके बाद उन्हें गुजरात का प्रभारी बनाया गया. वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा की जीत के बाद शुरू किए गए सदस्यता अभियान की जिम्मेदारी भी उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर दी गई थी.
दिनेश शर्मा को भाजपा के मौजूदा नेतृत्व के करीबी नेताओं में गिना जाता है. राज्यसभा सांसद और उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री के रूप में राजनीतिक और प्रशासनिक अनुभव के बाद अब उन्हें अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के उपराज्यपाल की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
यह भी पढ़िएः गोवा दौरे पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, BJP क्या कर रही प्लानिंग?
